चण्डीगढ़, 28.11.26- : महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल, एमडीएवी भवन, दरिया का 25वां वार्षिक समारोह एवं सिल्वर जुबली उत्सव उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय के श्रीमती सिकंदरा देवी मल्टीमीडिया हॉल में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।

समारोह में शिकागो, अमेरिका से पधारे एनआरआई सुदर्शन गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि महादेव स्वीट्स के अमित गर्ग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सुदर्शन गर्ग ने विद्यालय की 25 वर्षों की शैक्षणिक एवं संस्कारमय यात्रा की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्षीय संबोधन में अमित गर्ग ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं शानदार प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, नाट्य प्रस्तुतियों एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, देशभक्ति और सामाजिक संदेशों को मंच पर जीवंत किया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों, शानदार मंच संचालन, सामूहिक तालमेल एवं उत्साहपूर्ण प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रत्येक प्रस्तुति में विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन की झलक दिखाई दी। सिल्वर जुबली समारोह विद्यालय की 25 वर्षों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं संस्कारमय यात्रा का उत्सव रहा। इस अवसर पर विद्यालय की उपलब्धियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षा के साथ संस्कारों को महत्व देने की परंपरा को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार, संस्कारवान और आत्मविश्वासी नागरिक बनाना रहा है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय की 25 वर्षों की यात्रा सभी के सहयोग, विश्वास, समर्पण और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए शिक्षकों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों को बधाई दी।