स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत खज्जियार में जिला स्तरीय जन स्वच्छता अभियान आयोजित

चम्बा, 1 अक्तूबर-स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत आज प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खज्जियार में जिला स्तरीय जन स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का आयोजन उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपस्वाल की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अभियान में जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, पंचायती राज संस्थाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों तथा स्थानीय लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
अभियान के दौरान खज्जियार पर्यटन स्थल तथा आसपास के वन क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता एवं कचरा संग्रहण अभियान चलाया गया। प्रतिभागियों ने क्षेत्र में बिखरे प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट को एकत्रित कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाया तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने स्वच्छता में जनभागीदारी एवं सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर पर्यटन स्थलों को बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय समुदाय, पर्यटकों और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय निवासियों, पर्यटकों एवं विद्यार्थियों से कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा खज्जियार की प्राकृतिक सुंदरता एवं पर्यावरण को बनाए रखने में सहयोग देने का आह्वान किया।
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खज्जियार के विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता का संदेश परिवार एवं समुदाय तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत–विकसित भारत” तथा “एक घंटा, एक साथ, एक दिन” जैसे संदेशों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खज्जियार के विद्यार्थियों, स्थानीय स्वयं सहायता समूहों, ग्राम पंचायत खज्जियार के स्थानीय लोगों, माय भारत के स्वयंसेवकों, आईसीडीएस विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा पोषण अभियान की टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। विशेष रूप से पर्यटन स्थलों, सार्वजनिक स्थानों तथा पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
खज्जियार में आयोजित जिला स्तरीय जन स्वच्छता अभियान ने जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास की भावना को मजबूत करते हुए स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया।
इस दौरान जिला आयुष अधिकारी डॉ.अनिता शर्मा, खंड विकास अधिकारी, चम्बा महेश ठाकुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी धीरज कुमार, परियोजना अर्थशास्त्री विनोद मेहता, प्रधानाचार्य जीएसएसएस खज्जियार संदीप शर्मा, वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी प्रीतम सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनआरएलएम) राकेश भाटिया, ग्राम पंचायत प्रधान चित्र रेखा सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।