मानवता, सेवा और समर्पण का जीवंत प्रतीक है रेड क्रॉस: राहुल कुमार
बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन बिलासपुर में आयोजित जिला स्तरीय विश्व रेड क्रॉस दिवस कार्यक्रम में बोले उपायुक्त
कार्यक्रम में रेड क्रॉस प्रमोटर्स, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवकों सहित अन्यों को किया सम्मानित
बिलासपुर, 08 मई: जिला मुख्यालय बिलासपुर स्थित बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन में आज जिलास्तरीय विश्व रेड क्रॉस दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष जिला रेड क्रॉस सोसाइटी केे अध्यक्ष एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों, रेड क्रॉस सदस्यों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर मानव सेवा के इस अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर बोलते हुए उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि रेड क्रॉस केवल एक संस्था नहीं बल्कि मानवता, सेवा और समर्पण का जीवंत प्रतीक है। विश्व रेड क्रॉस दिवस हमें उन मानवीय मूल्यों की याद दिलाता है, जिनके माध्यम से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाई जाती है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में जहां सामाजिक चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं, वहीं रेड क्रॉस जैसी संस्थाओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। प्राकृतिक आपदाओं, सड़क दुर्घटनाओं, स्वास्थ्य संकटों तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रेड क्रॉस संस्था सदैव अग्रणी भूमिका निभाते हुए पीड़ित मानवता की सेवा में कार्यरत रहती है।
उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस का मूल उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के मानवता की सेवा है। यह संस्था जाति, धर्म, क्षेत्र और वर्ग से ऊपर उठकर समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव ही समाज को मजबूत बनाता है और रेड क्रॉस इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
राहुल कुमार ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति स्वयं को समाज सेवा से जोड़ते हुए सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं को रेड क्रॉस, यूथ रेड क्रॉस तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित बनाने के लिए भी प्रेरित किया ताकि समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और मानवता की भावना और अधिक सुदृढ़ हो सके।
उपायुक्त ने रक्तदान को सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने नियमित रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है।
राहुल कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन एवं जिला रेड क्रॉस सोसाइटी समाज के कमजोर वर्गों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों तथा जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्यरत है। विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं प्रशासन के साथ मिलकर सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सभी एनजीओ, स्वयंसेवकों, रक्तदाताओं तथा रेड क्रॉस सदस्यों की निस्वार्थ सेवाओं को भी सराहा तथा यह योगदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने रेड क्रॉस प्रमोटर्स, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवकों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
सम्मानित संस्थाओं में मानव सेवा ट्रस्ट, अपराजिता ऑर्गेनाइजेशन, श्री सत्य साईं सेवा संगठन, समर्थ्य हमारी पहचान, नया सवेरा दिव्यांग शिक्षा संस्थान, एकल महिला विकास एवं किसान कल्याण समिति हिमाचल प्रदेश, जन सेवा नारायण सेवा समिति गेहड़वीं, लाहौल ट्राइबल्स वेलफेयर एसोसिएशन, चेतना हिमाचल प्रदेश, डिसेबल्ड स्पोर्ट्स एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश, श्री मूकांबिका विशेष बाल विद्यालय बरमाणा, दिव्यांग कल्याण संघ बिलासपुर, जन शिक्षण संस्थान चेतना हिमाचल प्रदेश, पीपल फाउंडेशन, डूअर्स, कहलूर हिमकुल्प फाउंडेशन, आशा किरण दिव्यांग शिक्षा संस्थान तथा नारायण कल्याण समिति घुमारवीं शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त 31 एनजीओ, 5 जूनियर रेड क्रॉस इकाइयों, 25 यूथ रेड क्रॉस इकाइयों, 5 विशेष उपलब्धि प्राप्त व्यक्तियों, 100 से अधिक बार रक्तदान करने वाले 5 रक्तदाताओं, 34 रेड क्रॉस स्वयंसेवकों तथा 10 दृष्टिबाधित दंपत्तियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, सचिव जिला रेडक्राॅस सोसायटी अमित कुमार, सुशील पुंडीर, सुरेश नड्डा, अरविंद, अरुण गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।