चण्डीगढ़, 25.04.26- : 13वीं बटालियन सीआरपीएफ की कमांडेंट कमल सिसोदिया के नेतृत्व एवं पहल पर सीआरपीएफ कार्मिकों हेतु तनाव प्रबंधन विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसका संचालन स्वयं कमांडेंट द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में कमल सिसोदिया ने कार्मिकों को तनाव प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराते हुए बताया कि तनाव मुख्यतः व्यक्ति की अपनी सोच एवं प्रतिक्रिया से उत्पन्न होता है। उन्होंने तनाव से निपटने के लिए स्वीकार्यता, धैर्य तथा कार्य-जीवन संतुलन बनाए रखने पर विशेष बल दिया। साथ ही, उन्होंने व्यक्तिगत रूप से कार्मिकों को काउंसलिंग एवं प्रेरित करते हुए आत्म-चिंतन और ध्यान (मेडिटेशन) को अपनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न इंटरएक्टिव गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे कार्मिकों को तनाव मुक्ति के व्यावहारिक उपाय समझने में सहायता मिली। ब्रह्माकुमारी संस्था की बहन अस्मिता ने भी सत्र में सहयोग करते हुए कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपने विचार साझा किए।
कमांडेंट कमल सिसोदिया द्वारा पूछे गए महत्वपूर्ण एवं सारगर्भित प्रश्नों तथा उनके मार्गदर्शन ने सत्र को अत्यंत प्रभावी बनाया। यह सेमिनार नशा मुक्ति, आत्महत्या की रोकथाम तथा कार्मिकों के समग्र मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे यह सत्र अत्यंत सफल एवं प्रभावी रहा। यह पहल कमांडेंट कमल सिसोदिया, 13वीं बटालियन सीआरपीएफ की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता एवं कार्मिकों के समग्र कल्याण के प्रति उनके संवेदनशील नेतृत्व को दर्शाती है।