शिमला, 30.09.26-: हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 69वें राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के उपरान्त आजकल स्कैंडीनेवियल देशों की अध्ययन प्रवास यात्रा पर हैं। कुलदीप सिंह पठानियां गत सायं नॉर्वे के खूबसूरत शहर बर्गेन में एक दिन के अध्ययन प्रवास के पश्चात आज 4:00 बजे अपराह्न जलमार्ग से फोर्ड क्रूज की सवारी कर नॉर्वे की राजधानी ओसलो पहुँचे जहाँ उनका रात्री विश्राम का कार्यक्रम है। बर्गेन में एक दिन के अध्ययन प्रवास के दौरान पठानियां ने कई ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। पठानियां ने कहा कि बर्गेन पर्यटन की दृष्टि से एक उन्नत तथा विकसित शहर है तथा यहाँ की जलवायु मानव जीवन के लिए बहुत ज्यादा अनुकूल है यही कारण है कि नॉर्वे में लोगों की औसतन आयु 82 वर्ष से ज्यादा है जो पूरे विश्व में सर्वाधिक है।

बर्गेन नॉर्वे के पश्चिम तट पर स्थित एक ऐतिहासिक एवं सुन्दर शहर है। इसे अक्सर नॉर्वे के प्रसिद्व फ्योर्ड क्षेत्र का प्रवेश द्वार माना जाता है। पहाड़ियों तथा समुद्र से घिरा होने के कारण यहाँ का प्राकृतिक दृश्य अत्यंत आर्कषक है। ओसलो मुख्य रूप से नॉर्वे की राजधानी, प्रशासन, व्यापार, शिक्षा और आधुनिक संस्कृति का केन्द्र है जबकि बर्गेन अपने ऐतिहासिक महत्व, समुद्री विरासत, पहाड़ों और फ्योर्डों के लिए प्रसिद्व है।

बर्गेन प्रवास के दौरान पठानियां ने भारतीय समुदायों से सम्बन्ध रखने वाले व्यापारियों, उद्यमियों तथा शिक्षाविदों से मुलाकात कर सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों तथा अन्य सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों तथा स्थानीय लोगों से उनके परस्पर सम्बन्धों पर चर्चा की। पठानियां ने कहा कि वह यहाँ की पर्यटन स्मृतियों के साथ स्वदेश लौटने पर प्रदेश सरकार से संवाद करेंगे तथा पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश को विकसित करने में अपना अनुभव सांझा करेंगे।