*शिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में पहली बार आयोजित होगा मंडी साहित्य उत्सव- अपूर्व देवगन*

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के दौरान इस बार मंडी के साहित्य जगत से भी लोग रू-ब-रू हो सकेंगे।

*मंडी, 10 फरवरी।* अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के दौरान इस बार मंडी के साहित्य जगत से भी लोग रू-ब-रू हो सकेंगे। शिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में मंडी साहित्य उत्सव का आयोजन इस बार 14 फरवरी, 2026 को संकन गार्डन के ओपन थियेटर में किया जा रहा है। सदियों से मंडी के इतिहास के साक्षी रहे घंटाघर के ठीक नीचे साहित्य जगत के ख्यात रचनाकार एकसाथ जुटेंगे।
उपायुक्त एवं शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने कहा कि मंडी नगर सदियों से कला एवं संस्कृति का संवाहक रहा है। साहित्य के क्षेत्र में भी यहां के रचनाकारों ने उत्कृष्ट साहित्य सृजन कर देश-विदेश में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि इस बार एक महत्वकांक्षी पहल करते हुए मंडी साहित्य उत्सव का आयोजन शिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। इसमें मंडी के साहित्यकारों की उपलब्धियों एवं रचनाओं पर पांच पैनल डिस्कशन रखी गई हैं। इसके अलावा यहां की ललित कलाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
अपूर्व देवगन ने बताया कि 14 फरवरी को प्रातः 10 बजे से सायंकाल छह बजे तक पांच सत्रों में यह उत्सव आयोजित किया जाएगा। जाने-माने लेखक, इतिहासकार एवं पत्रकार राजा भसीन इसका विधिवत शुभारंभ करेंगे। उत्सव के दौरान प्रथम सत्र में रूपेश्वरी शर्मा, डॉ. रेखा वशिष्ठ, कृष्णचंद महादेविया, मुरारी शर्मा और पृथीपाल मंडयाली लोक साहित्य एवं समकालीन साहित्य पर चर्चा करेंगे। दूसरे सत्र में डॉ. राकेश शर्मा, बीरबल शर्मा, सीमा शर्मा और राजेश ललित कला और फोटोग्राफी विधा पर, तृतीय सत्र में पवन चौहान, रमेश रवि, कृष्णचंद महादेविया और सीमा शर्मा बाल कहानियां विधा में ‘किस्मों की विरासतः लोक कथा से बाल कथा तक’ विषय पर चर्चा करेंगे।
गज़ल संध्या से होगा समापन
उन्होंने बताया कि चौथे सत्र में डॉ. शिवम त्यागी, जीवन पठानिया, सुशांत व डॉ. अनिता ठाकुर युवा लेखन एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर तथा अंतिम सत्र में जगदीश कपूर, कुलदीप गुलेरिया, विनोद बहल, प्रकाश चंद धीमान और सत्य महेश शर्मा हिमाचल प्रदेश के लोक साहित्य एवं भाषा पर चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि इस साहित्य उत्सव का समापन सायं छह बजे गज़ल संध्या से होगा। इसमें रिषभ भारद्वाज और कुलदीप अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
उपायुक्त ने कहा कि इस साहित्य उत्सव में मंडी के लेखकों एवं साहित्यकारों को शामिल करने का प्रयास किया गया है। भविष्य में इसे और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि मंडी के साहित्य एवं कला जगत के बारे में जानने-समझने का यह एक सुअवसर है और इसमें अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाएं।
उपायुक्त ने इन सांस्कृतिक गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए आज संकन गार्डन में पहुंचकर विभिन्न तैयारियों का जायजा भी लिया।
=========================================
*शिवरात्रि के उपलक्ष्य में संकन गार्डन में होगा सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन- उपायुक्त*
*मंडी, 10 फरवरी।* अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के उपलक्ष्य में पांच सौ वर्ष प्राचीन मंडी नगर पूरी तरह से तैयार है। इस बार महोत्सव की विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों को और जीवंत बनाते हुए इनके आयोजन में कई सकारात्मक बदलाव किए गए हैं। मंडी की धड़कन संकन गार्डन में शास्त्रीय संगीत से लेकर नृत्य, भजन व साहित्य उत्सव जैसी गतिविधियां आयोजित कर लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास आयोजन समिति की ओर से किया गया है।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि भाषा, कला, संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाली सांस्कृतिक गतिविधियां इस बार संकन गार्डन में ऐतिहासिक घंटाघर के सामने होंगी। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी को सायं 6.00 बजे से इंदिरा मार्केट परिसर में स्थित ओपन थियेटर में शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें गायन, वादन और नृत्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को भजन संध्या का आयोजन संकन गार्डन में सायं छह बजे से किया जाएगा। इसके अलावा 12 व 13 फरवरी को संस्कृति सदन मंडी में प्रातः 11.00 बजे से नाटक मंचन किया जाएगा। इसमें नाट्य विधा से जुड़े कलाकारों को एक मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को संस्कृति सदन में कवि सम्मेलन व मंडयाली गीता पाठ प्रातः 11 बजे से आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कला-संस्कृति से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन इस बार शहर के बीचोंबीच संकन गार्डन में किया जा रहा है, ताकि लोगों की इसमें सहभागिता बढ़ाई जा सके। इसके लिए आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि शिवरात्रि महोत्सव एवं मंडी नगर के पांच सौवें वर्ष में प्रवेश के इन ऐतिहासिक पलों का आनंद लेने के लिए इन आयोजनों में अपनी सक्रिय सहभगिता जताएं। उन्होंने कहा कि इससे विविध कलाओं से जुड़े हमारे कलाकारों का उत्साहवर्द्धन भी होता है।
==================================
स्टेज कैरिज बस रूट व इलेक्ट्रिक वाहन योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 19 फरवरी तक बढ़ी

