चंडीगढ़,22.02.26-लघु उद्योग भारती चंडीगढ़ के अध्यक्ष अवी भसीन ने माननीय गुलाब चंद कटारिया जी को पत्र लिखकर औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान हेतु हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि हाल ही में माननीय राज्यपाल द्वारा इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 एवं फेज-2 का दौरा कर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया था तथा उद्योगों से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों को सुलझाने का आश्वासन दिया गया था, जिससे औद्योगिक जगत में आशा और विश्वास का वातावरण बना है।
अवी भसीन ने कहा कि वर्तमान में प्रशासन एक ओर उद्योगों के विकास के लिए नई नीतियों पर कार्य कर रहा है, वहीं दूसरी ओर पुराने मामलों में सीलिंग की कार्यवाही शुरू होने से उद्योगपतियों में असमंजस और चिंता की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय राज्यपाल के मार्गदर्शन में स्थिति जल्द ही सामान्य होगी और औद्योगिक क्षेत्र पुनः प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगा, जिससे रोजगार और राजस्व सृजन को भी बल मिलेगा।
उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया कि उद्योगों के हित में संतुलित एवं व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक हस्तक्षेप किया जाए।