उपायुक्त की अध्यक्षता में ज़िला के समस्त खण्ड विकास अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत ज़िला में समस्त गांव को आदर्श श्रेणी में लाया जाना तथा कचरे का उचित निपटारा करना आवश्यक है। मनमोहन शर्मा आज यहां ज़िला के सभी खण्ड विकास अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मनमोहन शर्मा ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव में किसी भी स्थान पर कूड़े के ढेरों का निष्पादन करना सुनिश्चित बनाएं तथा इस कार्य के लिए स्वयं सेवी तथा गांववासियों का सहयोग लेना भी सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को गांव में गंदे पानी के निष्पादन के लिए सोखता गढ्ढ़ों का निर्माण करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने सम्बन्धित अधिकारियों को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लम्बित आवासों की जियो टैगिंग करने के निर्देश दिए ताकि बजट प्राप्त होते ही आवासों का कार्य आरम्भ किया जा सके।
उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर, कण्डाघाट व सोलन को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर उपयुक्त स्थान चिन्ह्ति कर हिम ईरा की दुकानों के निर्माण की औपचारिकताओं को पूर्ण करना सुनिश्चित बनाएं ताकि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण हो सके और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए बिक्रेय केन्द्र मिल सके।
बैठक से पूर्व समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को विकसित भारत रोज़गार और आजीविका मिशन-ग्रामीण (वी.वी-जी-राम-जी) के अंतर्गत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल, ज़िला विकास अधिकारी रमेश शर्मा सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित थे।
.0.