सफलता की कहानी -हरनेड़ के बुजुर्ग दंपत्ति ने प्राकृतिक खेती से पैदा की बंपर फसल
केवल दो मरले जमीन में तैयार किया दो क्विंटल आलू
लगभग 15 कनाल भूमि पर प्राकृतिक विधि से उगा रहे हैं कई फसलें
हमीरपुर 17 अप्रैल। प्राकृतिक खेती में अपनी एक अलग पहचान बना चुके हमीरपुर के निकटवर्ती गांव हरनेड़ के एक और किसान परिवार ने प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। लगभग 15 कनाल भूमि पर विभिन्न फसलों को पूरी तरह से प्राकृतिक विधि से उगाने वाले इसी गांव के एक बुजुर्ग दंपत्ति ने अभी हाल ही में केवल दो मरले जमीन पर प्राकृतिक विधि से आलू की फसल उगाकर लगभग 200 किलोग्राम की पैदावार प्राप्त करके कृषि विशेषज्ञों को भी आश्चर्यचकित कर दिया है।
विकास खंड बमसन के गांव हरनेड़ की 76 वर्षीय तीर्थू देवी और उनके 83 वर्षीय पति रिखी राम शर्मा कई वर्षों से अपनी लगभग 15 कनाल भूमि पर गेहूं और मक्की की खेती कर रहे थे। उनका एक बेटा लुधियाणा में नौकरी कर रहा है तो दूसरा बेटा सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद बिजली बोर्ड में कार्यरत है। तीर्थू देवी और उनके परिवार को गेहूं और मक्की की खेती से ज्यादा लाभ नहीं हो रहा था। उन्हें हाईब्रिड बीज और रासायनिक खाद पर भी काफी खर्च करना पड़ता था।
लगभग ढाई वर्ष पहले तीर्थू देवी को प्रदेश सरकार की राजीव गांधी प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना के बारे में पता चला और कृषि विभाग के अधिकारियों की प्रेरणा से उन्होंने प्राकृतिक खेती आरंभ की। अब उनका परिवार प्राकृतिक खेती से ही गेहूं और मक्की के साथ-साथ अरबी, हल्दी, धनिया, मैथी, सरसों, सोयाबीन, भिंडी और अन्य सब्जियों की खेती कर रहा है।
पिछले सीजन में तीर्थू देवी ने केवल दो मरले के छोटे से खेत में आलू की बिजाई की। इतने छोटे खेत में ही उन्हें लगभग 200 किलोग्राम की बंपर पैदावार हुई। तीर्थू देवी ने बताया कि उनके खेत का आलू स्थानीय बाजार में ही 25 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से हाथों-हाथ बिक गया।
इस प्रकार, प्राकृतिक खेती को अपना कर हरनेड गांव के इस बुजुर्ग दंपत्ति ने अपनी आय में अच्छी-खासी वृद्धि की है। उनकी कामयाबी को देखकर अब गांव के अन्य किसान भी प्राकृतिक खेती को अपनाने लगे हैं।
उधर, आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक राकेश धीमान ने बताया कि राजीव गांधी प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना के तहत जिला के लगभग 25 हजार किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ा गया है तथा 3000 से अधिक हैक्टेयर भूमि को प्राकृतिक खेती के अंतर्गत लाया गया है तथा किसानों को एक करोड़ 68 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है।====================
तोल एवं माप विभाग 25 को करेगा जब्त सामग्री की नीलामी
हमीरपुर 17 अप्रैल। विधिक माप विज्ञान (तोल तथा माप) विभाग की हमीरपुर वृत्त-2 के निरीक्षक कार्यालय के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण और छापामारी के दौरान जब्त की गई सामग्री की नीलामी 25 अप्रैल को सुबह 11 बजे कार्यालय परिसर में की जाएगी।
विभाग के निरीक्षक ने बताया कि इच्छुक व्यापारी और अन्य लोग निर्धारित समय पर कार्यालय परिसर में पहुंचकर नीलामी में भाग ले सकते हैं। उच्चतम बोली लगाने वाले व्यक्ति को बोली की पूरी राशि मौके पर ही जमा करवानी होगी। नीलाम किए जाने वाले सामान के अवलोकन और नीलामी के संबंध में अधिक जानकारी के लिए विभाग के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
==========================================
विद्युत उपमंडल-1 में सभी व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने लगवाए स्मार्ट मीटर
हमीरपुर 17 अप्रैल। विद्युत उपमंडल-1 हमीरपुर के सहायक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि उपमंडल के अंतर्गत आने वाले झनियारी, मसियाणा, अमरोह, कुठेड़ा, धनेड़ और नाल्टी अनुभाग में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी है। इन अनुभागों में सभी एनडीएनसी एवं व्यावसायिक विद्युत कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसी प्रकार, अन्य अनुभागों में भी इन श्रेणियों के लगभग 95 प्रतिशत उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवा चुके हैं।
