*उपायुक्त ने की बावा भूतनाथ मंदिर में पूजा अर्चना*
मंडी, 15 फरवरी। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर उपायुक्त एवं अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी अपूर्व देवगन ने अपनी धर्मपत्नी श्वेता देवगन व गणमान्य लोगों के साथ राज देवता माधव राय के प्रांगण में पारम्परिक शिवरात्रि महायज्ञ में शामिल हुए। उन्होंने टारना स्थित मां श्यामा काली मंदिर में शीश नवाया तथा मंडी जनपद के आराध्य बड़ा देव कमरूनाग जी की पूर्जा-अर्चना की और जिलावासियों के सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। उन्होंने देवता राज माधव राय के मंदिर में पूजा अर्चना की। उपायुक्त ने बावा भूतनाथ मंदिर में भी पूर्जा अर्चना की तथा हवन यज्ञ में भी शामिल हुए। वह राज माधव मंदिर से बाबा भूतनाथ के लिए निकली लघु जलेब में शामिल हुए। पुलिस की टुकड़ी, होमगार्ड बैंड और मंडी जनपद के राज देवताओं के साथ भूतनाथ मंदिर तक लघु जलेब के माध्यम से बाबा भूतनाथ को निमंत्रण दिया।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर वीरेंद्र भट्ट एवं पार्षदगण, सर्व देवता समाज समिति के प्रधान शिव पाल शर्मा व समिति के अन्य प्रतिनिधि, अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ,अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ0 मदन कुमार, एसडीएम रूपिंदर कौर सहित अन्य अधिकारी तथा नगरवासी उपस्थित रहे।
अपूर्व देवगन ने सभी लोगों को महा शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मंडी के अंतरराष्ट्रीय मेले में पधारने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि मंडी शिवरात्रि को हम विशेष तौर से देव संस्कृति और यहां की समृद्ध परंपराओं को प्रमुखता देते हुए मना रहे हैं। 16 फरवरी से 22 फरवरी तक के इस आयोजन में देवी-देवताओं, उनसे जुड़ी पवित्र परंपराओं और समृद्ध देव संस्कृति से आम जनता को जोड़ने पर खास जोर रहेगा ।
उपायुक्त ने कहा कि हमारा प्रयास है कि देव आस्था का यह महा समागम देव संस्कृति को और मजबूती देने में सहायक हो । युवा पीढ़ी का इससे जुड़ाव और गहरा हो। इसके लिए सभी परंपराओं का पूरी श्रद्धा से निर्वहन करते हुए इनमें जनता की भागीदारी तय बनाने पर खास ध्यान दिया गया है।
==================================
अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए पांच शताब्दी पुराना मंडी नगर तैयार, उप-मुख्यमंत्री कल करेंगे शुभारंभनितिन, नेहा दीक्षित व कुलदीप शर्मा की प्रस्तुतियों से सजेगा महोत्सव का सांस्कृतिक मंच20 फरवरी को होगी अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक परेड
मंडी, 15 फरवरी। अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के लिए पांच शताब्दी पुराना मंडी नगर तैयार है। उपायुक्त एवं मेला कमेटी के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने बताया कि इस सात दिवसीय महोत्सव का विधिवत शुभारम्भ उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा 16 फरवरी, 2026 को दोपहर 3.00 बजे पड्डल मैदान में किया जाएगा। इससे पहले उप-मुख्यमंत्री श्री राज माधोराय मंदिर में पूजा-अर्चना कर महोत्सव की प्रथम जलेब में शामिल होंगे। श्री राज माधोराय जी की अगवानी में निकलने वाली इस भव्य जलेब में मंडी जनपद के लोक देवी-देवता सहित शहरवासी उत्साह एवं उल्लास के साथ भाग लेते हैं।
