CHANDIGARH, 14.04.26- बापूधाम कॉलोनी, सेक्टर 26, चंडीगढ़ में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

इस अवसर पर युवा सत्ता रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर 26, बापूधाम कॉलोनी तथा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर समिति, सेक्टर 26, चंडीगढ़, स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी एवं ट्रिनिटी हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट, जीरकपुर के सहयोग से बापूधाम कॉलोनी स्थित श्री शीतला माता मंदिर में एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 300 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई एवं उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। इसके उपरांत केक काटकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती मनाई गई।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉ. कमला कौशल, निदेशक ट्रिनिटी हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट, जीरकपुर उपस्थित रहीं। स्वास्थ्य जांच शिविर में डॉ. निकिता चंदेल के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं परामर्श दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सेक्टर 26 के थाना अध्यक्ष श्री रामरतन शर्मा उपस्थित रहे। श्री रामरतन शर्मा ने बाबा साहेब भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को संविधान निर्माता, महान समाज सुधारक और न्याय का प्रतीक बताया और कहा कि उनके विचार आज भी हमें एक मजबूत और समृद्ध समाज बनाने की प्रेरणा देते हैं। आइए, हम उनके बताए हुए रास्ते पर चलकर एक शिक्षित, संगठित और सशक्त समाज का निर्माण करें। उन्होंने युवा सत्ता वेलफेयर रेजिडेंट्स एसोसिएशन जैसी संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज से बुराइयों को दूर कर रहे हैं, महिलाओं के सशक्तिकरण, कल्याण और युवाओं को नशे से दूर रखने जैसे उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशा पहले ही कई परिवारों को बर्बाद कर चुका है और अनेक युवा इसकी चपेट में आ चुके हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा बाबा साहेब के बताए हुए रास्ते पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर श्री सुरेश कुमार, युवा सत्ता के प्रमोद शर्मा, रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान श्री कृष्ण लाल, महासचिव जय प्रकाश, मोहम्मद यूनुस, मोहम्मद इस्तियाक, मोहम्मद शहेरोज तथा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर समिति से अनुज सबरवाल, विनू चौहान, मनोज लारा, आशू वैद्य, दानवीर सिंह, राणो देवी और सुरजीत कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संयोजन में इन सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा, जिनके प्रयासों से यह आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।