सहायक अभियंता ने बताया कि ये सभी स्मार्ट मीटर सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं और किसी भी उपभोक्ता की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने बताया कि उपमंडल के अन्य उपभोक्ताओं के मीटर भी बदलने की प्रक्रिया जारी है। इसलिए, सभी उपभोक्ता सहयोग करें और अपने-अपने घरों में स्मार्ट मीटर अवश्य लगवाएं।
सहायक अभियंता ने बताया कि अगर कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग नहीं करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
==================================
18 अप्रैल को करियां में बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति: सहायक अभियंता तेजू राम ठाकुर
चंबा, 17 अप्रैल-सहायक अभियंता तेजू राम ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्युत उपमंडल चंबा नं.1 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में 18 अप्रैल (शनिवार) को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि करियां ट्रांसफार्मर तथा स्ट्रीट लाइटों के प्रतिस्थापन कार्य के चलते विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान करियां ट्रांसफार्मर से जुड़े क्षेत्र करियां, करियां बाजार, उप्पर करियां, गांव सेली तथा गांव जिल्लो आदि में प्रातः10 बजे से सायं 3 बजे तक अथवा कार्य पूर्ण होने तक विद्युत सेवा बाधित रहेगी।
सहायक अभियंता ने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह कार्य मौसम की अनुकूल परिस्थितियों पर निर्भर भी करेगा।
==================================================
मैगल, द्रंग व नसलोह क्षेत्रों में बिजली बिल जमा करने के कैश काउंटर बंद
मंडी, 17 अप्रैल। सहायक अभियंता विद्युत उप मण्डल-3 हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड ई. होशियार सिंह राणा ने बताया कि विद्युत उप मण्डल-3 के अन्तर्गत आने वाले मैगल, द्रंग तथा नसलोह क्षेत्रों में संचालित बिजली बिल भुगतान के कैश काउंटर अप्रैल 2026 से बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 125 यूनिट तक घरेलू उपभोक्ताओं को निःशुल्क बिजली मिलने के कारण कैश काउंटरों पर केवल 5 से 10 उपभोक्ता ही भुगतान के लिए पहुंच रहे थे, जिसके चलते इन काउंटरों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने बिजली बिलों का भुगतान ऑनलाइन माध्यम, लोकमित्र केंद्र अथवा विद्युत उप मण्डल कार्यालय में आकर कर सकते हैं।
30 अप्रैल तक लंबित बिल जमा करवाने का आग्रह
सहायक अभियन्ता ने विद्युत उप मण्डल-3 के अन्तर्गत आने वाले भिउली, पुरानी मण्डी, खलियार, बिजनी, मैगल, पाखरी, द्रंग, नगरोटा, रोपरू, नसलोह, स्कोर, रेहराधार, बारी, गुमाणु तुंग तथा चौकी भलेड क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे अपने लंबित बिजली बिल 30 अप्रैल, 2026 तक कार्यालय में जमा करवा दें। निर्धारित तिथि तक भुगतान न करने की स्थिति में विद्युत मीटर काटने की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
===================================================
जरल खड्ड–समराहन सिंचाई योजना का हस्तांतरण, 57 किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
मंडी, 17 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना (चरण-II) के अंतर्गत खंड परियोजना प्रबंधन इकाई मंडी द्वारा निर्मित जरल खड्ड–समराहन प्रवाह सिंचाई योजना का हस्तांतरण कर दिया गया है। इस योजना से लगभग 8.5 हेक्टेयर भूमि सिंचाई सुविधा से जुड़ी है, जिससे 57 किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. हेमराज वर्मा ने बताया कि यह सिंचाई योजना क्षेत्र के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। योजना के तहत 620 मीटर लंबी कूहल का निर्माण किया गया है तथा खड्ड से पानी को खेतों तक सुचारु रूप से पहुंचाने के लिए मजबूत संरचना (हेड वियर) तैयार की गई है। इससे किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में सिंचाई जल उपलब्ध हो सकेगा, जिससे खेती की उत्पादकता में वृद्धि होगी।
उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ नकदी फसलों को अपनाने तथा बाजार से जुड़कर सरकार की कृषक हितैषी नीतियों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने फसल विविधीकरण को अपनाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि इससे खेती अधिक लाभकारी बनेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
डॉ. वर्मा ने कृषक विकास संघ को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को नियमित रूप से बैठकें आयोजित करनी चाहिए और एक सामूहिक फंड बनाना चाहिए, ताकि बरसात या अन्य प्राकृतिक कारणों से कूहल को होने वाले नुकसान की समय पर मरम्मत की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना के रखरखाव की जिम्मेदारी किसानों के संगठन (कृषक विकास संघ) की होगी और सभी किसानों के सहयोग से यह योजना लंबे समय तक सफलतापूर्वक चलती रहेगी तथा क्षेत्र की कृषि को नई दिशा देगी।
इस अवसर पर विषयवाद विशेषज्ञ डॉ. खूब राम तथा खंड परियोजना प्रबंधक डॉ. राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।
=============================
*गोहर उपमण्डल में स्वच्छता पखवाड़े का आगाज- अधिकारियों और स्वयंसेवियों ने मिलकर चलाया सफाई अभियान*
*गोहर, 17 अप्रैल।* स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आज विकास खण्ड गोहर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। उपमण्डलाधिकारी (नागरिक) गोहर देवीराम के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में उपमण्डल के समस्त विभागों ने सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। अभियान का मुख्य केंद्र ग्राम पंचायत चच्योट, चैलचौक, नैहरा (गणई), बासा और गोहर में व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं।
स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व उपमण्डलाधिकारी (नागरिक) गोहर देवीराम, खण्ड विकास अधिकारी डॉ. मनु वर्मा (भा.प्र.से.) और वनमण्डलाधिकारी नाचन सुरेंद्र कश्यप ने किया। अधिकारियों ने स्वयं धरातल पर उतरकर साफ-सफाई की और समाज को स्वच्छता का संदेश दिया। संबंधित ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक और ग्राम रोजगार सेवक, सामाजिक संगठन स्थानीय महिला मण्डल, युवक मण्डल और पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों सहित क्षेत्र के लगभग 200 स्वयंसेवियों ने श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया।
अभियान के सुचारू संचालन में स्थानीय व्यापारियों और समाजसेवियों, चैलचौक व्यापार मण्डल के अध्यक्ष राजकुमार, हिल थ्रिल बाढू, साई मैडिकल स्टोर गोहर, समाजसेवी गगन शर्मा, समाजसेवी व व्यापारी जगजीवन सिंह, समृद्धि युवा संगठन बस्सी तथा स्वयंसेवी संस्था भीमा इको ने सफाई दस्ताने, मास्क और कचरा संग्रहण के लिए प्लास्टिक बैग भेंट किए।
अभियान के दौरान क्षेत्र के लगभग एक दर्जन चिन्हित स्थानों और नालों से ठोस अपशिष्ट एकत्रित कर सुरक्षित निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग के लिए उपमंडलाधिकारी (ना०) देवी राम व वन मंडलाधिकारी सुरेंद्र कश्यप ने सभी का आभार प्रकट किया। खंड विकास अधिकारी गोहर डॉ. मनु वर्मा (भा.प्र.से.) ने कहा कि इस तरह के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
=============================
बिलासपुर में 09 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
मोटर वाहन चालानों सहित विभिन्न मामलों का होगा आपसी समझौते से त्वरित निपटाराबिलासपुर, 17 अप्रैल: जिला बिलासपुर के विभिन्न न्यायालय परिसरों में 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर प्रतीक गुप्ता ने दी।उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर बिलासपुर, घुमारवीं तथा झंडुता न्यायालय परिसर में किया जाएगा। इस लोक अदालत के माध्यम से पूर्व मुकदमेबाजी के मामलों के साथ-साथ न्यायालयों में लंबित वादों का भी आपसी समझौते के आधार पर त्वरित एवं सरल निपटारा किया जाएगा। लोक अदालत में बैंक से संबंधित विवाद, श्रम विवाद, बिजली एवं पानी के बिलों से जुड़े मामले, वैवाहिक विवाद सहित अन्य सुलह योग्य मामलों को लिया जाएगा। जिन व्यक्तियों के उपरोक्त श्रेणियों में मामले न्यायालयों में लंबित हैं, वे अपने प्रकरण को लोक अदालत में सूचीबद्ध करवा सकते हैं।