*मंडी जिला प्रशासन शीतकालीन तैयारियों को लेकर अलर्ट मोड पर, बर्फबारी और शीतलहर से निपटने के लिए सभी विभागों को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश*

*उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ की बैठक, संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सेवाएं सुचारू रखने और जरूरतमंदों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*

मंडी, 28 नवंबर। मंडी जिला प्रशासन आगामी सर्दियों के मौसम में संभावित बर्फबारी, शीतलहर और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) अपूर्व देवगन ने सभी विभागों के जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर शीतकालीन तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक प्रबंध पूरे करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि सर्दियों के दौरान जिला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और शीतलहर की संभावना रहती है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, खाद्य सामग्री, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात की सुचारू व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रत्येक विभाग आपदा प्रबंधन के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करे और उसका संपर्क नंबर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ साझा करे, ताकि आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित किया जा सके। मौसम से संबंधित रेड और येलो अलर्ट की जानकारी डीडीएमए की औट, सुंदरनगर तथा मंडी में स्थित स्क्रीन पर भी साझा करें, ताकि पर्यटकों व आमजन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।

*बर्फबारी से पहले राशन और आवश्यक दवाइयों का भंडारण*

जिला के अधिक बर्फबारी की संभावना वाले क्षेत्रों में 84 उचित मूल्य की दुकानों को चिन्हित किया गया है तथा वहां पर्याप्त राशन का अग्रिम भंडारण किया गया है। उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को इन क्षेत्रों में जीवन रक्षक दवाइयों सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के अलर्ट के दौरान संबंधित क्षेत्र का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना अनुमति अपना कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेंगे।

*सड़कों, बिजली और पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान*

उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को बर्फबारी से प्रभावित होने वाले संवेदनशील सड़क मार्गों और स्थानों को पहले से चिन्हित करने तथा वहां आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी बारिश और बर्फबारी के कारण बंद होने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए। इसके साथ ही बिजली और पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग पहले से वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखें।

*शीतलहर के दौरान जरूरतमंदों और बेघर लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता*

उपायुक्त ने शीतलहर के दौरान विपरीत परिस्थितियों को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील आबादी की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों, सड़कों के किनारे, बस अड्डों और बाजारों में रह रहे घुमंतू एवं बेघर लोगों की पहचान और मैपिंग करने को कहा, ताकि उन्हें समय रहते राहत उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने जिला के सभी रैन बसेरों का तत्काल निरीक्षण कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए।

*पराशर, बरोट, शिकारी देवी और कमरूनाग में पर्यटकों की आवाजाही पर नजर*

उपायुक्त ने पुलिस, पर्यटन और वन विभाग को निर्देश दिए कि सर्दियों के दौरान पराशर, बरोट, शिकारी देवी और कमरूनाग जैसे पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले पर्यटकों एवं ट्रैकरों की आवाजाही पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम की स्थिति में किसी भी व्यक्ति को ट्रैकिंग की अनुमति न दी जाए।

*आपदा की सूचना तुरंत प्रशासन को दें*

उपायुक्त ने सभी उपमंडलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में आपदा संबंधी सूचनाएं तत्काल जिला प्रशासन तक पहुंचाने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि किसी भी प्रकार की आपदा या आपात स्थिति में तुरंत जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 01905-226201, 202, 203, 204 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दें। जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र चौबीसों घंटे क्रियाशील रहता है।

बैठक की कार्यवाही का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने किया। बैठक में जिला के सभी उपमंडलाधिकारी (ना.) तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

--00--