8 अप्रैल तक बंद रहेगी मैड़-भगेटू सड़क
हमीरपुर 30 मार्च। उपमंडल हमीरपुर के अंतर्गत मैड़-भगेटू सड़क पर झिनकरी के पास एक दीवार के कार्य के चलते इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 8 मार्च तक बंद की गई है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि सड़क की मरम्मत एवं दीवार के कार्य को अतिशीघ्र पूरा करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक अप्पर मैड़-पांडवीं-टाउन भराड़ी सड़क या लोअर मैड़-झिनकरी सड़क या टियाले दा घाट-झिनकरी सड़क को वैकल्पिक रूट के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। जिलाधीश ने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।

===========================================

युवाओं को नशे और अन्य बुराइयों से बचाती हैं खेलें : नरेश ठाकुर
राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार ने किया बॉक्सरों का उत्साहवर्द्धन

हमीरपुर 30 मार्च। हिमाचल प्रदेश राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने कहा है कि युवाओं को नशे और अन्य बुराइयों से बचाने के लिए खेलों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। ये खेलें हमारी युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचा सकती हैं।
सोमवार को यहां गांधी चौक में आयोजित की जा रही राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में दोपहर बाद के मुकाबलों में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नरेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने खेलकूद प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने के लिए बजट में विशेष रूप से 12 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके अलावा प्रदेश में खेलों के लिए आधुनिक इनफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए भी मुख्यमंत्री ने बड़े निर्णय लिए हैं। इसका उदाहरण नादौन में लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम है। इस इंडोर स्टेडियम में बॉक्सिंग सहित कुल 17 खेलों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन के लिए प्रदेश एवं जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभाशाली बॉक्सरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर मिला है। इससे अन्य युवा भी बॉक्सिंग और अन्य खेलों की ओर आकर्षित हांेगे।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण ठाकुर, महासचिव सुरेंद्र शेट्टी, जिला महासचिव अनिल मनकोटिया, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष टोनी ठाकुर, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. चंदन राणा, बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

=====================================================

अब जेओए के 351 और रेडियोग्राफर के 28 पद भरे जाएंगे
पूर्व में जारी विज्ञापनों में जोड़े जोओए के 117 और रेडियोग्राफर के 18 पद

हमीरपुर 30 मार्च। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) के माध्यम से भरे जा रहे जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (ट्रेनी) के पदों की संख्या में 117 की बढ़ोतरी की गई है। अब आयोग जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (ट्रेनी) के कुल 351 पदों पर भर्ती करेगा। इसी प्रकार रेडियोग्राफर की भर्ती में भी 18 पद और जोड़े गए हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस वर्ष 21 जनवरी को जारी आयोग के विज्ञापन में पोस्ट कोड-26001 के तहत जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (ट्रेनी) के 234 पद विज्ञापित किए गए थे। लेकिन, अब भर्ती निदेशालय से 117 और पदों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसलिए, अब इन पदों की संख्या बढ़कर 351 हो गई है।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस वर्ष 28 फरवरी को जारी आयोग के विज्ञापन में पोस्ट कोड-26009 के तहत रेडियोग्राफर के 10 पद विज्ञापित किए गए थे। लेकिन, अब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशालय से 18 और पदों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसलिए, अब इन पदों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है।
सचिव बताया कि इन दोनों पोस्ट कोड की भर्ती प्रक्रिया के अन्य नियम और शर्तें यथावत रहेंगी।