बिलासपुर, 21 नवम्बर: विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर आज कार्यालय मत्स्य अधिकारी जकातखाना में जिला स्तरीय मत्स्य मछुआरा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं बिलासपुर भास्कर कालिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस कार्यक्रम में जिला के लगभग 100 से अधिक मछुआरों एवं मत्स्य सहकारी सभाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस बारे में जानकारी देते हुए सहायक निदेशक मत्स्य पंकज ठाकुर ने बताया कि निदेशक-एवं-प्रारक्षी मत्स्य ओमकांत ठाकुर ने "डिजिटल आउटरीच इनिशिएटिव: नॉलेज बैंक सीरीज ऑन फिश फार्मिंग" का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य मत्स्य पालकों तक तकनीकी एवं वैज्ञानिक जानकारी को डिजिटल माध्यम से पहुंचाना, आधुनिक वैज्ञानिक मत्स्य पालन पद्धतियों को बढ़ावा देना तथा डिजिटल शिक्षण के माध्यम से मत्स्य पालकों के कौशल विकास को सुदृढ़ करना है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष मत्स्य दिवस की थीम "एम्पावरिंग पीपल फॉर चेंज: एडवांसिंग डिसेंट वर्क इन फिशरीज एंड एक्वाकल्चर, पर्टिकुलरली फॉर यूथ एंड वुमन" रही। इस अवसर पर मत्स्य क्षेत्र में युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, रोजगार के अवसर सृजित करने तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक मत्स्य पालन पद्धतियों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया गया।
इस दौरान प्रतिभागियों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा मत्स्य क्षेत्र के विकास के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, प्रदेश सरकार की अनुदान योजनाओं, बीमा योजनाओं तथा मत्स्य पालकों को उपलब्ध ऋण सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।
इसी बीच मछुआरों द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में पेश आ रही विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों को भी प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान मत्स्य क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मछुआरों एवं मत्स्य सहकारी सभाओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वित्त वर्ष 2025-26 में सर्वाधिक मछली पकड़ने के लिए व्यक्तिगत मछुआरा श्रेणी में संजय कुमार को "उत्कृष्टता पुरस्कार" से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार, सर्वाधिक मछली उत्पादन के लिए मत्स्य सहकारी सभा श्रेणी में मत्स्य सहकारी सभा बैरियांवाला को "उत्कृष्टता पुरस्कार" प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त, मत्स्य विभाग द्वारा आयोजित माह भर चले "जल निकायों की स्वच्छता अभियान" में उत्कृष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं को नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अभियान में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर गोबिंद सागर एडवेंचर एंड वाटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन, बिलासपुर को विजेता घोषित किया गया, जबकि क्लीन आवर सिटी फाउंडेशन, बिलासपुर को उप विजेता घोषित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल निकायों की स्वच्छता एवं संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जन भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में मत्स्य अधिकारी (संरक्षण) अजय कुमार, मत्स्य अधिकारी बिलासपुर बलजीत सिंह, मत्स्य अधिकारी जकातखाना सुरम सिंह, कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) सुशील कुमार तथा कंप्यूटर ऑपरेटर दीक्षांत शर्मा सहित मत्स्य विभाग के अन्य कर्मचारी, मत्स्य संघ के अध्यक्ष विजय पाल, उपाध्यक्ष मुनीर अख्तर तथा विभिन्न मत्स्य सहकारी सभाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।