नीलोखेड़ी, 12.08.26- : विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब गांव आत्मनिर्भर, सशक्त और विकास की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़े होंगे। पंचायत प्रतिनिधि सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा दें और अपने-अपने गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दें। यह बात हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कही। वे विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम-2025 के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित पंच सम्मेलनों को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित कर रहे थे।

डॉ. चौहान ने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम-2025 ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण, पारदर्शिता और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा मिलेगा। डॉ. चौहान ने कहा कि प्रदेश की पंचायतें यदि जनभागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं तो प्रत्येक गांव को विकास और सुशासन का आदर्श बनाया जा सकता है। सशक्त पंचायतें, आत्मनिर्भर गांव और जनभागीदारी से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा।