होली उत्सव में दिख रही हमीरपुर की लोक संस्कृति की शानदार झलक
कवि सम्मेलन, भजन गायन, लोकनृत्य और लोक गाथाओं की प्रस्तुतियों के लिए बनाया गया है अलग मंच

सुजानपुर 03 मार्च। राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 में इस बार सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली कलाकारों की प्रस्तुतियों के अलावा दिन में भी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जिला हमीरपुर की लोक संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिल रही है।
होली उत्सव आयोजन समिति ने पहली बार प्रदर्शनी स्टॉलों के बीच में विशेष रूप से एक अलग स्टेज बनाया है, जहां प्रतिदिन कई सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी मंच पर उत्सव के पहले दिन एक मार्च को कवि सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें जिले भर के कवियों ने हिंदी और पहाड़ी मंे अपनी शानदार रचनाएं प्रस्तुत कीं।
सांस्कृतिक गतिविधियों के संयोजक जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल ने उत्सव के पहले दिन इसी मंच पर एकतारा, करताल और पारंपरिक छोटी डफली (डौरू) के साथ भजनों एवं दोहों का गायन करने वाली मंडलियों को भी अवसर प्रदान किया गया। जिला हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिला के निचले क्षेत्रों की यह प्राचीन भजन गायन परंपरा अब लुप्त होने की कगार पर है। लेकिन, होली के मंच पर भजन गायन की इस शैली को देखकर लोग काफी प्रभावित हुए। प्रदर्शनी स्टॉलों के परिसर में ही चित्रकला प्रतियोगिता भी करवाई गई।
होली उत्सव के दूसरे दिन लोकनृत्य प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें कुसुम कला मंच ने पहला, डिग्री कालेज सुजानपुर के दल ने दूसरा और शुभम कला मंच ने तीसरा स्थान हासिल किया। इन दलों को स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने पुरस्कार वितरित किए। आयोजन समिति ने प्रथम रहे सांस्कृतिक दल को ग्यारह हजार रुपये, द्वितीय को 5100 रुपये और तृतीय दल को 3100 रुपये के नकद पुरस्कार का प्रावधान किया है। इस प्रतियोगिता के साथ ही सामूहिक लोकनृत्य झमाकड़ा भी करवाया गया, जिसमें जिले भर की सैकड़ों महिलाओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
होली उत्सव के तीसरे दिन तीन मार्च को जिला हमीरपुर की पारंपरिक गूग्गा गाथा का गायन और लोक नाट्य धाहजा की प्रस्तुतियां की गईं। जिला के विभिन्न लोक सांस्कृतिक दलों ने ये प्रस्तुतियां दीं।

==========================================

आरसेटी ने 30 लोगों को सिखाई मशरूम की खेती

हमीरपुर 03 मार्च। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की ओर से आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 2 मार्च को संपन्न हो गया। इस शिविर में 30 लोगों ने मशरूम की खेती का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन अवसर पर आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर शिविर के मूल्यांकनकर्ता सोमदत्त शर्मा और देवी लाल, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, फैकल्टी मैंबर संजय हरनोट, ट्रेनर विद्यासागर और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

=================================
जिला परिषद के दो वार्डों के परिसीमन पर आपत्तियां या सुझाव आमंत्रित

हमीरपुर 03 मार्च। जिला परिषद हमीरपुर के वार्डों के परिसीमन के प्रारूप में आंशिक संशोधन किया गया है। पूर्व में जारी इस प्रारूप में जिला परिषद के वार्ड नंबर-6 ताल का विभाजन कर चमनेड़ के नाम से नए वार्ड नंबर-7 का सृजन किया गया है। इससे अब परिषद के वार्डों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि 2 मार्च को प्रकाशित इन दोनों वार्डों के संशोधित प्रारूप पर दो दिन के भीतर संबंधित खंड विकास अधिकारी के माध्यम से आपत्तियां या सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।

=========================================

*राज्य एससी आयोग का 5 मार्च का जन-जागरूकता शिविर स्थगित, जल्द होगी नई तिथि की घोषणा*

ऊना, 3 मार्च. हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग का 5 मार्च को ऊना ज़िले के समूरकलां में प्रस्तावित विशाल जन-जागरूकता शिविर अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है। आयोग के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि यह शिविर पूर्व निर्धारित स्थान समूरकलां में ही अब नई तिथि पर आयोजित किया जाएगा। नई तिथि की घोषणा शीघ्र की जाएगी।

