चंडीगढ़, 18 मई। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि आज हरियाणा की जनता के टैक्स से चलने वाला हरियाणा लोक सेवा आयोग दूसरे राज्यों के युवाओं को रोजगार देने में लगा हुआ है और इस गंभीर मुद्दे पर भाजपा सरकार चुप्पी साधे बैठी है। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों के 90 प्रतिशत पदों को रिक्त रखा जाता है और बाकी बचे अधिकतर पदों पर बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों का चयन कर दिया जाता है। दिग्विजय ने कहा कि पिछले कई महीनों से एचपीएससी के विरोध में अभ्यर्थी आवाज उठा रहे है और अभ्यर्थियों द्वारा 20 मई को पंचकुला में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की गई है। दिग्विजय ने आह्वान किया कि सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होना चाहिए और हरियाणा के युवाओं का भविष्य बचाने के लिए हम सबको संगठित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेजेपी अभ्यर्थियों के प्रदर्शन का पूरा समर्थन करती है और हम इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। सोमवार को दिग्विजय चौटाला सिरसा में पत्रकारों से रूबरू थे।

जेजेपी युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि आज हरियाणा में शिक्षा, रोजगार और कानून व्यवस्था का बुरा हाल चुका है और सीएम नायब सैनी पंजाब में भाजपा के प्रचार में व्यस्त है। दिग्विजय ने सीएम से सवाल करते हुए कहा कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनी तो क्या वे हरियाणा के हक में एसवाईएल का पानी हरियाणावासियों को दिलाने की गारंटी लेंगे? दिग्विजय चौटाला ने भाजपा नेताओं द्वारा इन दिनों पेट्रोल डीजल बचाने की प्रधानमंत्री के आह्वान पर रेल, बस, रिक्शा आदि में सफर करने को केवल एक प्रोपेगेंडा बताया और कहा कि नीट जैसे मुद्दों पर विफल रहने के बाद सरकार इस मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे प्रोपेगेंडा कर रही है। दिग्विजय चौटाला ने छात्रसंघ चुनाव का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि वे तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक प्रदेश में प्रत्यक्ष रूप से छात्रसंघ के चुनाव घोषित नहीं होते।

इसके उपरांत जेजेपी के जन-जन अभियान के तहत डबवाली हलके के विभिन्न गांवों में आमजन से मिलते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी द्वारा प्रदेश के करीब 1100 गांवों में जन-जन अभियान के कार्यक्रम होंगे और हर जिले और हर हलकों में जन-जन की आवाज को सुनकर उसे बुलंद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की विभाजनकारी नीतियों की जेजेपी द्वारा पोल खोली जाएगी और मुद्दों के आधार पर जनता की लड़ाई को मजबूती से लड़ा जाएगा। इस अवसर पर अनेक युवाओं ने जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की।