*नव निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों के शपथ ग्रहण हेतु पीठासीन अधिकारियों की नियुक्ति*


*03 जून, मंडी।* उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मंडी अपूर्व देवगन द्वारा हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 तथा हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के तहत जिला मंडी की विभिन्न पंचायत समितियों के नव निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने हेतु पीठासीन अधिकारियों की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किए गए हैं।
आदेशों के अनुसार संबंधित उपमंडल अधिकारियों (नागरिक) को विभिन्न पंचायत समितियों के लिए शपथ एवं निष्ठा ग्रहण समारोह संपन्न करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंचायत समिति सदर के लिए उपमंडल अधिकारी (ना.) सदर मंडी, पंचायत समिति सुंदरनगर एवं निहरी के लिए उपमंडल अधिकारी (ना.) सुंदरनगर, पंचायत समिति बल्ह एवं धनोटू के लिए उपमंडल अधिकारी (ना.) बल्ह, पंचायत समिति करसोग एवं चुराग के लिए उपमंडल अधिकारी (ना.) करसोग को नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार पंचायत समिति सराज के लिए उपमंडल अधिकारी (ना.) थुनाग, पंचायत समिति गोहर के लिए उपमंडल अधिकारी (ना.) गोहर, पंचायत समिति चौंतड़ा के लिए उपमंडल अधिकारी (ना.) जोगिंदर नगर, पंचायत समिति द्रंग के लिए उपमंडल अधिकारी (ना.) पधर, पंचायत समिति धर्मपुर के लिए उपमंडल अधिकारी (ना.) धर्मपुर, पंचायत समिति गोपालपुर के लिए उपमंडल अधिकारी (ना.) सरकाघाट तथा पंचायत समिति बालीचौकी के लिए उपमंडल अधिकारी (ना.) बालीचौकी को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित प्रावधानों के अनुसार शपथ ग्रहण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाना सुनिश्चित करें।
========================================

मंडी के बल्ह विकास खंड की लोहारडी पंचायत को क्लीन एंड ग्रीन पंचायत श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान, पंचायत को मिली 25 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि

मंडी, 03 जून। मंडी जिला की ग्राम पंचायत लोहारडी ने पंचायतों के समग्र विकास के दृष्टिगत क्लीन एंड ग्रीन पंचायत की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया है। केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय की ओर से आज नई दिल्ली में आयोजित समारोह में जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा तथा पंचायत सचिव रजत शर्मा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने इस उपलब्धि के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों सहित पंचायतवासियों को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय द्वारा पंचायतों के समग्र विकास के लिए 9 बिंदू चिह्नित किए गए हैं। इन्हीं में से एक क्लीन एंड ग्रीन पंचायत श्रेणी में बल्ह विकास खंड की लोहारडी पंचायत ने देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छता के दृष्टिगत पंचायत में प्लास्टिक कचरा एकत्र करने के लिए एक व्यक्ति को नियुक्त किया गया है, जो इसे निष्पादन के लिए आगे भेजता है। प्लास्टिक कचरे के सुव्यवस्थित निस्तारण के लिए इसे अलग-अलग करने के उद्देश्य से एक शेड भी बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त बड़े स्तर पर पंचायत क्षेत्र में पौधारोपण किया गया है और लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। पंचायत में सौर ऊर्जा से सिंचाई की सुविधा, कूहल, स्वच्छ जल, स्वच्छ ईंधन के साथ ही शौचालयों के निर्माण व उपयोग पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। अमृत सरोवर का निर्माण भी पंचायत में किया गया है।

उन्होंने बताया कि क्लीन एंड ग्रीन पंचायत की इस मुहिम में बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्गों का भरपूर सहयोग पंचायत को मिला है। विशेषतौर पर महिला मंडल, युवक मंडल व स्वयं सहायता समूहों ने भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यहां के तीन महिला मंडलों धार, लोहारडी व बनौण की महिलाएं घर-घर जाकर लोगों को कूड़े के निस्तारण के प्रति जागरूक कर रही हैं।