मंडी, 9 फरवरी। जिला मंडी में प्रकाशित स्टेज कैरिज बस रूटों के संचालन तथा राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रिक वाहन योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक आवेदक 19 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नवीन कुमार, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, मंडी ने बताया कि परिवहन विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा जिला मंडी के लिए प्रकाशित स्टेज कैरिज बस रूटों के संचालन हेतु पहले ऑनलाइन आवेदन 8 जनवरी 2026 तक आमंत्रित किए गए थे, जिसे अब बढ़ाकर 19 फरवरी 2026 कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि चयनित मार्गों की सूची तथा इन रूटों के आवंटन से संबंधित नियम एवं शर्तों का विस्तृत विवरण विभाग की वेबसाइट https://online.himachaltransport.hp.gov.in/publiclogin/ पर उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना के अंतर्गत डीजल और पेट्रोल टैक्सियों को इलेक्ट्रिक वाहनों में परिवर्तित करने के लिए आवेदन की अवधि भी 19 फरवरी 2026 तक बढ़ा दी गई है। इस योजना के तहत बस पर 30 प्रतिशत तथा इलेक्ट्रिक वाहन पर 40 प्रतिशत अनुदान प्रदान किए जाने का प्रावधान है।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने जिला मंडी के सभी इच्छुक वाहन संचालकों और आवेदकों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।
======================================
जिले में एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति के लिए रोस्टर जारी

मंडी, 10 फरवरी। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, मंडी द्वारा जिले में एलपीजी सिलेंडरों की सुचारू, नियमित एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गैस वितरण रोस्टर व रूट चार्ट जारी किया गया है। यह व्यवस्था जिले में कार्यरत गैस एजेंसियों एवं ग्रामीण वितरकों के माध्यम से लागू की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को पारदर्शी और व्यवस्थित सेवा मिल सके।

जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ब्रिजेन्द्र सिंह पठानिया ने बताया कि रोस्टर प्रणाली लागू होने से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता नियमित बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि जिले में गैस आपूर्ति पारदर्शी ढंग से हो और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि जिले की सभी गैस एजेंसियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार उपभोक्ताओं को समय पर सेवा प्रदान करने के निर्देश जारी किए गए हैं। आम जनता से अपील की गई है कि वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर रोस्टर की जानकारी प्राप्त करें तथा निर्धारित तिथियों के अनुसार समय पर एलपीजी सिलेंडर रिफिल करवाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति से जुड़ी गैस एजेंसियां एवं संपर्क नंबर

