हमीरपुर 06 अक्तूबर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि खेलकूद प्रतियोगिताओं में और हमारे आम जनजीवन में भी जीत एवं हार का सिलसिला चलता रहता है। जीवन में कभी सफलता मिलती है तो कभी असफलता का सामना भी करना पड़ता है। इसलिए, खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को जीत के जज्बे के साथ लगातार मेहनत करनी चाहिए, लेकिन इसके बावजूद अगर हार मिल जाए तो उससे कभी भी घबराना नहीं चाहिए। बल्कि, कामयाबी के लिए और ज्यादा मेहनत करनी चाहिए। मंगलवार को यहां राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में छात्र एवं छात्राओं की जिला स्तरीय अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने प्रतिभागियों से यह अपील की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में खेलों के लिए ढांचागत विकास और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में बहुत ही सराहनीय निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश का कार्यभार संभालते ही स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी में कई गुणा वृद्धि की तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए रेलवे की उच्च श्रेणी और आवश्यकता पड़ने पर हवाई यात्रा की सुविधा का प्रावधान भी किया। अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं के लिए करोड़ों रुपये की पुरस्कार राशि दी जा रही है।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनभावनाओं को समझते हुए पूर्ववर्ती गर्ल्स स्कूल हमीरपुर की जगह हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत को-एजूकेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का प्रावधान करके बच्चों को हमीरपुर शहर में ही सीबीएसई या एचपी बोर्ड से शिक्षा प्राप्त करने के दोनों विकल्प प्रदान किए हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों को भी लाभ होगा। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मेजबान पाठशाला की प्रधानाचार्य पूनम चौहान और एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, टीम प्रभारियों और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
उदघाटन समारोह में एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश चौधरी, राजेश आनंद, राकेश रानी, पुरुषोत्तम कालिया, आरसी डोगरा, शहनशाह, जिला बाल कल्याण समिति के सदस्य अश्वनी लंबरदार, आरकेएस के सदस्य मनोज शर्मा, डॉ. शशि शर्मा, शशि मोहम्मद, राकेश शर्मा, निशांत शर्मा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।