चंडीगढ़,05.02.26- आज:लघु उद्योग भारती, चंडीगढ़ इकाई ने आज नगर निगम कार्यालय, चंडीगढ़ में नवनियुक्त मेयर, चंडीगढ़ के प्रथम नागरिक श्री सौरभ जोशी एवं सीनियर डिप्टी मेयर श्री जस्मनप्रीत सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष श्री अवी भसीन ने मेयर श्री सौरभ जोशी को संगठन की ओर से नोटबुक भेंट की, पुष्पगुच्छ अर्पित किया तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

यह प्रतिनिधिमंडल लघु उद्योग भारती के साथ-साथ विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मिलकर बना था, जिनमें प्रमुख रूप से इंडस्ट्रियल शेड वेलफेयर एसोसिएशन, चैंबर ऑफ चंडीगढ़ इंडस्ट्रीज, चंडीगढ़ फर्नीचर एसोसिएशन, ऑटोमोबाइल फेडरेशन, चंडीगढ़ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन तथा व्यापारी एकता मंच शामिल रहे।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने लघु उद्योग भारती को एक छत्र संगठन के रूप में प्रस्तुत करते हुए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) तथा व्यापारिक संगठनों की भूमिका पर प्रकाश डाला। रोजगार सृजन, आर्थिक विकास एवं चंडीगढ़ के समग्र विकास में उद्योग एवं व्यापार जगत के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया गया।

लघु उद्योग भारती एवं इसके साथ जुड़े सभी संगठनों ने छत्र संगठन के रूप में मेयर श्री सौरभ जोशी को उनके कार्यकाल में पूर्ण सहयोग एवं समर्थन देने का आश्वासन दिया, विशेषकर ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस, नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा उद्योग-अनुकूल नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए।