फोरलेन सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
बिलासपुर 10 फरवरी: जिला में फोरलेन सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आज बचत भवन में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला में फोरलेन सड़क निर्माण, मरम्मत एवं रख-रखाव से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजनाएं जिला के विकास एवं यातायात सुविधा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इनके निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए फोरलेन सड़क निर्माण से जुडी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि यातायात को सुरक्षित बनाए रखा जा सके।
बैठक में सड़क निर्माण के दौरान भूस्खलन प्रभावित स्थलों, सुरक्षा उपायों तथा वन भूमि से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरम्मत एवं रख-रखाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध पूर्ण किया जाए, ताकि आम जनता को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मण्डी-भराडी में शौचालय निर्माण, वर्षा शालिका तथा पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ निर्माण इत्यादि विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई तथा सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को इस दिशा में उचित कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने वन विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े सुरक्षा मामलों में त्वरित निर्णय लेकर आवश्यक अनुमतियां एवं सहयोग प्रदान किया जाए ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडे़।
बैठक में फोरलेन के किनारे बेसहारा पशुओं को आश्रय प्रदान करने के लिए निर्मित किए गए गौ सदनों की स्थिति तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, सहायक आयुक्त राज कुमार, जिला के सभी एसडीएम, एनएचएआई के परियोजना निदेशक सहित वन, राजस्व, बीबीएमबी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-000-
===========================================
17 फरवरी को घुमारवीं में 103 पदों के लिए आयोजित होगा लघु रोजगार मेला
प्रतिष्ठित 5 औद्योगिक इकाइयों में कुशल, अकुशल तथा आई.टी.आई. उम्मीदवारों का होगा चयन
बिलासपुर, 10 फरवरी: उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं में आगामी 17 फरवरी को लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस लघु रोजगार मेले में प्रतिष्ठित पांच औद्योगिक इकाइयों में लगभग 103 पदों के लिए कुशल, अर्धकुशल तथा आई.टी.आई. प्रशिक्षित उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
इस बारे जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी, बिलासपुर राजेश मेहता ने बताया कि लघु रोजगार मेले में सूरज फैब्रिक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड मैकेनिकल फिटर, इलेक्ट्रीशियन तथा फर्निस मेटलर के पदों के लिए ऐसे आई.टी.आई. पास अभ्यर्थियों का चयन करेगी जिनकी आयु 30 वर्ष या इससे अधिक है। इसी तरह इंस्टा सिक्योर बिजनेस सॉल्यूशंस प्रा.लि. सेल्स इग्जेक्यटिव और सर्वे इग्ज…
=========================================
एनआईसी जिला केंद्र बिलासपुर द्वारा “सेफर इंटरनेट डे-2026” पर कार्यशाला आयोजित
बिलासपुर, 10 फरवरी: नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) जिला केंद्र बिलासपुर द्वारा “सेफर इंटरनेट डे-2026” के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बिलासपुर में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन संयुक्त निदेशक (आईटी) एवं जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) एनआईसी बिलासपुर राकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कार्यशाला में राकेश कुमार ने इंटरनेट सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, साइबर स्वच्छता तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सुरक्षित और उत्तरदायी उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने एआई से जुड़े बढ़ते जोखिमों, विशेष रूप से डीपफेक वीडियो, ऑडियो और इमेज की पहचान के तरीकों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
