*मंडी जिले की चौहार और बरोट घाटी में एचपी शिवा परियोजना के तहत वृक्षारोपण अभियान का आगाज़*

*मंडी, 28 फरवरी।* एचपी शिवा प्रोजेक्ट के तहत बागवानी विभाग द्वारा मंडी जिले के विकास खंड द्रंग की बरोट और चौहार घाटी के मयोट, मरखान और धरमेहड़ क्लस्टरों में 'एचपी शिवा दिवस' और पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। गत दिवस आयोजित इस कार्यक्रम में बागवानी विभाग मंडी के उप-निदेशक डॉ. संजय गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।

डॉ. संजय गुप्ता ने उपस्थित किसानों को 'परसिमन' (जापानी फल) की खेती और इसकी वैज्ञानिक तकनीक के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परसिमन न केवल एक पौष्टिक फल है, बल्कि भविष्य में यह किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने स्वयं बागवानों को परसिमन का पौधा लगाने की विधि का प्रदर्शन कर जागरूक किया और इसके दीर्घकालिक वित्तीय लाभों पर चर्चा की।

डॉ. संजय गुप्ता ने विभाग की टीम द्वारा कम समय में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने दो माह पूर्व विभाग को इन क्षेत्रों में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। उनके दृष्टिकोण और विभाग की सक्रियता के चलते आज इन क्लस्टरों के लगभग 20 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण अभियान शुरू हो चुका है, जिसके तहत कुल 12,500 पौधे रोपित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में मयोट, मरखान और धरमेहड़ क्लस्टर के लाभार्थियों ने सरकार और बागवानी विभाग का आभार व्यक्त किया। किसानों ने कहा कि उनकी जरूरतों को समझते हुए इस प्रतिष्ठित परियोजना को उनके क्षेत्र में लाने से बागवानों में नई उम्मीद जगी है और इससे आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी।

इस अवसर पर उद्यान विकास अधिकारी द्रंग डॉ. कविता, क्लस्टर प्रभारी पूजा लोहिया, अभय चौहान, फील्ड इंजीनियर गौरव ठाकुर और फैसिलिटेटर ओम प्रकाश भी मौजूद रहे।

==================================

2 मार्च को बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय चंबा में आयोजित होंगे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साक्षात्कार

चम्बा, 28 फरवरी -बाल विकास परियोजना अधिकारी कमल किशोर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बाल विकास परियोजना चम्बा के अंतर्गत 1 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं 12 सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने के लिए 24 फरवरी 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे जिसके लिए साक्षात्कार 27 फरवरी को निर्धारित किया गया था। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार प्रशासनिक कारण से रद किये गये थे। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के साक्षात्कार की तिथि अब 2 मार्च को 10 बजे कार्यालय बाल विकास परियोजना अधिकारी चंबा में निर्धारित की गई है।
उन्होंने विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रो में रिक्त पदों की जानकारी देते हुए बताया कि साक्षात्कार के दौरान ग्राम पंचायत सिंगी में 1 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का पद भरा जाएगा। इसी तरह चौंतडा वार्ड के आंगनवाड़ी केंद्र बनगोटू, ग्राम पंचायत भनौता के आंगनवाड़ी केंद्र हाडोठा, ग्राम पंचायत कियाणी के आंगनबाड़ी केंद्र झुलाडा व काहलो, ग्राम पंचायत भडोह आंगनबाड़ी केंद्र गत्यानु, और हरदासपुर वार्ड के आंगनबाड़ी केंद्र हरदासपुरा-1 में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों को भरा जाएगा। इसी तरह ग्राम पंचायत पुखारी के आंगनबाड़ी केंद्र भुमंणी, ग्राम पंचायत खजियार के आंगनबाड़ी केंद्र बेंसका, ग्राम पंचायत प्राहनवी के आंगनबाड़ी केंद्र हंडियाजू, ग्राम पंचायत पल्यूर के आंगनबाड़ी केंद्र कैहलाला , ग्राम पंचायत सरोल के आंगनबाड़ी घोलटी-2 तथा
ग्राम पंचायत पुखारी के आंगनबाड़ी केंद्र सोंथली में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पदों को भरा जाना है।