.हिमाचल दिवस पर धर्मशाला के पुलिस मैदान में होगा जिला स्तरीय समारोह
धर्मशाला, 06 अप्रैल। हिमाचल दिवस के अवसर पर 15 अप्रैल को धर्मशाला के पुलिस मैदान में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी एडीसी विनय कुमार ने आज यहां हिमाचल दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिये विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक मेें दी। उन्होंने समारोह के सफल आयोजन के लिए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल को प्रातः 10.30 बजे शहीद स्मारक में माल्यापर्ण किया जाएगा इसके उपरांत 11ः02 बजे पुलिस मैदान में ध्वजारोहण तथा परेड का निरीक्षण और मार्च पास्ट की सलामी लेने के उपरांत जिला वासियों को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि परेड में पुलिस, होम गार्डस, एससीसी, एनएसएस तथा स्काउट व गाइडस के दल भाग लेंगे जबकि इस समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बच्चों और सांस्कृतिक दलों द्वारा हिमाचली संस्कृति व देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे।
एडीसी ने कहा कि हिमाचल दिवस के कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

============================================

धर्मशाला में 7 अप्रैल को रेडक्राॅस मेला
स्वास्थ्य सेवाओं, जन-जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा संगम

धर्मशाला, 6 अप्रैल: जिला रेडक्राॅस सोसायटी कांगड़ा द्वारा 7 अप्रैल 2026 को पुलिस ग्राउंड, धर्मशाला में प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक रेडक्राॅस मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला न केवल मनोरंजन का माध्यम होगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक जागरूकता और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी साबित होगा। सोसायटी के सचिव ओ.पी. शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करना, समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देना है।
किसानों, बच्चों और युवाओं के लिए विशेष आकर्षण
सचिव ने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा कई ज्ञानवर्धक और जागरूकता से जुड़े स्टाॅल लगाए जाएंगे। विशेष रूप से किसानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों, योजनाओं और सरकारी सहायता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, दौड़ प्रतियोगिता सहित अन्य रोचक गतिविधियां शामिल होंगी। इसके अतिरिक्त, मेले में तंबोला भी आयोजित किया जाएगा, जो आगंतुकों के लिए खास आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
स्थानीय उत्पाद और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा
उन्होेेंने बताया कि मेले में खाने-पीने के विभिन्न स्टाॅल लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद और पारंपरिक वस्तुएं भी प्रदर्शित एवं बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।
लकी ड्राॅ का आयोजन
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान लकी ड्राॅ का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में मोटरसाइकिल, द्वितीय पुरस्कार लैपटाॅप तथा तृतीय पुरस्कार एलईडी टीवी प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त रेफ्रिजरेटर, वाॅशिंग मशीन, माइक्र्रोवेव ओवन, वाटर प्यूरीफायर, सीलिंग फैन सहित कई अन्य आकर्षक सांत्वना पुरस्कार भी विजेताओं को दिए जाएंगे।
आयुष्मान आरोग्य शिविर मंे मिलंेगी निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं
ओ.पी. शर्मा ने बताया कि रेडक्राॅस मेले के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान आरोग्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में आमजन को विभिन्न प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन सेवाओं में ब्लड प्रेशर जांच, ब्लड शुगर टेस्ट, हीमोग्लोबिन जांच तथा छाती का एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच शामिल हैं। विशेषज्ञ डाॅक्टरों की उपस्थिति में लोगों को स्वास्थ्य परामर्श भी दिया जाएगा, जिससे वे अपनी सेहत के प्रति अधिक सजग हो सकें। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से मेले में भाग लेने और इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

=============================

11 केवी मंदल फीडर में 7 अप्रैल को बिजली बंद
धर्मशाला, 06 अप्रैल: धर्मशाला विद्युत उपमंडल नम्बर -2 के सहायक अभियन्ता रमेश चंद ने जानकारी दी है कि 07 अप्रैल को मरम्मत कार्य के चलते 11 केवी मंदल फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों पास्सु, ढ़गवार, मनेड़, अप्पर मनेड़ (दाड़ी क्षेत्र) तथा आस-पास के क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे या कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। खराब मौसम की स्थिति में यह कार्य अगले दिन किया जाएगा। उन्होंने जनता से सहयोग की अपील की है।

