अंतराष्ट्रीय मिंजर मेला 2026 के आयोजन वारे बैठक आयोजित,
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की बैठक की अध्यक्षता,
26 जुलाई से 2 अगस्त तक मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला - मुकेश रेपसवाल
चंबा 8 मई 2026,अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के आयोजन के संबंध में जिला मुख्यालय चंबा में बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिला चंबा का सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक तथा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मिंजर मेला जिला चंबा की प्राचीन समृद्ध संस्कृति तथा समाज के विभिन्न वर्गों के आपसी मेल मिलाप व आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेले के मूल स्वरूप सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना हम सब का दायित्व है उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिंजर मेला 2026 की तैयारीयों से संबंधित अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी व गंभीरता के साथ निर्वहन करें1
बैठक में उपायुक्त ने मिंजर मेला 2026 से संबंधित कार्य सूची के अंतर्गत विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला इस वर्ष परंपरानुसार 26 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 तक चौगान नंबर-1 में मनाया जाएगा। बैठक में मेले के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मिंजर मेले के दौरान होने वाले व्यय व आय, निमंत्रण कार्ड /स्मारिका, परिवहन, यातायात व पार्किंग प्रबंधन, खेलकूद प्रतियोगिताओं, चौगान की साफ सफाई तथा मुरम्मत व रखरखाव, पेयजल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा व्यवस्था के अतिरिक्त मिंजर मेला - 2026 के लिए थीम निर्धारण सहित कला केन्द्र व मंजरी गार्डन में आवश्यक मुरम्मत के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, जिला भाषा अधिकारी तुकेश कुमार, विधि अधिकारी शरीफ शाह , पुलिस विभाग के निरीक्षक संत राम के अतिरिक्त कई अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।
======================================
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
चम्बा, 8 मई -उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज वर्ष 2025-26 की हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले जिला चम्बा के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं अध्यापकों के साथ संवाद कर उन्हें शुभकामनाएं एवं प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया।
उपायुक्त ने कहा कि यह जिला चम्बा के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का विषय है कि प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में जिले के पांच मेधावी विद्यार्थियों ने अपना स्थान सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों द्वारा कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के आधार पर यह उपलब्धि हासिल करना पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं अध्यापकों को शुभकामनायें देते हुए कहा कि प्रदेश भर के हजारों विद्यार्थियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाना सरल कार्य नहीं है। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह 5100-5100 की नकद प्रोत्साहन राशि तथा भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वारा लिखित प्रेरणादायक पुस्तक विंग्स ऑफ फायर भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा उपायुक्त से पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्होंने उन्हें जीवन में निरंतर लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
गौरतलब है कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में जिला चम्बा के पांच विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठेहड़ की छात्रा तनुजा कुमारी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गानेड के छात्र होमपाल ने संयुक्त रूप से प्रदेश में छठा स्थान प्राप्त किया, जबकि पीएम श्री बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल चम्बा के छात्र नितिन राणा एवं स्टीफन पब्लिक स्कूल चम्बा की छात्रा अन्वी ने संयुक्त रूप से सातवां स्थान हासिल किया है इसी तरह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पजा के छात्र कपिल ठाकुर ने प्रदेश भर में दसवां स्थान हासिल कर जिला एवं प्रदेश का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन व संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।