चण्डीगढ़, 30.07.26- : वार्ड 9 (गांव दरिया) में पिछले काफी समय से पानी की आपूर्ति ठीक से न होने के कारण गांववासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पीने के पानी के लिए लोग अपने निजी पैसों से टैंकर मंगवाने को मजबूर हैं।
आज इस गंभीर समस्या को लेकर भाजपा के नॉमिनेटेड काउंसलर धर्मेंद्र सिंह सैनी, आप के प्रदेश संयुक्त सचिव सुनील सिंह रावत, आप नेता देविंदर मौला, पूर्व पंच जसवीर सिंह, संजय गुप्ता, देवेंद्र सिंह गुप्ता, मदन लाल, सलीम व अरशद आदि ने चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा व अधिशासी अभियंता यशपाल से मुलाकात की। सभी नेताओं ने अधिकारियों के समक्ष गांव की परेशानियों को विस्तार से रखा।
नेताओं ने कहा कि गर्मी में पानी की कमी से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई बार शिकायत के बाद भी विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। गांववासियों ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समय रहते पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मजबूरन बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।