हमीरपुर, 12 अक्टूबर 2026:नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय (एनएससीबीएम), हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के तत्वावधान में आयोजित होने वाला पांच दिवसीय अंतर-महाविद्यालय युवा उत्सव ग्रुप-II (संगीत) मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होगा। 13 से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस सांस्कृतिक महाकुंभ में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रतिष्ठित युवा उत्सव में हिमाचल प्रदेश के लगभग 40 महाविद्यालयों के करीब 500 विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के लिए संगीत की विभिन्न विधाओं में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शास्त्रीय गायन (एकल), शास्त्रीय वाद्य संगीत (एकल-गैर ताल वाद्य), शास्त्रीय वाद्य संगीत (एकल-ताल वाद्य), हल्का भारतीय गायन, पाश्चात्य गायन एकल, भारतीय समूह गीत, लोक ऑर्केस्ट्रा, लोक गीत, पाश्चात्य समूह गीत तथा पाश्चात्य वाद्य संगीत एकल प्रमुख हैं।
युवा उत्सव का उद्घाटन समारोह 13 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को प्रातः 10:00 बजे आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एर. सुनील शर्मा ‘बिट्टू’, राजनीतिक सलाहकार माननीय मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश होंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह ने कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक चेतना का विकास करता है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा प्रतिभागी विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
आयोजन सचिव डॉ. पूनम शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। प्रतिभागी विद्यार्थियों, निर्णायक मंडल और टीमों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह युवा उत्सव प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी सहयोग और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देगा।