शाहपुर, 27 फरवरी-शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धनोटु-वाया बद बस्ती सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिस पर 2.72 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जा रही है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154 से जुड़ने वाली इस सड़क की लंबाई 3.64 किलोमीटर है। सड़क निर्माण पूर्ण होने पर अप्पर लदवाड़ा, बद बस्ती, धनोटु तथा अप्पर मुंदला के लगभग 1500 लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
यह जानकारी शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लदवाड़ा पंचायत के वार्ड नंबर तीन कुठेड़ में आयोजित जनसमस्या निवारण कार्यक्रम के दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए दी।
ग्रामीण स्तर पर आयोजित जनशिकायत निवारण कार्यक्रमों में अधिकारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि लदवाड़ा पंचायत में जायका परियोजना के तहत किसानों को निर्बाध सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 52 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं ।
उन्होंने स्थानीय निवासी शेर सिंह की मांगों पर त्वरित करवाई करते हुए वार्ड नंबर तीन में शमशान घाट के निर्माण, एक हैंडपंप लगाने तथा मंदिर प्रांगण में शेड निर्माण की घोषणा की। इसके अतिरिक्त लदवाड़ा में रैन शेल्टर निर्माण तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर डंगा लगाने का कार्य भी शीघ्र करवाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उन्होंने लदवाड़ा पंचायत के तीन महिला मंडलों को शाहपुर वेलफेयर सोसाइटी की ओर से 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट की।
उपमुख्य सचेतक ने अनसुई पंचायत के लेहड तथा लांझनी पंचायत के झिकड में भी लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का समुचित एवं संतुलित विकास उनका मुख्य लक्ष्य है और इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।
कुठेड़ में महिला कांग्रेस नेत्री सरिता सैनी ने उनका स्वागत करते हुए पंचायत में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर स्थानीय निवासी शेर सिंह ने क्षेत्र की विभिन्न मांगों को उनके सम्मुख रखा ।
इसके अतिरिक्त अजय चौधरी एवं डॉ अश्वनी कुमार ने भी अपने विचार रखे ।
इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन संदीप चौधरी, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीत दियोलिया, एचडीओ सुमित, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, मिलाप ठाकुर, पूर्व प्रधान मधुबाला, सुरेश पटाकू,पूर्व प्रधान अछरी देवी, वीर सिंह,विभिन्न पंचायतों के पूर्व प्रतिनिधियो सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।