जिला बिलासपुर में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 22 नए गांव चयनित: उपायुक्त
पुराने चयनित 25 गांवों में से 21 के विकास कार्य शत प्रतिशत पूर्ण, शेष गांवों के कार्य जल्द पूर्ण होंगे
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत गठित जिला स्तरीय अभिसरण समिति की बैठक आयोजित
बिलासपुर, 27 फरवरी: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज बचत भवन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय अभिसरण समिति की त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर योजना की प्रगति की समीक्षा की और आगामी कार्य योजना पर चर्चा की।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत अब जिला की 22 ग्राम पंचायतों के 22 नए गावों को चयनित किया गया है। इन चयनित गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विभिन्न घटकों के अंतर्गत विकास कार्य करवाए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि सदर बिलासपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत, बेनला ब्राहमणा का गांव लुहणू कनैता, निचली भटेड का गांव बघडीं, धौण कोठी पंचायत का गांव धौण कोठी, बरमाणा पंचायत का गांव नालग, बल्ह बल्हवाणा पंचायत का गांव तरेड़ शामिल है। इसी तरह जहां उपमण्डल घुमारवीं के अंतर्गत ग्राम पंचायत लुहारवीं का गांव बरोटा, पनोह पंचायत का गांव सनौर, दाबला पंचायत का गांव दाबला तथा ग्राम पंचायत तल्याणा का गांव बेहल नवाणे, तो वहीं उपमण्डल झण्डुता के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलवाड का गांव बल्ह चलोग, ग्राम पंचायत बरठीं का गांव गुआवं, ग्राम पंचायत डाहड़ का गांव डाहड, डमली ग्राम पंचायत का गांव धराडसानी, बडगांव गलू पंचायत का गांव बडगांव, सुन्हाणी पंचायत का गांव डूहक, बैहना ब्राहम्णा पंचायत का गांव बेहना ब्राहम्णा, दाड़ी भाड़ी पंचायत का गांव रछेड़ा, बड़ोल ग्राम पंचायत का गांव पोली तथा ग्राम पंचायत बल्हसीना का गांव कथ्यूण शामिल है।

यही नहीं उपमंडल श्री नैना देवी जी के अंतर्गत ग्राम पंचायत टोबा संगवाणा का गांव नीलां, ग्राम पंचायत टाली का गांव दगडाहण तथा ग्राम पंचायत री का गांव री को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत गांवों का चयन केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अंतर्गत ऐसे गांव को चयन में प्राथमिकता प्रदान की जाती है जहां 40 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जाति की आबादी निवास करती है।
उपायुक्त राहुल ने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत पूर्व में चयनित 25 गांवों में से 21 में विभिन्न विकास कार्यों को शत प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। शेष चार गांवों में भी चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।

उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि योजना के अंतर्गत चयनित गांवों में सभी विकास कार्यों को समयबद्ध क्रियान्वित किया जाए ताकि ग्रामीणों को योजना के तहत होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लाभ सुनिश्चित हो सके।

=============================================

कहलूर लोक उत्सव के लिए इस वर्ष नहीं होगी ऑडिशन प्रक्रिया: उपायुक्त राहुल कुमार
10 मार्च तक जिला भाषा अधिकारी कार्यालय में करें आवेदन
बिलासपुर, 27 फरवरी 2026-राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला–2026 का आयोजन 17 मार्च से 23 मार्च 2026 तक भव्य रूप से किया जाएगा। इस दौरान आयोजित होने वाले कहलूर लोक उत्सव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि इस वर्ष कहलूर उत्सव के लिए किसी भी प्रकार की ऑडिशन प्रक्रिया आयोजित नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 18 मार्च से 20 मार्च 2026 तक लुहणू मैदान में प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक कहलूर लोक उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 10 मार्च 2026 तक जिला भाषा अधिकारी कार्यालय में अपना आवेदन पत्र अनिवार्य रूप से जमा करवाना होगा।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कहलूर उत्सव में भाग लेने वाले सभी दल एवं कलाकार बिलासपुरी वेश-भूषा, पारंपरिक वाद्य यंत्र तथा बिलासपुरी गायन एवं वादन से संबंधित प्रस्तुतियां ही देंगे, ताकि स्थानीय लोक संस्कृति की मौलिकता और परंपरा को सुदृढ़ रूप से मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि इस उत्सव में केवल बिलासपुर जिला के सांस्कृतिक दल, गायक, नर्तक, बजंतरी, महिला मंडल तथा स्वयं सहायता समूहों को ही भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल ने बताया कि लोकनृत्य दल में अधिकतम 12 कलाकार होना अनिवार्य रहेगा। संस्कार गीत, लोकगीत, लोककथा एवं लोकनाटक की श्रेणियों में निर्धारित नियमों के अनुसार प्रतिभागियों को प्रस्तुति का अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि धाजा प्रस्तुति के लिए 8 कलाकार तथा गुग्गा गाथा के लिए भी 8 कलाकारों की सहभागिता अनिवार्य होगी। बजंतरी दल में न्यूनतम 6 कलाकार होना आवश्यक रहेगा। उन्होंने सभी इच्छुक सांस्कृतिक दलों एवं कलाकारों से निर्धारित तिथि से पूर्व आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने का आह्वान किया है, ताकि आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाया जा सके।