उन्होंने बताया कि उप-मुख्यमंत्री सेरी मंच पर आयोजित प्रथम सांस्कृतिक संध्या में शामिल होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस बार का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक परेड रहेगी, जिसमें फ्रांस, अमेरिका, नाइजीरिया, तंजानिया, ताजिकिस्तान, श्रीलंका सहित अन्य देशों के दलों के साथ उत्तर भारत, हिमाचल तथा जिला मंडी के कलाकार भाग लेंगे।
अपूर्व देवगन ने बताया कि 16 फरवरी को पहली सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल फेम नितिन, नेहा दीक्षित तथा नाटी किंग कुलदीप शर्मा प्रस्तुति देंगे। 17 फरवरी को दूसरी सांस्कृतिक संध्या में काकू राम ठाकुर और सुनील राणा दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। 18 फरवरी को तीसरी सांस्कृतिक संध्या में माउंट फैशन शो, इन्द्रजीत पॉल, बॉलीवुड पार्श्व गायक अरविंद राजपूत तथा अंतरराष्ट्रीय दल प्रस्तुति देंगे। 19 फरवरी को चौथी सांस्कृतिक संध्या में ममता भारद्वाज, अरुण-अनुशीला जुगनी, कुमार साहिल तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय दलों की प्रस्तुतियां होंगी। 20 फरवरी को पांचवी सांस्कृतिक संध्या के दौरान अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक परेड के साथ गीता भारद्वाज, कुशांत भारद्वाज और अन्य दल प्रस्तुति देंगे। 21 फरवरी को अंतिम सांस्कृतिक संध्या में वॉयस ऑफ शिवरात्रि फाइनल, हार्मनी ऑफ पाइंस, इन्द्रजीत सिंह तथा अंतरराष्ट्रीय दलों की प्रस्तुतियां आयोजित होंगी।
उपायुक्त ने कहा कि यह महोत्सव मंडी की समृद्ध देव संस्कृति, लोक परंपरा और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा। उन्होंने सभी लोगों से कार्यक्रमों में पारंपरिक वेश-भूषा में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।
==================================
मंडी की विरासत को करीब से जानने का अवसर बनी हेरिटेज वॉक
मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया, प्रतिभागियों ने प्रशासन की शानदार पहल सराही
मंडी, 15 फरवरी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर जिला प्रशासन की पहल हेरिटेज वॉक का शुभारंभ शिवरात्रि के दिन सेरी मंच से किया गया। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नवीन कुमार ने पहले दल के प्रतिभागियों का स्वागत कर हरी झंडी दिखाकर वॉक को रवाना किया। पहले दिन के प्रथम सत्र में 17 प्रतिभागियों ने भाग लिया और मंडी की ऐतिहासिक व धार्मिक धरोहरों को करीब से जाना।
सेरी मंच से आरंभ हुई वॉक माधो राय मंदिर, बाबा भूतनाथ मंदिर, पंचवक्त्र मंदिर, हनुमानघाट, खुहारानी मंदिर, अर्धनारीश्वर मंदिर, त्रिलोकीनाथ मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर, टारना देवी, बरसील्ले और गणपति मंदिर होते हुए घंटाघर तथा इंदिरा मार्केट स्थित सिद्धकाली मंदिर तक पहुंची। गाइड सत्य महेश शर्मा ने प्रतिभागियों को मंदिर स्थापत्य, रियासती इतिहास, धार्मिक परंपराओं और मंडी की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। प्रतिभागियों ने इस पहल को ज्ञानवर्धक और रोचक अनुभव बताया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि हेरिटेज वॉक दो सत्रों में आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों में इसे लेकर काफी उत्साह है और 17 फरवरी तक होने वाले चारों सत्रों के लिए पंजीकरण पूर्ण हो चुका है। अब केवल 18 और 20 फरवरी को आयोजित सत्रों के लिए ही पंजीकरण उपलब्ध है।
पहले दल में पुष्प कश्यप, रूप लाल नेगी, रोमिता शर्मा, पारुल अरोड़ा, हेमेश्वर कपूर, शिकाम्बरी वर्मा, अर्जुन राणा, अमन ठाकुर, ओम प्रकाश विष्ट, रमेश ठाकुर, निर्मला ठाकुर, अनिता ठाकुर, विद्या शर्मा, कृष्णा ठाकुर, रजनी बाजपेई और प्रीति शर्मा शामिल रहे।