इसके अतिरिक्त, जिन व्यक्तियों का मामला वर्तमान में किसी न्यायालय में विचाराधीन नहीं है, यदि वे आपसी सहमति के आधार पर अपने विवाद का समाधान लोक अदालत के माध्यम से कराना चाहते हैं, तो वे भी निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं और शीघ्र निर्णय प्राप्त कर सकते हैं।मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालानों से संबंधित मामलों के निपटारे की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। ऐसे मामलों को ऑनलाइन माध्यम से ई-पे के जरिए अथवा न्यायालय में उपस्थित होकर लोक अदालत से पूर्व भी निपटाया जा सकता है, जिससे नागरिकों को समय और संसाधनों की बचत होगी।सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की निःशुल्क कानूनी सहायता या परामर्श के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 15100 (हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-221452, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-224887 तथा उपमंडलीय विधिक सेवा समिति घुमारवीं के दूरभाष नंबर 01978-254080 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, अपनी समस्या ईमेल के माध्यम से Secy-dlsa-bil-hp@gov.in पर भी भेजी जा सकती है।ऑनलाइन आवेदन की सुविधा के लिए इच्छुक व्यक्ति राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण की वेबसाइट पर जाकर भी आवेदन कर सकते हैं। राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-221452 पर संपर्क किया जा सकता है अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से भी आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।
=========================
सोलन दिनांक 17.04.2026
50 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू 22 अप्रैल को
एलआईसी ऑफ इंडिया परवाणू में बीमा सखी के 50 पदों पर भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू 22 अप्रैल, 2026 को उप रोज़गार कार्यालय कसौली में आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन जगदीश कुमार ने दी।
जगदीश कुमार ने कहा कि उक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं व आयु 18 से 70 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पद केवल महिलाओं के लिए है।
उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपनी योग्यता सम्बन्धी सभी अनिवार्य प्रमाण पत्रों व दस्तावेज़ों सहित उप रोज़गार कार्यालय कसौली में 22 अप्रैल, 2026 को प्रातः 10.30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए कोई यात्रा-भत्ता देय नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 89883-00600 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
================================================
फार्मेसी ऑफिसर (एलोपैथी) के 18 पदों पर बैचवाइज वाइज होगी भर्ती, 20 अप्रैल तक करें ऑनलाइन पंजीकरण
ऊना, 17 अप्रैल। निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, हिमाचल प्रदेश द्वारा फार्मेसी ऑफिसर(एलोपैथी) जॉब ट्रेनी के 18 पद बैच आधार पर भरें जाएँगे। जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भर्ती प्रक्रिया विभिन्न श्रेणियों एवं बैच के अनुसार निर्धारित की गई है।
इनमें अनारक्षित श्रेणी के 7 पद मार्च 1999 बैच, अनारक्षित श्रेणी के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग में 2 पद दिसंबर 1999 बैच से, अनुसूचित जाति की अनारक्षित श्रेणी में 4 पद मार्च 2004 बैच से, अनुसूचित जाति की अंत्योदय/वीपीएल श्रेणी में 1 पद दिसंबर 2009 बैच से, अन्य पिछड़ा वर्ग की अनारक्षित श्रेणी में 2 पद सितंबर 2002 बैच से और अन्य पिछड़ा वर्ग की अंत्योदय/वीपीएल श्रेणी में 1 पद दिसंबर 2002 बैच से तथा एसटी श्रेणी के अनारक्षित वर्ग में 1 पद दिसंबर 2006 बैच से भरे जाएँगे।
ज़िला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी, जिनका नाम अभी तक रोजगार कार्यालय में पंजीकृत नहीं है, वे 20 अप्रैल से पहले अपना नाम संबंधित रोजगार कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट eemis.hp.nic.in पर दर्ज करवा लें, ताकि भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर प्राप्त हो सकें। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय ऊना के दूरभाष नंबर 01975-226063 पर संपर्क कर सकते हैं।