HAMIRPUR,13.08.26-युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), जिला हमीरपुर द्वारा NFCI होटल मैनेजमेंट एंड कुकिंग इंस्टीट्यूट, हमीरपुर में माय भारत पोर्टल, युवा मंडल विकास अभियान, स्वच्छता पखवाड़ा तथा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी दीपमाला मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह मंच युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन एवं विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण करने तथा समाज एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उप-प्रधान श्री शशि पाल ने युवाओं को स्वच्छता पखवाड़ा, हर घर तिरंगा अभियान एवं युवा मंडल विकास अभियान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी पर बल देते हुए सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने, राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बनाए रखने तथा युवा मंडलों के माध्यम से सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध स्वयंसेवी अवसरों, युवा विकास कार्यक्रमों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भविष्य में MY Bharat द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुड़ने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर NFCI हमीरपुर शाखा की ब्रांच हेड श्रीमती वनिता भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में शेफ अतिश ठाकुर ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी साझा की तथा MY Bharat, हमीरपुर द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में अभिषेक, सौरव, राज कुमार एवं सार्थिक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने NFCI की पूरी टीम का सफल आयोजन एवं सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।