एशियाई खेलों की पदक विजेता सीमा को उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने किया सम्मानित
चंबा, 6 अक्तूबर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने आज जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश एवं जिला चंबा का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी सीमा तथा उनके परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया।
उपायुक्त ने सीमा को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सीमा की उपलब्धि जिले के युवाओं, विशेषकर दूरदराज क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सीमा को जीवन में निरंतर नई ऊंचाइयां हासिल करने तथा आगामी ओलंपिक सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान उपायुक्त ने सीमा से उनकी खेल गतिविधियों, प्रशिक्षण, अभ्यास एवं दैनिक दिनचर्या के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जिले के अत्यंत दूरदराज क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना सीमा की कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि सीमा की सफलता ने पूरे जिला चंबा को गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं, विशेषकर ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के खिलाड़ियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उपायुक्त ने सीमा एवं उनके परिवार को भविष्य में भी निरंतर सफलता प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अंजू कुमारी , सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उपमंडल अधिकारी (ना) चिराग शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रम जीत सिंह, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन उपस्थित रहे।
=================================================
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नंदिता गुप्ता ने की समीक्षा बैठक
मतदाता सूचियों की मैपिंग प्रक्रिया पूर्ण करने के दिए निर्देश
चंबा, अक्तूबर 6-मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हिमाचल प्रदेश, नंदिता गुप्ता की अध्यक्षता में आज जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वर्ष 2002 के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 1 जनवरी, 2025 की मतदाता सूची के तहत चंबा जिले में मैपिंग (सत्यापन) प्रतिशत की सराहना करते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र चुराह में 93.83 प्रतिशत, विधानसभा क्षेत्र भरमौर में 92.30 प्रतिशत, चंबा विधानसभा क्षेत्र में 86.20 प्रतिशत, डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के तहत 90.60 प्रतिशत तथा भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 89.75 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग (सत्यापन) प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है। उन्होंने सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एसडीएम) को मैपिंग प्रक्रिया पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने अथवा तार्किक विसंगतियों के चलते नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को सुविधा प्रदान की जाएगी। ऐसे मतदाताओं के घर जाकर बूथ लेवल अधिकारी आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे।
उन्होंने मामलों के समाधान के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एसडीएम) को ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई को प्राथमिकता देने को कहा। साथ में उन्होंने पंचायत स्तर पर सुनवाई के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए। नंदिता गुप्ता ने जिले में विभिन्न जल विद्युत परियोजनाओं से जा चुके कर्मचारियों एवं कामगारों के मतदाता रिकॉर्ड का आवश्यक सत्यापन करने को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने को कहा।
नंदिता गुप्ता ने अस्थायी बस्तियों तथा अन्य जरूरतमंद लोगों की सुविधा के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति निर्वाचन प्रक्रिया से वंचित न रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिले के घुमंतु परिवारों से संबंधित मामलों तथा अन्य राज्यों से आकर जिले में बसने वाले पंजीकृत मतदाताओं से संबंधित मामलों की भी विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने इस दौरान विभिन्न निर्वाचन अधिकारियों के साथ संवाद कर फीडबैक लेते हुए मतदाताओं की सुविधा को लेकर आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने बैठक में स्वागत संबोधन रखते हुए जिले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी भरमौर विकास शर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी पांगी अमनदीप सिंह , डलहौजी अनिल भारद्वाज ,भाटियात मनीष सोनी,तीसा राजेश जरयाल, वर्चुअल रूप से बैठक में जुड़े।
सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम चंबा चिराग शर्मा, तहसीलदार निर्वाचन अनूप डोगरा, नायब तहसीलदार संजय कुमार इस अवसर पर उपस्थित रहे।