प्रेस क्लब झंडूत्ता के प्रथम रक्तदान शिविर में 27 लोगों ने किया रक्तदान
उपायुक्त किरण भड़ाना ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
बरठी, 27 नवंबर: प्रेस क्लब झंडूत्ता के सौजन्य से शुक्रवार को श्री साईं मंदिर बरठी में प्रथम रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रेस क्लब के प्रधान बाबू राम भारद्वाज के नेतृत्व में आयोजित शिविर में उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। शिविर में क्षेत्र के 27 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा के लिए अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त किरण भड़ाना ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे पुनीत कार्य है। रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकती है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित अंतराल पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
प्रेस क्लब झंडूत्ता के प्रधान बाबू राम भारद्वाज ने कहा कि क्लब द्वारा आयोजित यह पहला रक्तदान शिविर है। पत्रकारिता के दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी निभाना भी प्रेस क्लब की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित और समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
शिविर के सफल आयोजन में प्रेस क्लब के सचिव ठाकुर दास शर्मा सहित क्लब के सभी सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. वैभव वशिष्ठ और उनकी टीम ने रक्त संग्रहण एवं अन्य व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
इस अवसर पर एसडीएम अर्शिया शर्मा, तहसीलदार विपन शर्मा, ड्रग्स इंस्पेक्टर दिनेश गौतम, बीडीओ संजीव पुरी, कानूनगो बबलू, बरठी पंचायत प्रधान उमा शर्मा, उपप्रधान राकेश मेहता, मौहीं पंचायत प्रधान सुमन कुमारी, उपप्रधान कुलवंत डटवालिया, बड़गांव पंचायत प्रधान मंगल ठाकुर, पूर्व प्रधानाचार्य सोहन लाल सहगल तथा बरठी स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश शर्मा उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त प्रेस क्लब झंडूत्ता के सचिव ठाकुर दास शर्मा, सदस्य हिमल भारद्वाज, तरसेम राणा, कमल शर्मा, राजेंद्र गौतम, जितेंद्र गौतम, देशराज रनौत और कश्मीर मन्हास, किसान जवान पार्टी के अध्यक्ष सूबेदार मेजर कुलवंत सिंह पटयाल तथा सूबेदार राज कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रेस क्लब झंडूत्ता ने रक्तदाताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, पंचायत प्रतिनिधियों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सामाजिक सेवा के ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
=========================================
बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : किरण भड़ाना
जिला बाल संरक्षण संवाद में बालिकाओं के अधिकारों एवं सशक्तिकरण पर हुआ मंथन, मानव श्रृंखला बनाकर दिया जागरूकता का संदेश
बिलासपुर, 27 नवंबर: बाल विवाह एवं जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम और बालिकाओं के अधिकारों के संरक्षण के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल), बिलासपुर में जिला बाल संरक्षण संवाद का आयोजन किया गया। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोगी संगठन मातृसुधा ने जिला प्रशासन बिलासपुर, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया। उपायुक्त किरण भड़ाना ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
‘बालिका सशक्तिकरण की ओर एक कदम : बाल्यावस्था एवं जबरन विवाह की रोकथाम’ विषय पर आयोजित संवाद में उपायुक्त ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए कानून और प्रशासनिक कार्रवाई के साथ सामाजिक जागरूकता तथा जनभागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विभिन्न विभागों, पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के समन्वय से बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला बाल संरक्षण संवाद और 100 दिवसीय अभियान बाल अधिकारों के संरक्षण तथा समुदाय की भागीदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
मातृसुधा के सचिव अरविंद सिंह ने कहा कि बिलासपुर में एक एकीकृत जिला मॉडल विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे प्रदेश के अन्य जिलों और देश के दूसरे हिस्सों में भी अपनाया जा सके। इसका उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम के साथ प्रत्येक बच्चे के लिए सुरक्षित और गरिमापूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए मानव श्रृंखला बनाई गई। इसमें बालिकाओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने भाग लेकर बाल विवाह के विरुद्ध एकजुटता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा नरेश चंदेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नरेंद्र कुमार, मातृसुधा के निदेशक अरविंद सिंह, एसबीआई प्रतिनिधि शिखा कौशल, बाल विवाह निषेध अधिकारी सत्या देवी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी सत्या चंदेल, बामटा एवं सिहड़ा पंचायतों के प्रधान, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव अमित कुमार, विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा शर्मा तथा उपप्रधानाचार्य राजेश भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 100 बालिकाओं सहित लक्ष्मी नारायण मंदिर के प्रतिनिधियों तथा मातृसुधा के सदस्यों ने भी भाग लिया।