नगर परिषद सुजानपुर और नगर पंचायत भोटा का आरक्षण रोस्टर जारी
हमीरपुर 31 मार्च। जिला हमीरपुर के दो शहरी निकायों- नगर परिषद सुजानपुर और नगर पंचायत भोटा का आरक्षण रोस्टर जारी कर दिया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि नगर परिषद सुजानपुर के कुल 9 वार्डाें में से वार्ड नंबर-2, 3 और 4 अनारक्षित रहेंगे। जबकि, वार्ड-5, 6, 8 और 9 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। वार्ड नंबर-1 अनुसूचित जाति और वार्ड नंबर-7 अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित रखा गया है।
नगर पंचायत भोटा के कुल 7 वार्डों में से वार्ड नंबर-2 और 6 अनारक्षित रहेंगे। जबकि, वार्ड नंबर-1, 4 और 5 महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। वार्ड नंबर-7 अनुसूचित जाति के लिए और वार्ड नंबर-3 अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित रखा गया है।
=================================================
बीएलओ, सुपरवाइजरों और एईआरओ को समझाई एसआईआर की प्रक्रिया
बड़सर 31 मार्च। विधानसभा क्षेत्र 39-बड़सर के बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजरों और एईआरओ को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया से अवगत करवाने के लिए यहां मिनी सचिवालय में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला मंगलवार को संपन्न हो गई। कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम एवं विधानसभा क्षेत्र 39-बड़सर की निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी स्वाति डोगरा ने सभी संबंधित अधिकारियों से विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को गहनता के साथ समझने और इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने की अपील की।
एसडीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग वर्ष 2002 के बाद वर्ष 2026 में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण करवा रहा है। इसका मकसद सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करके और अपात्र लोगों के नाम इन सूचियों से हटाकर शुद्ध मतदाता सूचियां तैयार करना है।
कार्यशाला के दोनों दिन जिला निर्वाचन कार्यालय के तहसीलदार सुरेश कुमार और सहायक प्रोग्रामर मनीषा शर्मा ने बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजरों और एईआरओ को विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
एसडीएम ने कार्यशाला के प्रथम दिन और दूसरे दिन के दो अलग-अलग बैच के अधिकारियों के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित करवाई, ताकि सभी अधिकारी विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया की बारीकियों को आसानी से समझ सकें। उन्होंने कार्यशाला के आयोजन के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों का धन्यवाद भी किया।
===================================================
आरसेटी में 28 महिलाओं ने सीखे खिलौने बनाना
हमीरपुर 31 मार्च। मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित 14 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 28 महिलाओं को खिलौने (सॉफ्ट टॉयज) बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
शिविर के समापन अवसर पर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने कहा कि इस संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अपने उद्यम स्थापित कर सकती हैं। स्वयं सहायता समूहों का गठन करके भी महिलाएं अपना उद्यम या कारोबार चला सकती हैं। इसमें आरसेटी और विभिन्न बैंक भी उनकी भरपूर मदद करेंगे। निदेशक ने महिलाओं को बैंकों की ऋण योजनाओं, बीमा योजनाओं, अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा डिजिटल बैंकिंग के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और अटल पेंशन योजना का लाभ उठाने की अपील भी की।
इस अवसर पर शिविर के मूल्यांकनकर्ता सोमदत्त शर्मा, निर्मला चौधरी, ट्रेनर नीलम राणा, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।
==============================================
ग्वालपत्थर में आयोजित किया आयुष ग्राम मेला, 509 लोगों के स्वास्थ्य की जांच
नादौन 31 मार्च। आयुष विभाग ने मंगलवार को ग्राम पंचायत ग्वालपत्थर में आयुष ग्राम मेला आयोजित किया, जिसमें एसडीएम निशांत शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि आयुर्वेद, योग और प्राणायाम जैसी प्राचीन भारतीय पद्धतियों को हम अपनी आम दिनचर्या में अपनाकर अपने आपको स्वस्थ रख सकते हैं। इसके लिए सभी लोगों को आयुष विभाग की ओर से प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने आयुष पत्रिका का विमोचन भी किया और गुग्गा मंदिर के परिसर में औषधीय पौधों का रोपण भी किया।
इससे पहले, जिला आयुष अधिकारी डॉ. राजेश कालिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन बाला ने आयुष ग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया। डॉ. कमल भारद्वाज ने औषधीय पौधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान लगाए गए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में लगभग 509 लोगों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त निःशुल्क औषधीय पौधों का वितरण किया गया तथा आयुर्वेद के अनुसार जीवन शैली अपनाने, रागी, बाजरा, जौ और अन्य मोटे अनाज तथा ‘अपनी रसोई, अपना उपचार’ से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम में नादौन के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथी चंद और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
=================================================
सहायक स्टाफ नर्स के पदों के लिए पुरुष उम्मीदवार भी कर सकते हैं आवेदन
अधिकतम आयु सीमा भी 45 वर्ष की, एससी-एसटी उम्मीदवारों को 5 वर्ष की छूट
छूटे पात्र उम्मीदवार 14 अप्रैल रात 11ः59 बजे तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
हमीरपुर 31 मार्च। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने उच्च न्यायालय के फैसले के बाद सहायक स्टाफ नर्स (एलोपैथी) की भर्ती के लिए पूर्व में जारी विज्ञापन में संशोधन करते हुए पुरुष उम्मीदवारों को भी आवेदन का अवसर प्रदान किया है। इसके अलावा अधिकतम आयु सीमा भी बढ़ाकर 45 वर्ष कर दी है। एससी-एसटी उम्मीदवारों को आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट भी मिलेगी।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए पिछले वर्ष 6 दिसंबर को जारी विज्ञापन को रिवाइव करते हुए छूटे उम्मीदवारों को आवेदन का अवसर प्रदान किया गया है। ये छूटे हुए उम्मीदवार एक अप्रैल सुबह 10 बजे से 14 अप्रैल रात 11ः59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती के अन्य नियम एवं शर्तें यथावत रहेंगे।