चंडीगढ़, 12 नवंबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा के सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों के हजारों पद खाली होने पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि बीजेपी सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को जानबूझकर बदहाल कर रही है। जहां बीजेपी सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार देने झूठे दावे करती है, वहीं कॉलेजों में स्थायी शिक्षकों की भर्ती करने की बजाय कॉन्ट्रैक्ट पर काम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 97 सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में शिक्षकों और गैर शिक्षकों के कुल स्वीकृत पदों में से 50 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि 97 कॉलेजों में से 56 में प्रिंसिपल तक नियुक्त नहीं हैं। ये आंकड़े भाजपा सरकार के शिक्षा संबंधी दावों की पोल खोलने के लिए काफी हैं। जब कॉलेजों में आधे से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली होंगे और प्रिंसिपल तक नहीं होंगे तो विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक गुणवत्ता कैसे बेहतर होगी?। सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। स्थायी भर्ती करने की बजाय कॉन्ट्रैक्ट व्यवस्था को बढ़ावा देना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार शिक्षा को अपनी प्राथमिकता मानती ही नहीं। उन्होंने मांग की कि सरकार सभी खाली पदों को तत्काल नियमित भर्ती के माध्यम से भरे, प्रत्येक कॉलेज में प्रिंसिपल की नियुक्ति करे और कॉन्ट्रैक्ट व्यवस्था के सहारे शिक्षा का ढांचा चलाने की नीति बंद करे। चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को खोखले नारों की नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्थायी शिक्षकों और मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था की जरूरत है।