==============================

सोलन-दिनांक 06.04.2026

विक्रमादित्य सिंह 07 अप्रैल को सोलन ज़िला के प्रवास पर

लोक निर्माण तथा शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह 07 अप्रैल, 2026 को सोलन ज़िला के प्रवास पर आ रहे हैं।
विक्रमादित्य सिंह 07 अप्रैल, 2026 को प्रातः 11.00 बजे दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठाड़ में इंडोर स्टेडियम की आधारशिला रखेंगे।
लोक निर्माण मंत्री तदोपरांत प्रातः 11.15 बजे टैगोर वनस्थली पब्लिक स्कूल कुठाड़ में आयोजित ‘इन्वेस्टीचर सेरेमनी 2026-27’ में मुख्यातिथि होंगे।

========================================

मंडी में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगाहिमाचलदिवससमारोह

मंडी, 6 अप्रैल। हिमाचल दिवस पर जिला स्तरीय समारोह 15 अप्रैल, 2026 को मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर आज यहां अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।

डॉ. मदन कुमार ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि 15 अप्रैल को सुबह 11.00 बजे ध्वजारोहण कर भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। साथ ही परेड का निरीक्षण करेंगे और अपना संदेश देंगे। इससे पहले मुख्य अतिथि इंदिरा मार्केट परिसर में स्थित संकन गार्डन में शहीद स्मारक पर और गांधी चौक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

उन्होंने बताया कि मार्च पास्ट में पुलिस, गृह रक्षक, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बच्चे भाग लेंगे। समारोह में स्थानीय स्कूलों व अन्य संस्थानों द्वारा लोक संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने भाषा, कला एवं संस्कृति और सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरे करने को कहा।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने आयोजन से जुड़े लोक निर्माण, पुलिस, नगर निगम, जल शक्ति, विद्युत बोर्ड, गृह रक्षक, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मंडीवासियों से समारोह में सहभागिता जताने के लिए अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का आग्रह भी किया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, उपमंडलाधिकारी (ना.) सदर रुपिंदर कौर, सहायक आयुक्त कुलदीप सिंह पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

===============================================

27वीं राज्य स्तरीय अंतर बहुतकनीकी एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता 7 से
राजेश धर्माणी बड़ू में करेंगे इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ

हमीरपुर 06 अप्रैल। बहुतकनीकी महाविद्यालयों की 27वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता 7 से 9 अप्रैल तक बड़ू स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर में आयोजित की जा रही है। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी 7 अप्रैल को सुबह 10 बजे इस प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे।
राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 17 बहुतकनीकी महाविद्यालयों के लगभग 668 विद्यार्थी भाग लेंगे, जिनमें 245 छात्राएं और 423 छात्र शामिल हैं। इनके अतिरिक्त विभिन्न संस्थानों से 51 टीम प्रभारी भी उपस्थित रहेंगे।
प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्र वर्ग में 100, 200, 400, 800, 1500 और 5000 मीटर की दौड़ स्पर्धाएं, चार गुणा 100 मीटर रिले दौड़ तथा चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़, हाई जंप, लॉंग जंप, डिस्कस थ्रो, जैवलियन थ्रो और शॉट पुट स्पर्धा होगी। छात्राओं के वर्ग में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, हाई जंप, लॉंग जंप, डिस्कस थ्रो, जैवलियन थ्रो और शॉट पुट स्पर्धा होगी। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में एकल पहाड़ी लोकगीत, गज़ल-गीत, समूह गान और लोकनृत्य की स्पर्धाएं करवाई जाएंगी।
प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए 11 उपसमितियों का गठन किया गया है। बाहर से आने वाले प्रतिभागियों एवं टीम प्रभारियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रतिभागियों को अपनी खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा तथा आपसी सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देगा।

========================================

सांख्यिकी सहायक की छंटनी परीक्षा का परिणाम घोषित

हमीरपुर 05 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने सांख्यिकी सहायक (पोस्ट कोड 25013) के 3 पदों को भरने के लिए 18 फरवरी को आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस परीक्षा में उत्तीर्ण 13 उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 24 अप्रैल को सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में आरंभ होगी, जिसका शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचित किया जाएगा। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी फोटो प्रतियों के दो-दो सैट और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।