मैसर्ज राव गैस सर्विस, मंडी - 98162-22499
मैसर्ज टारना गैस सर्विस - 94180-25271
मैसर्ज शीतला गैस सर्विस, सुन्दरनगर - 98162-62499
मैसर्ज शहीद यशवंत इण्डेन गैस सर्विस, नेरचौक -94187-64470
मैसर्ज महामाया गैस सर्विस, लडभड़ोल - 94181-00733
मैसर्ज शहीद खेम सिंह गैस एजेंसी, कोटली - 94186-82902
हि०प्र० राज्य नागरिक आपूर्ति निगम गैस एजेंसी, जोगिन्द्रनगर - 01908-224524
हि०प्र० राज्य नागरिक आपूर्ति निगम गैस एजेंसी, सरकाघाट - 01905-230146
हि०प्र० राज्य नागरिक आपूर्ति निगम गैस एजेंसी, करसोग - 70184-98168
मैसर्ज शहीद श्रवण कुमार गैस एजेंसी, रिवालसर - 01905-240769
हि०प्र० राज्य नागरिक आपूर्ति निगम गैस एजेंसी, बलद्वाड़ा - 01905-258103
हि०प्र० राज्य नागरिक आपूर्ति निगम गैस एजेंसी, पथर - 01908-260170
मैसर्ज सांई दुर्गे गैस एजेंसी, कुम्मी - 01905-249608
मैसर्ज शहीद जगदीश कुमार इण्डेन, महादेव, सुन्दरनगर - 01907-263099
मैसर्ज माण्डव इंडेन सर्विस, मंडी - 01905-224299
मैसर्ज संतोष भारत गैस, नगवांई - 01905-287165
मैसर्ज कामाक्षा इंडेन सर्विस, सुन्दरनगर - 01907-262900
मैसर्ज चामुंडा इंडेन सर्विस, कोठुवां - 92189-69000
मैसर्ज सिराज वैली इण्डेन सर्विस, थुनाग - 82196-91002
मैसर्ज इंदिरा भारत गैस ग्रामीण वितरक, जंजैहली - 70180-54047
मैसर्ज कपूर गैस दुर्गम क्षेत्रीय वितरक, घरोट-बरोखड़ी - 70183-80139
मैसर्ज आयुष ग्रामीण वितरक, चौंतड़ा - 74186-00008
मैसर्ज सिद्धार्थ इण्डेन गैस एजेंसी, पांगणा - 98051-98016
मैसर्ज अविनाश गैस एजेंसी, छतरी - 85807-15611
मैसर्ज शारदा गैस एजेंसी, बंजार - 94186-11734
हि० प्र० राज्य नागरिक आपूर्ति निगम गैस एजेंसी, सुन्नी - 82195-85337
मैसर्ज सांई विजय गैस एजेंसी, बरमाणा - 70187-49966
मैसर्ज सनलाईट गैस एजेंसी, जलोग - 70188760868
=========================================

सुरक्षित इंटरनेट उपयोग पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

  • ऑनलाइन स्कैम और साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने के लिए किया जागरूक

मंडी, 10 फरवरी। सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर फ्रॉड के बारे में जागरूकता लाने और इस बारे में सतर्क रहते हुए साइबर सुरक्षा उपायों पर एक कार्यशाला का आयोजन आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में किया गया।

इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, चेतन सैनी ने सुरक्षित इंटरनेट उपयोग पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की और लोगों से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया। अजनबियों को ऑनलाइन जवाब न दें और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहें।

कार्यशाला के दौरान बताया गया कि साइबर फ्रॉड (ऑनलाइन धोखाधड़ी) होने पर सबसे पहले बिना समय गंवाए नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। यह हेल्पलाइन 24x7 चालू रहती है, जो आपकी शिकायत दर्ज कर फ्रॉड की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने में मदद करती है। इसके बाद, जल्द से जल्द https://cybercrime.gov.in/ पर अपनी शिकायत दर्ज करें।

फ्रॉड होने पर तुरंत उठाने वाले कदम

कार्यशाला में बताया गया कि वित्तीय धोखाधड़ी (पैसे की चोरी) होने पर तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत करें। अपने बैंक को कॉल करके अपना खाता, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या यूपीआई को तुरंत ब्लॉक करवाएं। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in/ पर अपनी शिकायत दर्ज करें। नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कराएं।

सबूत संभालें:

यह भी बताया गया कि धोखाधड़ी से जुड़े स्क्रीनशॉट, मैसेज, बैंक स्टेटमेंट, और कॉल रिकॉर्ड को सुरक्षित रखें। फ्रॉड के मामले में जितनी जल्दी (1-2 घंटे में) सूचना दी जाएगी, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी ही अधिक होगी। आपातकालीन स्थिति में या साइबर अपराधों के अलावा अन्य अपराधों की रिपोर्ट करने के लिए स्थानीय पुलिस से संपर्क करें। राष्ट्रीय पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।

इस एक दिवसीय कार्यशाला में निर्वाचन तहसीलदार राजेश शर्मा सहित उपायुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

==================================