===============================================

आईटीआई ऊना में अप्रेंटिसशिप मेला 9 मार्च को *
ऊना, 03 मार्च। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई)ऊना में युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के सुनहरे अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 09 मार्च को अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में अप्रेंटिसशिप प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
आईटीआई ऊना के प्रधानाचार्य अंशुल भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अप्रेंटिसशिप मेले में विभिन्न नामी कंपनियां भाग लेंगी, जिनमें सुखजीत एग्रो इंडस्ट्रीज, प्रीतिका ऑटो इंडस्ट्रीज, जीएनए एक्सल्स लिमिटेड, रालसन इंडिया, कौशल रोलर फ्लोर मिल और इंटरनेशनल कार्ड एंड मोटर्स लिमिटेड शामिल हैं। इन कंपनियों द्वारा कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में फिटर, टर्नर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, मशीनिस्ट, टूल एंड डाई मेकर, मैकेनिक ट्रेक्टर, डीजल मैकेनिक, मैकेनिक मोटर व्हीकल, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक्स, कोपा, कारपेंटर, ऑटो इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर ट्रेडों से कोर्स पूर्ण कर चुके सभी पुरुष व महिला अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप एक्ट के प्रावधानों के अनुसार वृतिका देय होगी।

अंशुल भारद्वाज ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों सहित निर्धारित तिथि को उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।

===============================================

सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर के 100 पदों के लिए साक्षात्कार 6 व 7 मार्च को ऊना और अम्ब में *

ऊना, 3 मार्च। सिस इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर द्वारा पुरुष वर्ग में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइज़र के 100 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 6 मार्च को सुबह 10.30 बजे ज़िला रोजगार कार्यालय ऊना और 7 मार्च को उप रोजगार कार्यालय अंब में आयोजित किया जा रहा है।
जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण व अनुत्तीर्ण, न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर, आयु सीमा 19 से 40 वर्ष और वेतन 17,500 से 23 हजार रूपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि एक महीने की ट्रेनिंग के उपरांत अभ्यर्थियों की नियुक्ति एटीएम, अस्पतालों, औद्योगिक क्षेत्र, मॉल सहित अन्य संस्थानों में की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। प्रमाण पत्र मूल रूप से प्रस्तुत करना होगा। अधिक जानकारी के लिए 83518-90071 पर सम्पर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नही होगा।
============================================

जिला रोजगार कार्यालय ऊना में साक्षात्कार 7 मार्च को
*प्रीतिका ऑटो इंडस्ट्रीज और इनॉउ सोर्स प्राइवेट लिमिटेड में भरे जाएँगे विभिन्न पद *

ऊना, 3 मार्च। जिला रोजगार कार्यालय ऊना में 7 मार्च (शनिवार) को प्रातः 10:30 बजे कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। इस साक्षात्कार में प्रीतिका ऑटो इंडस्ट्रीज और इनॉउ सोर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनीज शामिल होगीं।

जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रीतिका ऑटो इंडस्ट्रीज में हाई प्रेशर मोल्डिंग मशीन ऑपरेटर के 3 पद भरें जाएँगे। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता आईटीआई, 1-2 वर्ष अनुभव, आयु 20-35 वर्ष, इलेक्ट्रीशियन के 5 पदों के लिए आईटीआई, 2-3 वर्ष अनुभव, आयु 20-35 वर्ष, फिटर के 7 पदों हेतु आईटीआई, 2-3 वर्ष अनुभव, आयु 20-35, सीएनसी ऑपरेटर के पदों के लिए 12वीं/आईटीआई, 1-3 वर्ष अनुभव, आयु 20-35 वर्ष, हेल्पर के 20 पदों के लिए 10वीं, 1-2 वर्ष अनुभव, आयु 18-35 वर्ष, बारिमैन के 3 पदों के लिए 5वीं, 1-2 वर्ष अनुभव, आयु 18-35 वर्ष, पाउरर के 3 पदों के लिए 5वीं, 1-2 वर्ष अनुभव, आयु 18-35 वर्ष और स्पेक्ट्रो मीटर ऑपरेटर के 2 पदों के लिए आईटीआई कोपा/डीसीए/12वीं नॉन-मेडिकल, 1-2 वर्ष अनुभव, आयु 20-35 वर्ष होना अनिवार्य है।