उन्होंने भारत में हाल ही में सामने आए एआई खतरों, साइबर धोखाधड़ी, साइबर गिरफ्तारी और साइबर हमलों के वास्तविक उदाहरण प्रस्तुत किए। साइबर दुनिया में प्रचलित विभिन्न प्रकार के खतरों जैसे फिशिंग, विशिंग, स्मिशिंग, पहचान की चोरी, साइबर बुलिंग तथा बैंकिंग एवं ओटीपी धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से बताया और उनसे बचाव के उपाय सुझाए।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि केवल वैध ( HTTPS/SSL प्रमाणित) वेबसाइटों का ही उपयोग किया जाना चाहिए। साथ ही, फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दो-कारक प्रमाणीकरण अनिवार्य रूप से सक्रिय रखने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि सभी ऐप केवल आधिकारिक एंड्रॉइड-आईओएस ऐप स्टोर से ही डाउनलोड किए जाएं तथा कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल उपकरणों के ऑपरेटिंग सिस्टम और एंटी-वायरस सॉफ्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट रखा जाए।
कार्यशाला में साइबर खतरों को कम करने के उपायों के साथ-साथ डेटा उल्लंघन की स्थिति में रिपोर्टिंग के आवश्यक कदमों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर आईटीआई बिलासपुर के प्रधानाचार्य ओंकार सिंह, अनुदेशकगण, एनआईसी इंजीनियर विवेक गुप्ता, श्याम कौशल तथा लगभग 150 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
=========================================
अंतर-पीढ़ी संवाद एवं सुरक्षित वृद्धावस्था विषय पर स्वारघाट में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
बिलासपुर, 10 फरवरी: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा भारतीय रेडक्रास सोसायटी जिला शाखा बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में उप-मंडल श्री नैनादेवी जी के पीडब्ल्यूडी रेस्टहाउस स्वारघाट में अंतर-पीढ़ी संवाद कार्यक्रम एवं सुरक्षित वृद्धावस्था विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता उप-मंडलाधिकारी (नागरिक), श्री नैनादेवी जी धर्मपाल ने की। कार्यशाला का मंच संचालन भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर के सचिव अमित कुमार ने किया ।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों में बढ़ती आयु से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, डिजिटल साक्षरता को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं एवं बुजुर्गों के बीच संवाद को सशक्त बनाकर पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में तहसील कल्याण अधिकारी ने मुख्य अतिथि, गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
इस अवसर पर एसडीएम धर्मपाल ने अपने संबोधन में युवाओं से आह्वान किया कि वह अपने माता-पिता तथा दादा-दादी के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता बनाए रखें और उनके अनुभवों से सीख लें। उन्होंने कहा कि बड़ों का सम्मान भारतीय संस्कृति की आत्मा है। वरिष्ठ नागरिकों के प्रति विनम्र व्यवहार, उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनना, उनकी आवश्यकताओं को समझना तथा उनके अनुभवों को महत्व देना समाज को मजबूत बनाता है।
इस दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया गया, जिसमें बच्चों ने अपने दादा-दादी के साथ संबंधों पर उत्साहपूर्वक विचार साझा किए। साथ ही श्री नैना देवी जी उप-मंडल में रेड क्रॉस सोसायटी के वरिष्ठ नागरिक इकाई के गठन का प्रस्ताव भी रखा गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के संसाधन व्यक्तियों द्वारा महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। राम अवतार ठाकुर ने टेली-मेडिसिन, स्वास्थ्य एवं सामाजिक देखभाल पर मार्गदर्शन दिया। खंड विकास अधिकारी विनय कुमार ने मिशन लाइवलीहुड एवं आजीविका से संबंधित जानकारी साझा की। इसी दौरान सब-इंस्पेक्टर विशाल ठाकुर ने वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों एवं साइबर धोखाधड़ी से बचाव विषय पर जानकारी दी। जबकि यूको बैंक सेे अमित कुमार श्रीवास्तव ने वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग सेवाओं पर मार्गदर्शन किया तथा अंतर-पीढ़ी संवाद एवं वरिष्ठ नागरिकों तथा बच्चों के बीच संवाद सत्र का संचालन अधिवक्ता प्रकाश चंद बंसल ने किया।
इस कार्यशाला में वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा, कानूनी संरक्षण, डिजिटल सतर्कता, वित्तीय जागरूकता तथा आत्मनिर्भरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 67 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में लगभग 160 प्रतिभागियों, जिनमें वरिष्ठ नागरिक, विद्यार्थी एवं युवा स्वयंसेवक शामिल रहे, ने सहभागिता की।