बुजुर्गों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा का समन्वय ही समाज की वास्तविक शक्ति: कैप्टन रणजीत सिंह
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने आईटीआई सुजानपुर में आयोजित किया कार्यक्रम
हमीरपुर 27 फरवरी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सुजानपुर टीहरा में वृद्धजनों हेतु राष्ट्रीय कार्य योजना के तहत ‘इंटर जनरेशनल बॉंडिंग’ यानि अंतर-पीढ़ीगत संबंध विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यकम में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने मुख्य अतिथि को शॉल टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यकम में 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के समस्त प्रशिक्षुओं एवं स्टाफ ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ एवं युवा पीढी के मध्य संवाद, समझ एवं पारम्परिक सम्मान को बढ़ावा देना था। अपने सम्बोधन में मुख्य अतिथि कैप्टन रणजीत सिंह ने पीढ़ियों के बीच सामंजस्य की आवश्यकता पर बल देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वृद्धों का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा का समन्वय ही समाज की वास्तविक शक्ति है। अन्य अतिथियों ने भी युवाओं को वरिष्ठ नागरिकों से जीवन मूल्यों एवं अनुभवों को सीखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के मध्य संवाद, प्रश्नोत्तरी, मटका फोड़, म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों द्वारा समूह गान गाकर युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों बारे जागरूक किया गया। युवाओं ने लघु नाटिका और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यकम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य आतिश वर्मा और सोसाईटी फॉर एनवायरमेंटल एंड रूरल अवेकनिंग के प्रतिनिधि प्रदीप शर्मा ने इस विषय पर अपने विचार रखे।
जिला कल्याण अधिकारी वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को बड़े बुजुर्गों के अनुभवों से सीखने एवं उनके प्रति सम्मान व सेवाभाव बनाये रखने का अनुरोध भी किया।
=================================================
बैंकिंग योजनाओं की जानकारी, डिजिटल ठगी से बचाव के उपाय भी बताए
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की टिक्कर खातरियां शाखा ने नाबार्ड के सहयोग से आयोजित किया वित्तीय साक्षरता शिविर

हमीरपुर 27 फरवरी। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की टिक्कर खातरियां शाखा ने नाबार्ड के सहयोग से ग्राम पंचायत टिक्कर बुहला के गांव डुंगी में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया।
इस अवसर पर शाखा के प्रबंधक मोहिंद्र चौहान और अन्य अधिकारियों ने गांववासियों को विभिन्न बैकिंग प्रक्रियाओं, ऋण योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड, बीमा योजनाओं, पेंशन योजना और अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
मोहिंद्र चौहान ने बताया कि अपने उद्यम या कारोबार स्थापित करने के इच्छुक लोग बैंक से ऋण ले सकते हैं तथा सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत सब्सिडी भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसान बिना गारंटी के 2 लाख रुपये तक के ऋण आसानी से ले सकते हैं। योजना के अंतर्गत अब पांच लाख रुपये तक के ऋण पर सरकार अनुदान देती है।
कार्यक्रम के दौरान बैंक के अधिकारियों ने लोगों को डिजिटल बैंकिंग की जानकारी भी दी तथा डिजिटल ठगी से बचाव के उपाय बताए।
===========================================
मार्च में लगेंगे आयुष्मान आरोग्यशिविर, बीपी-शुगर जांच व चेस्ट एक्स-रे की मिलेगी सुविधा: सीएमओ
धर्मशाला, 27 फरवरी: जिला कांगड़ा में आम जनता को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मार्च-2026 के दौरान आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी विवेक करोल ने बताया कि इन शिविरों में रक्तचाप (बीपी), शुगर जांच के साथ-साथ अल्ट्रा-पोर्टेबल हैंड हेल्ड एआई चेस्ट एक्स-रे मशीन से जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यह शिविर इंटेंसिफाइड टीबीमुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा ने बताया कि सभी शिविर प्रातः 9 बजे से आरंभ होंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया 2 मार्च को नगरोटा बगवां ब्लाॅक के चड़ी में, 5 मार्च को नगरोटा सूरियां ब्लाॅक के धियाल में, 9 मार्च को ज्वालामुखी ब्लाॅक के धतेहर में, 10 मार्च को ज्वालामुखी ब्लाॅक के बोहन भट्टी में, 11 मार्च को शाहपुर ब्लाॅक के सद्दूं में, 12 मार्च को शाहपुर ब्लाॅक के डडम्भ खास में, 13 मार्च को नूरपुर ब्लाॅक के कोपरा में, 16 मार्च को टियारा ब्लाॅक के अनसोली में, 17 मार्च को महाकाल ब्लाॅक के कुंडल बूहली तथा कुंडल ऊपरली में, 18 मार्च को तियारा ब्लाॅक के घना में 19 मार्च को महाकाल ब्लाॅक के बैजनाथ में, 20 मार्च को नगरोटा सूरियां के हवाला में, 23 मार्च को गोपालपुर ब्लाॅक के उपरला तथा लोअर मैंझा में, 24 मार्च को गोपालपुर ब्लाॅक के डाढ़ निचला तथा डाढ़ उपरला में, 25 मार्च को नगरोटा बगवां ब्लाॅक के नरसिंग काॅलेज योल में, 27 मार्च को थुरल ब्लाॅक के रिट में, 28 मार्च को थुरल के सैदुं तथा बलभुरियां में, 29 मार्च को शाहपुर ब्लाॅक के सुखमय चैरिटेबल सेवा फांउडेशन रामनगर धर्मशाला में तथा 30 मार्च को भवारना ब्लाॅक के घनेटा में यह शिविर आयोजित किए जायेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि समय पर जांच से बीमारियों की शीघ्र पहचान संभव है, जिससे बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है।