चण्डीगढ़, 24.07.26- : शहर के सरकारी स्कूलों में कार्यरत मिड-डे मील कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आज सेक्टर 40 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित की गई। इस बैठक में कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर चंडीगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय टंडन से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
मिड-डे मील कार्यकर्ताओं ने अपनी मुख्य समस्याओं को टंडन के समक्ष प्रमुखता से रखा।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि उन्हें समय पर वेतन या मानदेय नहीं दिया जाता, जिससे उनके परिवारों का पालन-पोषण करना मुश्किल हो जाता है।
कार्यकर्ताओं के मुताबिक उन्हें सामान्य मानदेय की बजाय चंडीगढ़ के निर्धारित डीसी रेट के अनुसार वेतन दिया जाए।
11 महीने तक काम करने के बावजूद कार्यकर्ताओं को केवल 10 महीने का ही वेतन दिया जाता है। उन्होंने मांग की है कि उन्हें पूरे 12 महीने का वेतन प्रदान किया जाए।
बैठक के दौरान मिड-डे मील कार्यकर्ताओं की और से स्थानीय पार्षद गुरबख्श रावत, चतुर्थ श्रेणी एंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह व महासचिव संजय यादव, हिमाचल महासभा के अध्यक्ष पृथी सिंह आदि ने संजय टंडन से आग्रह किया कि वे उनकी इन जायज और मानवीय मांगों को चंडीगढ़ के प्रशासक एवं अन्य अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाएं, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का जल्द समाधान हो सके।
ज्ञापन स्वीकार करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता संजय टंडन ने कार्यकर्ताओं की बात ध्यानपूर्वक सुनी और उन्हें आश्वासन दिया कि वे उनकी मांगों को शीघ्र ही चंडीगढ़ प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे और इन समस्याओं का न्यायसंगत समाधान निकालने का पूरा प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहर भर के विभिन्न सरकारी स्कूलों से आई मिड-डे मील कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।