नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मुक्त कारागार बिलासपुर में जागरूकता एवं ध्यान-साधना शिविर आयोजित

बिलासपुर, 25 जून: नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मुक्त कारागार, बिलासपुर में जिला कल्याण अधिकारी, बिलासपुर द्वारा विशेष जागरूकता एवं ध्यान-साधना शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सकारात्मक, स्वास्थ्य एवं आध्यात्मिक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान, बिलासपुर की ओर से रीना एवं अखिल कुमार ने बंदियों को आध्यात्मिक जीवन के महत्व से अवगत कराया तथा ध्यान (मेडिटेशन) की विभिन्न विधियों का अभ्यास करवाया। उन्होंने बताया कि आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक जागरूकता व्यक्ति को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने जीवन में आत्मविश्वास, संयम एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने ध्यान-साधना में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुधार और नई शुरुआत की अपार संभावनाएं होती हैं। यदि व्यक्ति स्वयं को पहचाने और सही मार्ग का चयन करे, तो वह अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है।
जिला कल्याण अधिकारी, बिलासपुर ने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले भर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि समाज को नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त बनाया जा सके।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक नोखू राम भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

=================================================