आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत चम्बा में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर

चम्बा, 18 सितंबर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज जिला में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को लेकर स्वास्थ्य एवं योजना विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत जिला के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद, आवश्यक सुविधाओं के विस्तार तथा स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान स्वास्थ्य संस्थानों की आवश्यकताओं, उपकरणों की उपलब्धता तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए किए जाने वाले कार्यों की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद सहित प्रस्तावित कार्यों से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूर्ण की जाएं ताकि निर्धारित प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके और इसका लाभ आमजन को शीघ्र मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर भी बल दिया।
बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. पंकज गुप्ता तथा जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।