*मंडी, 13 मार्च।* राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध, प्रभावी व त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति लोगों और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु है, जिसके माध्यम से जनहित के मुद्दों का त्वरित समाधान संभव होता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति में उठाए गए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल करते हुए लोगों को राहत प्रदान की जाए।
वे आज शुक्रवार को विपाशा सदन मंडी में आयोजित जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में समिति के गैर सरकारी सदस्यों से प्राप्त विभिन्न मदों पर विस्तार से चर्चा की गई। राजस्व मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों पर गंभीरता से कार्य करते हुए इनके शीघ्र समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति के सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों की जन समस्याओं के हल के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण से कार्य करते हैं। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उनकी उचित समस्याएं पूरी गंभीरता से सुनें और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएं। उन्होंने कहा कि एफआरए के तहत विभिन्न मामलों का संबंधित समितियां समय पर निपटाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बल देते हुए कहा कि एफआरए से संबंधित नियमों का विभाग स्वयं भी गंभीरता से अनुपालन करें और संबंधित लोगों को भी व्यापक स्तर पर इस बारे में जागरूक करें।
बैठक में राष्ट्रीय उच्चमार्ग-03 से संबंधित मामलों पर चर्चा के दौरान राजस्व मंत्री ने मॉर्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तय समय अवधि में सभी निर्माण कार्य पूरा करें और स्थानीय लोगों को निर्माण कार्यों के दौरान आ रही समस्याओं का त्वरित व सर्वमान्य हल सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस उच्चमार्ग के मंडी से कोटली, धर्मपुर तक विभिन्न पैकेज के माध्यम से जारी कार्यों में समुचित संख्या में मशीनरी व मैन पावर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्य के दौरान सार्वजनिक या निजी संपत्ति को हुए नुकसान पर नियमानुसार क्षतिपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने धर्मपुर के लुधियाना गांव में एचटी लाईनों के उचित रखरखाव के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भडयाल गांव के समीप मोक्षधाम के निर्माण के लिए भी एनएचएआई को निर्देश दिए गए।
उन्होंने माणी से अनुसूचित जाति बस्ती शेगली तक सड़क मार्ग को 31 मार्च तक खोलने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए। जलशक्ति विभाग को खडैंद से मशेरण तक जल जीवन मिशन के तहत सिंचाई योजना पाइप का कार्य तथा पेयजल योजना कार्य को एक माह में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को मंडी के गांधी चौक बाजार में स्कूल समय के दौरान प्रातः व दोपहर को यातायात नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती, नेरचौक में बसों से सवारियां उतारने व चढ़ाने के लिए स्थान चिह्नित करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त विभिन्न सड़कों व पुलों के ऊपर से गुजरने वाले मालवाहक वाहनों की लोडिंग क्षमता समय-समय पर चेक करने के निर्देश संबंधित विभागों व स्थानीय प्रशासन को दिए।
बैठक में पौड़ाकोठी स्कूल भवन निर्माण, खड़ैनद से मशैरण तक जल जीवन मिशन के तहत सिंचाई योजना का कार्य पूरा करने, कन्सा से नलसर सड़क को सुधारने, उपमंडल पधर का राजस्व रिकॉर्ड रूम जोगिन्द्रनगर से पधर स्थानांतरित करने तथा सामुदायिक केंद्र भवन में ईसीजी और अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध करवाने सहित अन्य मदों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
धर्मपुर से विधायक चंद्रशेखर ने राजस्व मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज की इस बैठक में सौ से अधिक मामलों पर सार्थक चर्चा की गई। यह जनता के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और दायित्व निर्वहन के प्रति समर्पण को भी रेखांकित करता है। उन्होंने बैठक में आए सभी गैर सरकारी सदस्यों का जन समस्याओं के समाधान में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से बैठक में प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर इनके निराकरण का आग्रह किया।
पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, एचपीएमसी निदेशक मंडल सदस्य जोगेंद्र गुलेरिया व जगदीश रेड्डी ने भी बैठक के दौरान अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त निर्देश की समयबद्ध अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने बैठक की कार्रवाई का संचालन किया।
बैठक में विधायक धर्मपुर चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, जगदीश रेड्डी, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, एडीएम डॉ. मदन कुमार, नगर निगम के आयुक्त रोहित ठाकुर सहित समिति के सरकारी और गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।