ग्राम पंचायत लोहारडी विकास खण्ड बल्ह जिला मंडी की पंचायत है जोकि सुप्रसिद्ध माँ मुरारी माता मंदिर के नजदीक स्थित है। वर्ष 2021 में ग्राम पंचायत हल्यतार से अलग होकर यह पंचायत बनाई गई और इसकी जनसंख्या 1500 के करीब है। ग्राम पंचायत में 5 वार्ड हैं।

अपूर्व देवगन ने कहा कि ग्राम पंचायत लोहारडी ने न सिर्फ खुद को बल्कि साथ लगती पंचायतों को भी इन सब कार्यों के लिए प्रेरित किया, जिसमें उचित अपशिष्ट प्रबंधन के लिए एक दीर्घकालिक योजना, जल संरक्षण के उपाय, अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाना और समुदाय की निरंतर भागीदारी बनाए रखना शामिल है।

===============================

दूषित पाई गई बावड़ियों का जल उपयोग न करें: रोहित राठौर
मंडी, 3 जून। नगर निगम मंडी के आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में स्थित विभिन्न बावड़ियों (प्राकृतिक जल स्रोतों) के जल की गुणवत्ता की हाल ही में जल शक्ति विभाग मंडी द्वारा जांच की गई है। प्राप्त माइक्रोबायोलॉजिकल जांच रिपोर्ट के अनुसार कुछ बावड़ियों का जल निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा है, जिसके चलते उक्त जल मानव उपभोग के लिए सुरक्षित नहीं माना जा सकता।
उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के आगमन के साथ जल स्रोतों के दूषित होने की संभावना भी बढ़ जाती है। इस स्थिति को देखते हुए नगर निगम मंडी द्वारा संबंधित बावड़ियों की सफाई, गाद निकालने तथा अन्य आवश्यक सुधारात्मक कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
आयुक्त ने नागरिकों से आग्रह किया है कि आगामी आदेशों तक इन बावड़ियों के जल का पेयजल अथवा अन्य घरेलू उपयोग के लिए प्रयोग न करें तथा केवल सुरक्षित और स्वच्छ जल का ही उपयोग करें।
नियमित निगरानी जारी
रोहित राठौर ने बताया कि नगर निगम मंडी द्वारा जल स्रोतों की नियमित निगरानी एवं सफाई का कार्य किया जा रहा है। जल गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने के उपरांत ही इन जल स्रोतों के उपयोग संबंधी अगली सूचना जारी की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से जनहित में सहयोग करने और स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
======================================

दरम्याना-II आंगनबाड़ी केंद्र में क्रैच सहायिका के एक पद हेतु आवेदन आमंत्रित

मंडी, 3 जून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंडी नगर निगम मंडी के भगवाहन वार्ड के तहत दरम्याना आंगनबाड़ी केंद्र में क्रैच सहायिका का एक पद भरने जा रहा है, जिसके लिए इच्छुक महिला उम्मीदवार सादे कागज पर 23 जून, 2026 तक आवेदन कर सकतीं हैं। साक्षात्कार की तिथि 25 जून, 2026 रखी गई है।

