सुरक्षित इंटरनेट तथा साइबर सुरक्षा के बारे में किया जागरूक
धर्मशाला, 10 फरवरी। सुरक्षित इंटरनेट तथा साइबर सुरक्षा के बारे में योल कैंट हाई स्कूल के विद्यार्थियों तथा उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला के कर्मचारियों के लिए वर्कशाप आयोजित की गई। सुरक्षित इंटरनेट दिवस प्रत्येक वर्ष फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य इंटरनेट के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाना है।
इस अवसर पर उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बतौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षित इंटरनेट आज के डिजिटल युग में व्यक्तिगत डेटा, वित्तीय जानकारी और निजता की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, साइबर ठगी से प्रत्येक नागरिक को जिम्मेदारी के साथ इंटरनेट सेवाओं का उपयोग करना चाहिए। साइबर सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड, मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, सॉफ्टवेयर अपडेट और संदेहास्पद लिंक्स से बचना महत्वपूर्ण है। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को इंटरनेट के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के बारे में जागरूक करना था।
अक्षय मेहता, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी)ने सुरक्षित इंटरनेट तथा साइबर सुरक्षा के महत्व पर विस्तृत प्रस्तुति दी। सरवजीत कुमार, एडीआईओ, सहित अन्य अधिकारियों ने भी इंटरनेट सुरक्षा से संबंधित अपने विचार साझा किए। प्रतिभागियों को ऑनलाइन उपयोग के विभिन्न करने योग्य और न करने योग्य पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई तथा उनके प्रश्नों का समाधान किया गया, जिससे एक सुरक्षित ऑनलाइन वातावरण को बढ़ावा मिल सके।
इस कार्यशाला में सहायक आयुक्त (उपायुक्त कार्यालय) तथा विभिन्न विभागों के अधिकारीध्कर्मचारी उपस्थित रहे। राजकीय उच्च विद्यालय योलकैंट में प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियोंने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यशाला का समापन इंटरनेट उपयोग एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित गहन चर्चा के साथ किया गया।