बिलासपुर, 29 नवम्बर: सरकार की मत्स्य पालन क्षेत्र में शुरू की गई विभिन्न योजनाएं स्वरोजगार को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इन योजनाओं के माध्यम से न केवल मत्स्य पालकों को आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी भी बनाया जा रहा है।
बिलासपुर जिला की सदर तहसील के ग्राम पंचायत बामटा के अप्पर निहाल निवासी इमरान और उनकी पत्नी आसमा ने प्रदेश मत्स्य विभाग के माध्यम से प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से जुड़कर मत्स्य क्षेत्र में नई संभावनाओं को साकार करने की दिशा अहम कदम बढ़ाया है। उनकी यह पहल स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ मत्स्य उत्पादन और उसके बेहतर प्रबंधन की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत इमरान को 50 मीट्रिक टन क्षमता के कोल्ड स्टोर के निर्माण के लिए जुलाई 2024 में स्वीकृति प्रदान की गई तथा इसे अप्रैल, 2026 में पूरा कर लिया गया है। इस परियोजना की कुल इकाई लागत 1.50 करोड़ रुपये निर्धारित है, जिसके मुकाबले सामान्य श्रेणी के लाभार्थी के लिए 40 प्रतिशत की दर से इमरान को 60 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है।
इस संबंध में इमरान ने बताया कि कोल्ड स्टोर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसमें मछलियों सहित अन्य जरूरतमंद उत्पादों को सुरक्षित रखने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मछली भंडारण के लिए दो अलग-अलग कमरे बनाए गए हैं, जिनका उपयोग मत्स्य ठेकेदारों एवं अन्य जरूरतमंद मछुआरों द्वारा किराये पर लेकर किया जा सकता है। मछली भंडारण के लिए बनाए गए कमरों में तापमान माइनस 25 डिग्री से माइनस 35 डिग्री सेल्सियस तक रखने की व्यवस्था है, जिससे मछली को सुरक्षित रखने में सुविधा मिलती है।
उन्होंने परियोजना के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा मत्स्य पालन विभाग के माध्यम से प्राप्त सब्सिडी से कोल्ड स्टोर स्थापित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिली है। उनका कहना है कि मत्स्य पालन क्षेत्र में कोल्ड स्टोर जैसी सुविधा मत्स्य उत्पादों के सुरक्षित भंडारण, उनकी गुणवत्ता बनाए रखने तथा बाजार तक पहुंचाने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में न केवल सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि इससे मत्स्य उत्पादों के प्रबंधन में सुधार और बर्बादी को कम करने की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं।
इसी तरह इमरान की पत्नी आसमा ने भी मत्स्य पालन के क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए योजना के तहत स्वरोजगार की दिशा में कदम आगे बढ़ाए हैं। आशमा को सात टैंकों वाली लघु बायोफ्लॉक इकाई स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। कुल 7.50 लाख रुपये की लागत वाली लघु बायोफ्लॉक इकाई स्थापित करने के लिए 60 प्रतिशत की दर से 4.50 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है। बायोफ्लॉक इकाई में चार मीटर व्यास और 1.5 मीटर ऊंचाई वाले सात टैंकों की स्थापना की गई है। बायोफ्लॉक तकनीक सीमित स्थान में वैज्ञानिक तरीके से मत्स्य पालन करने की आधुनिक पद्धति है, जिसमें पानी की गुणवत्ता और मछलियों के स्वास्थ्य का उचित प्रबंधन महत्वपूर्ण होता है। यह तकनीक उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ाने में अहम है।
बिलासपुर के इमरान और आसमा द्वारा शुरू की गई यह पहल मत्स्य पालन को एक व्यवस्थित आर्थिक गतिविधि के रूप में अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कोल्ड स्टोर के माध्यम से आधुनिक भंडारण सुविधा और बायोफ्लॉक तकनीक का समुचित संचालन भविष्य में उन्हें कार्य का विस्तार करने के अवसर प्रदान कर रहा है। सरकार की प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से ऐसी परियोजनाओं को प्रोत्साहन मिलना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और मत्स्य पालन क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में सार्थक पहल साबित हो रही है।
*क्या कहते हैं अधिकारी:
सहायक निदेशक मत्स्य बिलासपुर पंकज ठाकुर का कहना है कि इमरान को 1.50 करोड़ रूपये की लागत वाली कोल्ड स्टोरेज इकाई निर्माण के लिए सरकार ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत 40 प्रतिशत उपदान प्रदान कर लगभग 60 लाख रूपये की आर्थिक मदद की है। इसी तरह आसमा को 7.50 लाख रुपये की लागत वाली लघु बायोफ्लॉक इकाई निर्माण के लिए भी 4.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत सरकार सामान्य वर्ग के लोगों को 40 प्रतिशत जबकि महिलाओं को 60 प्रतिशत की दर से प्रति इकाई उपदान प्रदान कर रही है। जिला में निर्धारित दरों के तहत बायोफ्लॉक इकाई निर्माण के लिए सरकार की ओर से लाभान्वित पात्रों को आर्थिक मदद दी जा रही है।
उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना का कहना है कि विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं को पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों को लाभान्वित कर उनका आर्थिकी सशक्तीकरण किया जा सके।