========================================================

जिला में युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए बैंक योजनाओं का करें प्रचार प्रसार: उपायुक्त
बिलासपुर में डीएलआरसी बैठक में वार्षिक ऋण योजना की समीक्षा, दिसंबर 2025 तक लगभग 117 प्रतिशत लक्ष्य हासिल
बिलासपुर, 27 फरवरी: बिलासपुर जिला मुख्यालय के बचत भवन में वर्ष 2025-26 की वार्षिक ऋण योजना के अंतर्गत दिसंबर 2025 तक की उपलब्धियों एवं परिणामों की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की तथा बैठक का आयोजन जिला एवं प्रदेश के अग्रणी यूको बैंक द्वारा किया गया।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बैठक में सभी विभागों एवं बैंकों के प्रतिनिधियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं के लिए संचालित बैंक योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम जैसी योजनाएं युवाओं, महिलाओं और स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक व्यक्तियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इन योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने तथा बैंकिंग सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित रूप से शिविर आयोजित किए जाएं।
बैठक में जिले में कार्यरत सभी बैंकों द्वारा क्रियान्वित की जा रही सरकार की गरीबी उन्मूलन योजनाओं की प्रगति तथा वार्षिक ऋण योजना 2025-26 के अंतर्गत दिसंबर 2025 तक निर्धारित लक्ष्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अग्रणी जिला प्रबंधक यूको बैंक बिलासपुर चंद्रशेखर यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1 अप्रैल 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक जिला के लिए 1328.06 करोड़ रूपये के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध बैंकों ने 1551.14 करोड़ रूपए का ऋण वितरित कर लगभग 117 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।
उन्होंने बताया कि प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में 81.29 प्रतिशत तथा गैर-प्राथमिकता क्षेत्र में 445.60 प्रतिशत की दर से लक्ष्य प्राप्त किए गए हैं। कृषि क्षेत्र में 471.99 करोड़ रूपए, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों में 463.30 करोड़ रूपए तथा अन्य प्राथमिकता क्षेत्रों में 69.53 करोड़ रूपए के ऋण वितरित किए गए हैं। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत भी निरंतर प्रगति दर्ज की गई है तथा दिसंबर 2025 के अंत तक कुल 34371 किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिले के बैंक आर्थिक विकास में अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में अधिकाधिक ऋण उपलब्ध कराएंगे और लोगों के आर्थिक स्तर को सुदृढ़ करने में सहयोग देंगे। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 31 दिसंबर 2025 तक जिले का कुल बैंकिंग व्यवसाय 13076.10 करोड़ रूपये तक पहुंच गया है।
बैठक में ऋण-जमा अनुपात, जनधन से जन सुरक्षा अभियान, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने ऋण-जमा अनुपात में सुधार के लिए संभावित क्षेत्रों की पहचान कर ऋण वितरण बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक यूको बैंक चंद्रशेखर यादव, प्रबंधक आरबीआई आशीष सांगरा, शिमला, डीडीएम नाबार्ड नरेश कुमार सहित विभिन्न विभगों के अधिकारी उपस्थित रहे।

========================================================

ब हल-स्वाहन बाया लखाला सड़क मार्ग 25 मार्च तक यातायात के लिए बंद
बिलासपुर, 27 फरवरी: जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के अंतर्गत आदेश जारी करते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग मण्डल बिलासपुर के अंतर्गत बहल-स्वाहन बाया लखाला सड़क मार्ग आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए आगामी 25 मार्च तक बंद रहेंगे।
उन्होंने जारी आदेश में आगामी 25 मार्च तक इस सड़क का प्रयोग करने वाले वाहनों को किरतपुर-नेरचैर फोरलेन से मिस्सेवाल-बलोली-मंझेड़-चिकुना सडक मार्ग का उपयोग करने को कहा है।
उन्होंने जारी आदेशों में बताया कि इन सड़क मार्गों की मरम्मत कार्य के दौरान केवल एम्बुलेंस, स्कूल बसों, वीआईपी वाहनों तथा अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों की आवाजाही की अनुमति रहेगी।
=================================================

इधर-उधर कचरा फेंकने पर देना पड़ेगा भारी जुर्माना, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी शुरू
नगर परिषद बिलासपुर ने गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कर सफाई कर्मियों को देने की अपील की
बिलासपुर, 27 फरवरी: वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद बिलासपुर वर्षा चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में इधर-उधर कचरा फैंकने पर अब प्रति व्यक्ति 25 हजार से 50 हजार रुपये तक का चालान कर जुर्माना वसूल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर परिषद ने इधर-उधर कचरा फैंकने वालों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी प्रक्रिया आरम्भ कर दी है।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर की अध्यक्षता में गत दिनों विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ बिलासपुर शहर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लोगों ने नगर परिषद क्षेत्र की पहाड़ियों व नालों इत्यादि में अधिक कचरा फेंकने पर हाॅट-स्पाॅट बना दिए हैं जिससे महामारी फैलने का अंदेशा बना हुआ है तो वहीं शहर की सुन्दरता भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद बिलासपुर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लोगों को घर-घर जाकर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करने बारे जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घरों, दुकानों, संस्थानों इत्यादि से निकलने वाले गीला व सूखा कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाए अलग-अलग करके सफाई कर्मियों को ही सौंपे ताकि शहर का पर्यावरण प्रदूषित न हो और सुंदरता भी बनी रहे।
उन्होंने नगर परिषद के समस्त लोगों से शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए सहयोग की अपील की है।