बाल विकास परियोजना अधिकारी, सदर मंडी जितेन्द्र सैणी ने बताया कि इस पद के साक्षात्कार उप-मंडलाधिकारी (ना.) सदर मंडी कार्यालय में लिए जाएंगे। क्रैच सहायिका को 3000 रूपये प्रतिमाह मानदेय देय किया जाएगा। इस पद के लिए महिला उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि महिला उम्मीदवार संबंधित आंगनबाड़ी-सह-क्रैच केन्द्र के नगर निगम मंडी, वार्ड नंबर 12 भगवाहन तथा साथ लगते वार्ड नम्बर 11 समखेतर से संबंध रखती हों तथा संबंधित पार्षद द्वारा जारी प्रमाण-पत्र आवेदन के साथ संलग्न होना चाहिए। संबंधित आंगनबाड़ी केन्द्र का सर्वे प्रमाण-पत्र, प्रार्थी के परिवार की सालाना आय 50 हजार रूपये से अधिक न हो। इस संबंध में आय प्रमाण-पत्र तहसीलदार/नायब तहसीलदार/कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी किया होना चाहिए। क्रैच सहायिका के पद हेतु प्रार्थी 10वीं कक्षा उतीर्ण होना चाहिए। हिमाचल का स्थाई निवासी होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार आवेदन सादे कागज पर अपने पूर्ण विवरण, प्रमाण-पत्र की सत्यापित छायाप्रतियों सहित 23 जून तक बाल विकास परियोजना अधिकारी सदर मंडी कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। इच्छुक महिला उम्मीदवार साक्षात्कार के लिए 25 जून, 2026 को प्रातः 11 बजे तक वांछित मूल दस्तावेजों सहित उप-मंडलाधिकारी (ना.), सदर मंडी के कार्यालय में उपस्थित होने चाहिए। आवेदन पत्र में आंगनबाड़ी-सह-पालना केन्द्र का नाम स्पष्ट लिखा होना चाहिए। फीडर एरिया में परिवार दर्ज होने संबंधी प्रमाण-पत्र संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा जारी किया होना चाहिए। आयु प्रमाण-पत्र (10वीं का प्रमाण-पत्र), क्रैच सहायिका के पद हेतु 10वीं उतीर्ण होने का प्रमाण-पत्र व उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, यदि हों। 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर अधिकतम 10 अंक और स्नातक/स्नातकोत्तर के लिए अतिरिक्त एक अंक देय होंगे। स्नातक की डिग्री मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से होनी चाहिए। यदि स्नातक की डिग्री दूरस्थ शिक्षा माध्यम से की होगी तो यूजीसी दूरस्थ शिक्षा के मानदंडों के अनुसार होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आंगनबाड़ी सहायिका, आय विशेष दत्तक ग्रहण एंजेंसी/आया, बाल देखभाल संस्थान/आया, पूर्व-प्राथमिक सरकारी विद्यालय का अनुभव प्रमाण-पत्र, यदि हो। एक वर्ष के अनुभव के लिए एक अंक देय होगा और अनुभव के अधिकतम 3 अंक देय होंगे। अनाथ, परित्यक्त व समर्पित महिलाओं के लिए 2 अंक देय होंगे।

अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित परिवारों का प्रमाण-पत्र, यदि हो, को 2 अंक देय होंगे। स्टेट होम आश्रिता/बालिका आश्रम आश्रिता/विधवा/ निराश्रित/तलाकशुदा/विवाहित महिला जिसका पति पिछले सात वर्षों से लापता हो/महिला जिसे उसके पति द्वारा परित्यक्त किया हो और अपने माता-पिता के साथ रह रही हो, का प्रमाण पत्र जो सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया हो, यदि हो, को 2 अंक देय होंगे। दो लड़कियों वाले परिवार से संबंध रखने वाली अविवाहित लड़कियां जिनके घर कोई लड़का पैदा न हुआ हो या दो बेटियों वाली महिलाओं को जिनके घर में कोई लड़का नहीं जन्मा हो, को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अंतर्गत 2 अंक दिए जाएंगे, जिसके लिए प्रार्थी को परिवार नकल के साथ संबंधित पंचायत सचिव की रिपोर्ट जो कि खंड विकास अधिकारी प्रतिहस्ताक्षरित हो, आवेदन के साथ संलग्न करनी होगी। व्यक्तिगत साक्षात्कार के अधिकतम 3 अंक देय होंगे। अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी, सदर मंडी के कार्यालय दूरभाष नंबर 01905-225540 पर संपर्क कर सकते हैं।

--