डीसी गंधर्वा राठौड़ ने भोरंज की पंचायतों में लिया विकास कार्यों का जायजा
सभी कार्यों को निर्धारित अवधि में पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश
भोरंज 06 अक्तूबर। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को विकास खंड भोरंज की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा करके इनमें जारी विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों से इन विकास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट ली तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों के बारे में महत्वपूर्ण फीडबैक भी लिया।
उपायुक्त ने ग्राम पंचायत धीरड़ में पौधारोपण की साइट एवं अन्य कार्यों, ग्राम पंचायत कक्कड़ में मनरेगा के तहत निर्मित क्रेट वॉल, बावड़ी के जीर्णोद्धार, महिला मंडल भवन और अन्य कार्यों का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत जाहू में उन्होंने खेल के मैदान के कार्य, संपर्क मार्ग को पक्का करने के कार्य और अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अन्य पंचायतों में भी विकास कार्यों की ताजा स्थिति की जानकारी ली।
उपायुक्त ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों तथा पंचायत जनप्रतिनिधियों से कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित अवधि में पूरे होने चाहिए और इनमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी, अन्य अधिकारियों तथा स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों ने उपायुक्त को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विकास कार्यों की ताजा स्थिति से अवगत करवाया।
======================================
हमीरपुर शहर की स्वच्छता हर नागरिक की जिम्मेदारी : राकेश शर्मा
नगर निगम के आयुक्त ने सभी लोगों से की सहयोग की अपील
स्वास्थ्य शिविर, चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रोसेसिंग प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन
हमीरपुर 06 अक्तूबर। नगर निगम हमीरपुर द्वारा निरंतर चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं कचरा प्रबंधन को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत नगर निगम के सफाई सेवकों के लिए टाउन हॉल में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सफाई कार्य से जुड़े 130 कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की।
इसके अतिरिक्त एम्स पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए चार प्रकार के अलग-अलग ठोस कचरे के पृथक्करण (छंटनी) के विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को गीले, सूखे तथा अन्य प्रकार के कचरे को उचित रूप से अलग-अलग रखने और स्वच्छता के प्रति जागरुक रहने का संदेश दिया गया।
विद्यार्थियों को नगर निगम हमीरपुर के कचरा प्रसंस्करण संयंत्र का शैक्षणिक भ्रमण भी करवाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण का संदेश अपने घरों, पड़ोसियों एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने विशेष रूप से हमीरपुर के नागरिकों से अपने-अपने घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को कम से कम अलग-अलग करके नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को सौंपने की अपील की। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने तथा नगर निगम के स्वच्छता प्रयासों में सहयोग देने का आग्रह किया।
============================================
टिक्कर, भीड़ा और अन्य गांवों में 8 को बंद रहेगी बिजली
हमीरपुर 06 अक्तूबर। विद्युत उपमंडल लंबलू के अंतर्गत भीड़ा और टिक्कर अनुभाग में 8 अक्तूबर को लाइनों की आवश्यक मरम्मत के कार्य के चलते गांव भीड़ा, कोहली, गुलेला, कल्लर, साई, धरोग, कैहडरू, समराला, गाहलियां, धरनासी, टिक्कर, चौकी कनकरी और आस-पास के गांवों में सुबह 9 से सायं 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी।
सहायक अभियंता ऋषि धीमान ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
=================================================
कामगार कल्याण बोर्ड की कार्यप्रणाली समझेंगे श्रीलंका और नेपाल के अधिकारी एवं श्रमिक
7 को करेंगे हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के मुख्यालय का दौरा
हमीरपुर 06 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की कार्यप्रणाली और इसके माध्यम से संचालित की जा रही विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए बुधवार को भारत के पड़ोसी देशों श्रीलंका और नेपाल के अधिकारियों एवं कामगारों का एक शिष्टमंडल हमीरपुर स्थित हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के मुख्यालय का दौरा करेगा।
बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि श्रीलंका और नेपाल का यह संयुक्त शिष्टमंडल हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर है। उन्होंने बताया कि यह शैक्षणिक भ्रमण प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय संस्था ‘बिल्डिंग एंड वुड वर्कर्स इंटरनेशनल’ (बीडब्ल्यूआई) के दिल्ली स्थित दक्षिणी एशियाई कार्यालय के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है। बुधवार सुबह करीब साढे ग्यारह बजे इस शिष्टमंडल के सदस्य हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के मुख्यालय में पहुंचेंगे, जहां नरदेव सिंह कंवर इनका स्वागत करेंगे तथा उन्हें बोर्ड की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।