हिसार, 21.11.26-- व्यापारी प्रतिनिधियों की मीटिंग हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुई। इस मीटिंग में जीएसटी विभाग के अधिकारियों द्वारा व्यापारी व उद्योगपतियों को नाजायज तंग करके पैसे खाने पर भारी नाराजगी जताई। व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचकूला में एक व्यापारी से 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में जीएसटी विभाग का एक अधिकारी रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार अधिकारी ने व्यापारी से 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिसमें से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। जीएसटी विभाग के अधिकारी देश व प्रदेश में जगह-जगह खुलेआम व्यापारियों को नाजायज तंग करके पैसे ऐठ रहे हैं और जीएसटी विभाग के अधिकारी व्यापारी व उद्योगपतियों को चेकिंग का डर दिखा कर खुले आम पैसे ले रहे हैं। जीएसटी विभाग में रिश्वत लेने के मामले सामने आना बेहद चिंताजनक है। व्यापारियों को पहले ही जीएसटी की जटिल प्रक्रियाओं, बार-बार आने वाले नोटिसों और सरकारी नियमों के बोझ का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में यदि विभाग के अधिकारी ही व्यापारियों से लाखों रुपये की रिश्वत मांगने लगें तो व्यापारी अपना कारोबार कैसे करेगा।
बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार को जीएसटी विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए। जो अधिकारी अपनी सरकारी जिम्मेदारी का दुरुपयोग करके व्यापारियों को परेशान करते हैं और रिश्वत की मांग करते हैं, उनके खिलाफ सरकार को कठोर से कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।बजरंग गर्ग ने कहा कि देश का व्यापारी ईमानदारी से सरकार को करोड़ों रुपये का टैक्स देता है और लाखों लोगों को बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध करवाता है। इसके बावजूद व्यापारियों को सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिसमें कोई भी अधिकारी व्यापारी को नाजायज परेशान ना कर सके।
श्री गर्ग ने सरकार से मांग कि है कि जीएसटी विभाग में भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाए और रिश्वतखोरी में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।