31 को शिमला के गेयटी थिएटर में जुटेंगे नामी साहित्यकार
हिमाचल के प्रसिद्ध साहित्यकार राजेंद्र राजन के 5वें उपन्यास ‘कागज की नाव’ का भी होगा लोकार्पण
अखिल भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ की संगोष्ठी में बहुभाषी कवि सम्मेलन का भी होगा आयोजन
हमीरपुर 21 जुलाई। अखिल भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ 31 जुलाई को शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में संगोष्ठी एवं बहुभाषी कवि सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है।
इस कार्यक्रम में कई नामी साहित्यकार अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे और बहुभाषी कवि सम्मेलन में कविता पाठ भी करेंगे। संगोष्ठी के दौरान हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध साहित्यकार राजेंद्र राजन के पांचवें उपन्यास ‘कागज की नाव’ का लोकार्पण भी किया जाएगा।
राजेंद्र राजन ने बताया कि सुबह 10 से दोपहर डेढ़ बजे तक यह कार्यक्रम विभिन्न सत्रों में आयोजित किया जाएगा। ‘कागज की नाव’ पुस्तक के लोकार्पण एवं सह-चर्चा के बाद बहुभाषी कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध साहित्यकार सतीश धर करेंगे। जबकि, आत्म रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि पत्र वाचन के सत्र की अध्यक्षता जयपुर के साहित्यकार प्रोफेसर सुधीर सोनी करेंगे। जबकि, देहरादून के प्रेम साहिल मुख्य अतिथि और जयपुर के कैलाश चंद सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस सत्र में डॉ. हेमराज कौशिक, डॉ. मीनाक्षी पॉल और डॉ. उषा बंदे जैसी प्रसिद्ध साहित्यकार अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे।
राजेंद्र राजन ने हिमाचल प्रदेश के साहित्यकारों एवं साहित्यप्रेमियों से इस कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
============================================
भरेड़ी में 22 को प्रस्तावित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम स्थगित
भोरंज 21 जुलाई। उपमंडल के गांव भरेड़ी में 22 जुलाई को प्रस्तावित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में क्षेत्र की 9 ग्राम पंचायतों की जनसमस्याओं का समाधान किया जाना था, लेकिन खराब मौसम को देखते हुए इसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
============================================
नादौन में हैल्पर एवं ट्रेनी के साक्षात्कार 28 को
हमीरपुर 21 जुलाई। नादौन की प्रसिद्ध कंपनी मित्रा एल्यूमिनियम में हैल्पर एवं ट्रेनी के 3 पदों को भरने के लिए 28 जुलाई को सुबह दस बजे उप रोजगार कार्यालय नादौन में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 18 से 30 वर्ष तक के दसवीं या बारहवीं पास पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
=================================================
23 जुलाई को कांगू-जबली विद्युत लाइन के रखरखाव कार्य के चलते कई क्षेत्रों में बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति
बिलासपुर, 21 जुलाई: सहायक अधिशाषी अभियंता विद्युत उपमंडल संख्या-1, बिलासपुर इंजी. सन्नी जगोता ने जानकारी देते हुए बताया कि 33 केवी सर्किट संख्या-1 कांगू-जबली विद्युत लाइन के साथ लगते पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई का कार्य आगामी 23 जुलाई को किया जाएगा।
इस रखरखाव कार्य के चलते बैरी, बरमाणा, देयोली, कंज्योता, चमलोग, घागस, बिनोला, पंजगाईं, धारटटोह, सिहड़ा तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 9ः00 बजे से सायं 6ः00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि यह कार्य मौसम के उपर निर्भर रहेगा। इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
===============================================
महेंद्रा एंड महेंद्रा स्वराज मोहाली ने अधिसूचित किए 200 पद
30 जुलाई को उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं तथा 31 जुलाई को जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में होगा साक्षात्कार
बिलासपुर, 21 जुलाई: महेंद्रा एंड महेंद्रा स्वराज मोहाली ने विभिन्न श्रेणियों के 200 पद अधिसूचित किये हैं। इन पदों के लिए 30 जुलाई को उपरोजगार कार्यालय घुमारवीं तथा 31 जुलाई को जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में कैंपस साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा।
इस बारे जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी बिलासपुर राजेश मेहता ने बताया कि मशीन ऑपरेटर, फिटर, ट्रैक्टर, डीजल मोटर मैकेनिक, पेंटर, टर्नर के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार संबंधित ट्रेड में आईटीआई या डिप्लोमा पास तथा अंतिम चार वर्षों के उम्मीदवार 2023 से 2026 तक पास होना चाहिए। उम्मीदवार की आयु 18 से 28 वर्ष होनी चाहिए तथा चयनित अभ्यर्थियों को 17 हजार रुपये बतौर स्टाईपेंड प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों जिनमें सभी मूल प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड एक्स-10, आधार कार्ड, दसवीं का प्रमाणपत्र, संबंधित योग्यता तथा पासपोर्ट आकार के फोटो, बायोडाटा की काॅपी, अनुभव प्रमाणपत्र सहित निर्धारित स्थान, तिथि व समय पर उपस्थित होकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।
इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01978-222450 तथा नियोक्ता के मोबाइल नम्बर 74091-76699 पर संपर्क कर सकते हैं। साक्षात्कार में शामिल होने पर किसी प्रकार का यात्रा व अन्य भत्ता देय नहीं होगा।
===========================================
हमीरपुर में 21 खाली पदों पर तैनात होंगे रिटायर्ड पटवारी या कानूनगो
हमीरपुर 21 जुलाई। जिला हमीरपुर में पटवारियों के 21 खाली पदों पर रिटायर्ड पटवारियों या कानूनगो को 40 हजार रुपये के मासिक मानदेय पर तैनात किया जाएगा।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन पदों के लिए 65 वर्ष तक के रिटायर्ड पटवारी या कानूनगो 5 अगस्त तक उपायुक्त कार्यालय में निर्धारित प्रपत्र पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदक ने राजस्व विभाग में कम से कम 5 साल नौकरी की हो तथा उसके खिलाफ किसी भी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित नहीं होनी चाहिए। इन्हें पटवारी के खाली पद पर 40 हजार रुपये मानदेय पर 3 माह के लिए तैनात किया जाएगा। यह अवधि आगे बढ़ाई जा सकती है। आवेदनों की संख्या अधिक होने की स्थिति में कम आयु वाले आवेदक को प्राथमिकता दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए उपायुक्त कार्यालय या जिला राजस्व अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
==================================================
हमीरपुर शहर में होंगे सीबीएसई और एचपी बोर्ड के अलग-अलग स्कूल
हमीरपुर 21 जुलाई। जिला मुख्यालय के दोनों सीनियर सेकंडरी स्कूलों का मर्जर रद्द कर दिया गया है। इस संबंध में शिक्षा विभाग के सचिव ने आदेश जारी कर दिए हैं।
इस आदेश के अनुसार शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर सीबीएसई को-एजूकेशनल स्कूल होगा। जबकि, पुराने गर्ल्स स्कूल में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के नाम से एचपी बोर्ड का को-एजूकेशनल संस्थान संचालित किया जाएगा।
=====================================
आईटीआई पंडोगा में 29 व 30 जुलाई को आयोजित होंगे प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम
ऊना, 21 जुलाई। युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पंडोगा में 29 और 30 जुलाई को दो दिवसीय प्लेसमेंट एवं अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आईटीआई के प्रधानाचार्य विशाल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 जुलाई को संयुक्त कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। इस प्लेसमेंट ड्राइव में सिलाई प्रौद्योगिकी, ड्रेस मेकिंग, एम्ब्रॉयडरी, फैशन डिजाइन तथा अन्य संबंधित व्यवसायों की पात्र महिला प्रशिक्षु भाग लेंगी। इस अवसर पर मैसर्ज टोयोट्सु अंबिका ऑटोमोटिव सेफ्टी कंपोनेंट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा योग्य प्रशिक्षुओं का चयन किया जाएगा।
साथ ही, 30 जुलाई को जीएनए गियर्स लिमिटेड द्वारा संस्थान परिसर में अप्रेंटिसशिप एवं डायरेक्ट ऑन-रोल रोजगार के लिए प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया में मशीनिस्ट, ग्राइंडरमैन, टर्नर, ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल), फिटर तथा इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के पात्र आईटीआई प्रशिक्षु भाग ले सकेंगे। कंपनी द्वारा चयन निर्धारित भर्ती प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्लेसमेंट कार्यक्रम प्रशिक्षुओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उन्हें रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर विकल्प उपलब्ध होते हैं। उन्होंने सभी पात्र प्रशिक्षुओं से निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 01975-292742 पर संपर्क कर सकते हैं।
========================================
लोक प्रशासन शिक्षकों की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित
हमीरपुर 21 जुलाई। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने लोक प्रशासन के शिक्षकों के 78 पदों (पोस्ट कोड 26034) को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए 30 जून को आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस परीक्षा में उत्तीर्ण 93 उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 4 अगस्त को सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में आरंभ होगी। इसकी सूचना उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर दी जाएगी। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डॉउनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।