इसके साथ ही, इनॉउ सोर्स प्राइवेट लिमिटेड में सेल्स एग्जीक्यूटिव (एसबीआई क्रेडिट कार्ड) के पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं/स्नातक, फ्रेशर और आयु 22-32 वर्ष निर्धारित की गई है।

अक्षय शर्मा ने इच्छुक पात्र अभ्यर्थी से अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जन्म तिथि प्रमाण, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, मूल प्रमाण पत्रों तथा बायोडाटा सहित निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित होने का आग्रह किया है।

उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी प्रीतिका ऑटो इंडस्ट्रीज के मो. 79868-08108 तथा इनॉउ सोर्स प्राइवेट लिमिटेड के मो. 95010-68369 पर संपर्क कर सकते हैं।इसके अलावा साक्षात्कार में आने-जाने हेतु किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।=================================

सोलन-दिनांक 03.03.2026

कण्डाघाट में उप अग्निशमन केन्द्र के लिए भवन अथवा आवास की आवश्यकता

हिमाचल प्रदेश सरकार की अधिसूचना के अनुसार गृह रक्षा 11वीं वाहिनी सोलन के अंतर्गत ज़िला के कण्डाघाट में उप अग्निशमन केन्द्र के लिए भवन अथवा आवास किराए पर लिया जाना है। यह जानकारी आदेशक गृह रक्षक, 11वीं वाहिनी सोलन संतोष कुमार शर्मा ने दी।
संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि इस उप अग्निशमन केन्द्र के लिए कुल आवश्यक क्षेत्र पर लगभग 690 वर्ग फुट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति अपने भवन का पूर्ण विवरण इत्यादि की जानकारी 10 मार्च, 2026 तक आदेशक गृह रक्षक 11वीं वाहिनी को उपलब्ध करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी कार्यालय आदेशक गृह रक्षा 11वीं वाहिनी के दूरभाष नम्बर 01792-223845 पर प्राप्त की जा सकती है।

=====================================

6 मार्च को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में दिव्यांगजनों का होगा चिकित्सा परीक्षण
बिलासपुर, 3 मार्चः जिला बिलासपुर में दिव्यांगजन को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आगामी 6 मार्च (शुक्रवार) को शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर आयोजन के दृष्टिगत मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. शशि दत्त शर्मा ने जिला मेडिकल डिसएबिलिटी बोर्ड का गठन किया है।
इस सम्बन्ध में आदेश जारी करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस बोर्ड में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं अधिकारियों को नामित किया गया है, जिनमें शिशु रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ, मनोरोग विशेषज्ञ तथा क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि यह शिविर 6 मार्च को प्रातः 10 बजे से अंतिम लाभार्थी के परीक्षण तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षण का स्थान कक्ष संख्या-203, न्यू ओपीडी कॉम्प्लेक्स, क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रहेगा। उन्होंने सभी संबंधित लाभार्थियों से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित तिथि व समयानुसार शिविर में शामिल होने का आहवान किया है।

=======================================

7 अप्रैल को पुलिस मैदान में आयोजित होगा रेडक्रॉस मेला
धर्मशाला, 03 मार्च: सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी ओम प्रकाश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया है कि विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 7 अप्रैल को रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा पुलिस मैदान धर्मशाला में प्रातः 10 बजे से लेकर सायं 6 बजे तक रेडक्रॉस मेला आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस मेले में विभिन्न प्रकार के मनोरंजन, खाने-पीने, महिला मण्डलों द्वारा निर्मित खाद्य पदार्थ के स्टाल तथा प्रदर्शनीयों के स्टॉल लगाये जायेगें। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस मेला में स्टॉल लगाने के इच्छुक व्यक्ति 2 अप्रैल तक रेडक्रॉस सोसायटी धर्मशाला के कार्यालय में स्टॉल लगाने के लिए सम्पर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त इस अवसर पर सोसायटी द्वारा स्मारिका का प्रकाशन भी किया जा रहा है। इच्छुक व्यक्ति स्मारिका में प्रकाशन के लिए अपना सहयोग देना चाहते हैं, वे भी रेडक्रॉस कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नम्बर 01892-224888 या मोबाईल नम्बर 94188-32244 पर भी संपर्क किया जा सकता है।