मनीमाजरा, 10.02.26- : मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेसिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की सक्रियता और बिजली विभाग के त्वरित संज्ञान के बाद क्षेत्र में बिजली के बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है। ये जानकारी चेयरमैन सुभाष धीमान एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने दी।
उल्लेखनीय है कि बीती 3 फरवरी को एसोसिएशन के प्रधान श्याम सुंदर, वरिष्ठ उप प्रधान राजबीर सिंह भारतीय और चेयरमैन सुभाष धीमान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सीपीडीएल, मनीमाजरा के एसडीओ अमित ढींगरा से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने इंदिरा कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में बार-बार लगने वाले बिजली के कटों से हो रही भारी असुविधा की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया था।एसोसिएशन की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए एसडीओ अमित ढींगरा के निर्देशानुसार विभाग ने मनीमाजरा के सभी ट्रांसफार्मरों में पर्याप्त तेल डालने का काम शुरू किया गया है ताकि ओवरहीटिंग और बिजली कट की समस्या कम हो सके। इसके अलावा किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए सभी ट्रांसफार्मरों के चारों ओर लोहे की जाली (फेंसिंग) लगाई जा रही है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में खुले ट्रांसफार्मरों से करंट लगने का खतरा बढ़ जाता है। फेंसिंग होने से आवारा पशुओं और खासकर छोटे बच्चों के ट्रांसफार्मर के नजदीक जाने से होने वाली अप्रिय घटनाओं पर रोक लगेगी। एसोसिएशन ने जनहित में त्वरित कार्रवाई करने के लिए सीपीडीएल चंडीगढ़ के एक्सईएन बलबीर सिंह और एसडीओ अमित ढींगरा का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है।