चम्बा, 15 अगस्त-आज 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला न्यायिक एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा अनुजा सूद ने न्यायिक परिसर में ध्वजारोहण कर समस्त जिला वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमणीक शर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एकांश कपिल, मोबाइल ट्रैफिक मजिस्ट्रेट विभूति बहुगुणा, न्यायिक दंडाधिकारी प्रानम नेगी, अध्यक्ष बार एसोसिएशन अंकुश गुप्ता सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्ति एवं न्यायिक परिसर के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान जिला न्यायिक एवं सत्र न्यायाधीश अनुजा सूद ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के साथ हमारे ऊपर देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का दायित्व प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष एवं सुलभ न्याय उपलब्ध करवाना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से समाज के जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इस दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए