एचआईवी-एड्स से ग्रस्त लोगों और उनके आश्रितों तक पहुंचाएं योजनाएं
डीसी गंधर्वा राठौड़ ने स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए निर्देश

हमीरपुर 23 मार्च। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जिला में एचआईवी-एड्स से ग्रस्त लोगों को एआरटी सेंटर के माध्यम से सभी आवश्यक दवाइयों की आपूर्ति नियमित रूप से सुनिश्चित करने के साथ-साथ इन लोगों तथा इनके आश्रितों को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से भी लाभान्वित करें। इन लोगों के साथ किसी भी तरह के भेदभाव को रोकने के लिए बनाए गए विभिन्न अधिनियमों एवं नियमों की भी अक्षरशः अनुपालना होनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर इनकी पहचान उजागर नहीं होनी चाहिए।
एचआईवी-एड्स से ग्रस्त लोगों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के लिए सोमवार को यहां हमीर भवन में आयोजित वार्षिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन लोगों को दवाइयां और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर में एआरटी सेंटर स्थापित किया गया है। इसमें जिला हमीरपुर और इसके साथ लगते जिला बिलासपुर, मंडी, ऊना तथा कांगड़ा जिले के कुछ इलाकों के कुल 1453 एचआईवी संक्रमित एवं एड्स के रोगियों को दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इनमें जिला हमीरपुर के संक्रमित रोगियों की संख्या 953 है।
उपायुक्त ने कहा कि बचाव एवं जागरुकता ही एड्स का इलाज है। इसके प्रति आम लोेग, विशेषकर युवा जागरुक रहें तो इसे फैलने से रोका जा सकता है। एचआईवी संक्रमित महिला के गर्भधारण के 24 सप्ताह के भीतर अगर पता चल जाए तो बच्चे को संक्रमण से बचाया जा सकता है। इसलिए, सरकार ने सभी गर्भवती महिलाओं का एचआईवी टैस्ट अनिवार्य कर दिया है और अगर गर्भवती महिला एचआईवी संक्रमित पाई जाती है तो उसे तुरंत दवाइयां शुरू कर दी जाती हैं, जिससे बच्चे का बचाव हो जाता है। संक्रमित व्यक्ति अगर अपनी जीवन शैली को ठीक रखे तथा एआरटी सेंटर से नियमित रूप से दवाइयां एवं डॉक्टरी सलाह लेता रहे तो वह भी लंबा जीवन जी सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि एचआईवी-एड्स के बारे में अभी भी समाज में कई भ्रांतियां हैं और इसका पता चलने पर रोगियों के साथ भेदभाव की आशंका रहती है। इसलिए, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभाग फील्ड में लगातार जागरुकता कार्यक्रम आयोजित करें। शिक्षण संस्थानों में गठित रैड रिबन क्लबों को भी सक्रिय रखें।
उपायुक्त ने बताया कि एचआईवी-एड्स के रोगियों और उनके आश्रितों को वित्तीय मदद, परिवहन, शिक्षण-प्रशिक्षण, रोजगार और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी तय की गई है। सभी संबंधित विभाग पात्र लोगों को लाभान्वित करें।
बैठक में सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी, मेडिकल कालेज अस्पताल के एमएस डॉ. देशराज शर्मा और जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी सुनील वर्मा ने विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
======================================
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने की गैस आपूर्ति की समीक्षा
घरेलू गैस कनेक्शनधारकों के लिए हो रही है पर्याप्त आपूर्ति, सहयोग की अपील की
व्यावसायिक सिलेंडरों की कमी होने पर कैरोसिन भी उपलब्ध करवा सकता है विभाग

हमीरपुर 23 मार्च। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सोमवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, अन्य विभागों के अधिकारियों तथा गैस एजेंसियों के संचालकों के साथ बैठक करके जिला में रसोई गैस की आपूर्ति की समीक्षा की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिला में 10 गैस एजेंसियों के माध्यम से 1,63,343 घरेलू गैस कनेक्शन धारकों और 3339 व्यावसायिक गैस कनेक्शनधारकों को सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जिला में घरेलू कनेक्शनधारकों के लिए अभी सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है। इसलिए, ये कनेक्शनधारक अफवाहों पर विश्वास न करें और सिलेंडरों की रि-फिलिंग के लिए बेवजह अफरा-तफरी न मचाएं तथा गैस एजेंसी संचालकों का सहयोग करें।
उपायुक्त ने कहा कि सिलेंडर की बुकिंग के लिए आईओसी ने 25 दिन की अवधि निर्धारित की है। दूरदराज क्षेत्रों की एजेंसियों के लिए यह अवधि 45 दिन रखी गई है। सभी उपभोक्ता इसके अनुसार ही बुकिंग करवाएं।
गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला में व्यावसायिक सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने आईओसी के फील्ड अधिकारी को व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी, अन्य स्कूलों और अस्पतालों को पहले से ही विशेष रूप से छूट प्रदान की गई है तथा इनमें घरेलू सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा है। एनआईटी के लिए विशेष रूप से व्यावसायिक सिलेंडरों का प्रबंध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ढाबों, होटलों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लिए व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए आईओसी से लगातार संपर्क किया जा रहा है। ये व्यापारिक प्रतिष्ठान और अन्य संस्थान कैरोसिन एवं अन्य वैकल्पिर्क इंधन का उपयोग कर सकते हैं। अगर किसी व्यवसायी या संस्थान को कैरोसिन की आवश्यकता है तो वह विभाग से संपर्क कर सकता है।
उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अगर उपभोक्ताओं की अधिक भीड़ के कारण किसी गैस एजेंसी की गाड़ी की मूवमेंट में कोई दिक्कत आ रही है तो उसकी तत्काल मदद करें।
बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक शिव राम ने गैस की आपूर्ति की ताजा स्थिति की विस्तृत जानकारी दी।
================================
कुपोषित बच्चों पर विशेष रूप से करें फोकस : गंधर्वा राठौड़
महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीसी ने दिए निर्देश
इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत जिला में खर्च किए गए 2.25 करोड़

हमीरपुर 23 मार्च। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जिला स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करके इन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि जिला में छह माह से 3 साल तक के 11,478 बच्चों, 3 साल से 6 साल तक के 3965 बच्चों, 1834 गर्भवती महिलाओं और 2167 धात्री महिलाओं को कुल 1351 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषाहार दिया जा रहा है। बच्चों के शारीरिक विकास पर नजर रखी जा रही है। दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों के अनुसार जिला में कुल 21,322 बच्चों में से 113 बच्चे गंभीर रूप से कुपोषित पाए गए हैं, जबकि 490 बच्चे आंशिक रूप से कुपोषित हैं। उपायुक्त ने महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इन बच्चों पर विशेष रूप से फोकस करने के निर्देश दिए। आंगनवाड़ी केंद्रों में विभिन्न सुविधाओं के संबंध में भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई।
गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि महिलाओं के कल्याण, उत्थान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मिशन शक्ति के तहत कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अत्याचार की शिकार महिलाओं की त्वरित मदद और शरण प्रदान करने के लिए हमीरपुर में वन स्टॉप सेंटर की स्थापना की गई है। इस वित्त वर्ष में अभी तक इस सेंटर के माध्यम से 112 महिलाओं की त्वरित मदद की गई है। टॉल फ्री महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर प्राप्त शिकायतों का भी त्वरित निपटारा किया गया है।
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इस योजना के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न जागरुकता गतिविधियों और बेटियों को प्रोत्साहित करने से अच्छे परिणाम सामने आए हैं और इससे जिला के लिंगानुपात में काफी सुधार देखने को मिल रहा है। अभी जिला में जन्म के समय लिंगानुपात बढ़कर 984 हो गया है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत जिला में इस वित्त वर्ष में अभी तक 1.98 करोड़ से अधिक धनराशि खर्च की जा चुकी है। बेटी है अनमोल योजना में 5.87 लाख रुपये, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना 70.89 लाख, मुख्यमंत्री शगुन योजना 82.46 लाख और विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत 24 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। निराश्रित महिलाओं के बच्चों की शिक्षा के लिए इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 2.25 करोड़ रुपये की वित्तीय मदद दी गई है।
बैठक में अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने विभाग की सभी योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला स्तरीय समिति के गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।
==============================
15 अप्रैल तक बंद रहेगी बदारन-गाहलियां जोल-गारली सड़क
हमीरपुर 23 मार्च। बड़सर उपमंडल के अंतर्गत बदारन-गाहलियां जोल-गारली सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन के कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात 15 अप्रैल तक बंद किया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि बदारन-गाहलियां जोल-गारली सड़क के मरम्मत एवं अपग्रेडेशन कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए उक्त सड़क पर वाहनांे की आवाजाही 15 अप्रैल तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक बड़सर-हरसौर-गारली सड़क से आवाजाही कर सकते हैं।।
=============================
डॉ. आर.के.जी.एम.सी. हमीरपुर में HP ISACON 2026 का सफल आयोजन

डॉ. राधाकृष्णन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर के एनेस्थीसिया विभाग द्वारा HP ISACON 2026, इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स का वार्षिक राज्य सम्मेलन, सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम को डॉ. आर.के.जी.एम.सी. हमीरपुर के प्रिंसिपल प्रो. डॉ. रमेश भारती की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

इस सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश तथा आसपास के राज्यों से एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स, फैकल्टी सदस्यों एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। वैज्ञानिक कार्यक्रम को सुविचारित ढंग से तैयार किया गया था, जिसमें मुख्य व्याख्यान (कीनोट लेक्चर), पैनल चर्चा, केस-आधारित विमर्श तथा हैंड्स-ऑन वर्कशॉप शामिल थीं, जिनमें एनेस्थीसिया, क्रिटिकल केयर एवं दर्द प्रबंधन के नवीनतम प्रगतियों पर विशेष ध्यान दिया गया।

प्रतिष्ठित संस्थानों से आए विशिष्ट विशेषज्ञों एवं प्रख्यात फैकल्टी ने अपने ज्ञान एवं क्लिनिकल अनुभव साझा किए, जिससे सत्र अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं रोचक रहे। प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी एवं इंटरैक्टिव चर्चाओं ने सम्मेलन के शैक्षणिक स्तर को और समृद्ध किया।

इस सम्मेलन के दौरान ट्रांसथोरेसिक इकोकार्डियोग्राफी वर्कशॉप हेतु प्रो. विरेंद्र के. आर्य, मैक्स रेडी हॉस्पिटल, मैनिटोबा, विनिपेग, कनाडा से विशेष रूप से जुड़े।

सम्मेलन का सफल संचालन आयोजन समिति के नेतृत्व में किया गया, जिसमें डॉ. मनजीत सिंह कंवर (आयोजन अध्यक्ष), डॉ. प्रियंका सूद (आयोजन सचिव), डॉ. पूजा ठाकुर (वैज्ञानिक अध्यक्ष), डॉ. निशा शर्मा (वैज्ञानिक अध्यक्ष), एवं डॉ. नीरज शर्मा (सह-आयोजन सचिव) तथा डॉ. भावना अहलुवालिया (कोषाध्यक्ष) शामिल थे। इनकी समर्पित मेहनत तथा संस्थागत प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम का सूक्ष्म नियोजन एवं सफल क्रियान्वयन संभव हो सका।

सम्मेलन का समापन अत्यंत उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जिसने निरंतर चिकित्सा शिक्षा एवं उत्कृष्ट रोगी देखभाल के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया। आयोजकों ने सभी अध्यक्षों, फैकल्टी, प्रतिनिधियों एवं प्रायोजकों के प्रति HP ISACON 2026 की सफलता में योगदान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
===========================================
नगर पंचायत भोरंज की मतदाता सूचियों के लिए दावे या आपत्तियां 28 तक

भोरंज 23 मार्च। नगर पंचायत भोरंज की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण अधिकारी एवं तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि इन मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण के लिए अर्हक तिथि एक अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। यानि एक अप्रैल 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अपने नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करवाने के दावे या अपात्र लोगों के नाम हटाने के लिए आपत्तियां 28 मार्च तक पुनरीक्षण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती हैं।
पुनरीक्षण अधिकारी इन दावों या आपत्तियां का निपटारा 2 अप्रैल तक सुनिश्चित करेंगे। अगर कोई मतदाता पुनरीक्षण अधिकारी द्वारा दिए निर्णय से संतुष्ट नहीं होगा तो वह 10 अप्रैल तक संबंधित अथॉरिटी के समक्ष अपील कर सकता है। 17 अप्रैल तक सभी अपीलों का निपटारा कर दिया जाएगा और 20 अप्रैल तक अनुपूरक मतदाता सूचियां अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी जाएंगी।
============================================

नगर निगम हमीरपुर की मतदाता सूचियों के लिए दावे या आपत्तियां 28 तक

हमीरपुर 23 मार्च। नगर निगम हमीरपुर की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण अधिकारी एवं तहसीलदार नरेश पटियाल ने बताया कि इन मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण के लिए अर्हक तिथि एक अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। यानि एक अप्रैल 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अपने नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करवाने के दावे या अपात्र लोगों के नाम हटाने के लिए आपत्तियां 28 मार्च तक पुनरीक्षण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती हैं।
पुनरीक्षण अधिकारी इन दावों या आपत्तियां का निपटारा 2 अप्रैल तक सुनिश्चित करेंगे। अगर कोई मतदाता पुनरीक्षण अधिकारी द्वारा दिए निर्णय से संतुष्ट नहीं होगा तो वह 10 अप्रैल तक निगम के मतदाता पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम हमीरपुर के समक्ष अपील कर सकता है। 17 अप्रैल तक सभी अपीलों का निपटारा कर दिया जाएगा और 20 अप्रैल तक अनुपूरक मतदाता सूचियां अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी जाएंगी।
======================================================
क्रैच वर्कर और क्रैच हेल्पर के साक्षात्कार रद्द

हमीरपुर 23 मार्च। बाल विकास परियोजना टौणी देवी के अंतर्गत क्रैच सेंटर ब्राह्मणी में क्रैच वर्कर और क्रैच हेल्पर के पद के लिए प्रस्तावित साक्षात्कार प्रशासनिक कारणों से रद्द कर दिए गए हैं। टौणी देवी के बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि पहले ये साक्षात्कार 24 मार्च को रखे गए थे और बाद में इनकी तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई थी। लेकिन, अब इन्हें प्रशासनिक कारणों से रद्द कर दिया गया है।
=======================================
मोतियाबिंद के मुफ्त ऑपरेशन एवं लैंस की सुविधा के लिए 26 तक करें संपर्क
बुजुर्गों के ऑपरेशन और लैंस का पूरा खर्चा देगा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग
10,000 रुपये तक का लैंस मिलेगा मुफ्त, दवाई और किराये के लिए भी मिलंेगे एक-एक हजार

हमीरपुर 23 मार्च। जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मोतियाबिंद के शिकार गरीब वरिष्ठ नागरिकों को नेशनल एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीजन के तहत निशुल्क सर्जरी की सुविधा प्रदान कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए पात्र वरिष्ठ नागरिकों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु दस हजार रुपये तक का उत्तम गुणवत्ता का लैंस निशुल्क उपलब्ध करवाया जायेगा। इसके अतिरिक्त ऑपरेशन से संबंधित दवाइयों के लिए एक हजार रुपये तथा अस्पताल तक आने-जाने के लिए एक हजार रुपये परिवहन भत्ता भी विभाग द्वारा दिया जाएगा।
जिला कल्याण अधिकारी ने सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए 26 मार्च तक तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में संपर्क करें। तहसील भोरंज के वरिष्ठ नागरिक मोबाइल नंबर 9816285178 पर, बड़सर के 9418667372, सुजानपुर के 7018686968, नादौन के 8360554731 और हमीरपुर तहसील के वरिष्ठ नागरिक मोबाइल नंबर 9418743265 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222379 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
===============================================
बीएमओ कार्यालय नादौन के पुराने लैब भवन की नीलामी 25 को

नादौन 23 मार्च। खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नादौन के परिसर में स्थित लैब के पुराने भवन को गिराने और उसके मलबे को उठाने के लिए उक्त भवन की नीलामी प्रक्रिया 25 मार्च को सुबह 11 बजे आरंभ की जाएगी।
इस पुराने भवन की नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति 25 मार्च सुबह 11 बजे तक खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नादौन में दस हजार रुपये का बैंक ड्राफ्ट एफडीआर के रूप में जमा करवाकर नीलामी में भाग ले सकते हैं।