चंडीगढ़, 28 नवंबर - जाट सभा चंडीगढ़ द्वारा सेक्टर-27ए स्थित जाट भवन में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ हरियाणा के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं जाट सभा चंडीगढ़ के प्रधान डॉ. एम.एस. मलिक, आईपीएस (सेवानिवृत्त) ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को पेंटिंग सामग्री वितरित कर किया। इस प्रतियोगिता में चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के विभिन्न स्कूलों के 300 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

डॉ. एम.एस. मलिक ने बताया कि विद्यार्थियों में कला एवं चित्रकला के प्रति रचनात्मक भावना जागृत करने तथा उनकी अंतर्निहित प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष किसानों और वंचित वर्गों के मसीहा दीनबंधु सर छोटू राम की जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित की जाती है। हालांकि इस वर्ष 24 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण यह प्रतियोगिता 26 नवंबर 2026 को आयोजित की गई।

प्रतिभा खोज के दायरे को व्यापक बनाने और योग्य बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिता को विद्यार्थियों की कक्षा के अनुसार तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया, जिनमें श्रेणी-ए में कक्षा तीसरी से पांचवीं, श्रेणी-बी में कक्षा छठी से आठवीं तथा श्रेणी-सी में कक्षा नौवीं से बारहवीं के विद्यार्थी शामिल किए गए।

उन्होंने बताया कि सभी श्रेणियों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता के विषय "स्वच्छ गांव, सशक्त राष्ट्र", "स्वस्थ शरीर-स्वस्थ मन", "सभी के लिए शिक्षा" तथा "पेड़ लगाएं-पर्यावरण बचाएं" निर्धारित किए गए थे।

डॉ मलिक़ ने आगे बताया कि आर्ट्स कॉलेज सेक्टर-10 चंडीगढ़ और जोएलार्ट आर्ट अकादमी सेक्टर-14 पंचकूला के विशेषज्ञों की निर्णायक समिति ने प्रतियोगिता के उपरांत सभी पोस्टरों का सूक्ष्म निरीक्षण कर परिणाम घोषित किए। विजेता विद्यार्थियों को 11 फरवरी 2027 को जाट भवन चंडीगढ़ में बसंत पंचमी एवं सर छोटू राम जयंती समारोह की पूर्व संध्या पर सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्रमशः 2100 रुपये, 1500 रुपये और 1100 रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि प्रत्येक प्रतिभागी स्कूल को 500-500 रुपये के दो सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।

निर्णायक मंडल द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार श्रेणी-ए (कक्षा तीसरी से पांचवीं) में हंसराज पब्लिक स्कूल सेक्टर-6 पंचकूला की पांचवीं कक्षा की छात्रा आरना शर्मा ने प्रथम, भवन विद्यालय सेक्टर-15 पंचकूला की पांचवीं कक्षा की जासवी ने द्वितीय तथा मोती राम आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-27 चंडीगढ़ की पांचवीं-ए कक्षा की अनन्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। श्रेणी-बी (कक्षा छठी से आठवीं) में गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-28डी चंडीगढ़ की आठवीं-ए की राधिका प्रथम, गवर्नमेंट मॉडल मिडिल स्कूल पॉकेट-10 मनीमाजरा की आठवीं-बी की हिमानी मेहता द्वितीय तथा गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल सेक्टर-36डी चंडीगढ़ की मंजू तृतीय स्थान पर रहीं।

इसी प्रकार श्रेणी-सी (कक्षा नौवीं से बारहवीं) में मोती राम आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-27 चंडीगढ़ की दसवीं कक्षा की आस्था ने प्रथम, गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल सेक्टर-25 चंडीगढ़ की नौवीं-सी की मीनाक्षी कुमारी ने द्वितीय तथा मोती राम आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-27 चंडीगढ़ की बारहवीं कक्षा की पलक शुक्ला ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इसके अतिरिक्त हंसराज पब्लिक स्कूल सेक्टर-6 पंचकूला की पांचवीं कक्षा की अतेर्या गोयल, एम.आर.ए. सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-27 चंडीगढ़ के पांचवीं कक्षा के आरव सिंह रावत, शिशु निकेतन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-22 चंडीगढ़ के पांचवीं कक्षा के पवित सिंह, गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल सेक्टर-31सी चंडीगढ़ की सातवीं कक्षा की खुशबू, ज्ञानदीप मॉडल स्कूल सेक्टर-18 पंचकूला की छठी कक्षा की निशु तथा नौवीं कक्षा की रितिका पाल, गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-29ए चंडीगढ़ के दसवीं कक्षा के निखिल और गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल सेक्टर-25 चंडीगढ़ की नौवीं-डी की अनामिका को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।

इस अवसर पर जाट सभा चंडीगढ़ के वित्त सचिव रामफल नैन, जनसंपर्क सचिव जे.एस. ढिल्लों, लक्ष्मण सिंह फोगाट, अतर सिंह पंवार, विमल जून तथा सभा के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।