जिला ऊना में 190 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित
ऊना, 4 फरवरी। जिला पंचायत अधिकारी ऊना, श्रवण कुमार ने जानकारी दी कि राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश ने ग्राम पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली है। उन्होंने बताया कि ऊना जिला की 190 ग्राम पंचायतों की निर्वाचक नियमावलियों का प्रकाशन भी 3 फरवरी को कर दिया गया है। जबकि ऊना जिला की 37 ग्राम पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्रों में विभाजन/पुर्नगठन/सृजन को लेकर भेजे गए प्रस्ताव की सूचना अभी पंचायती राज विभाग से अपेक्षित है। इनमें हरोली विकासखंड के तहत ग्राम पंचायत बीटन, नंगल खुर्द, ललड़ी, ईसपुर, बाथू, पोलियांबीत और दुलैहड़ शामिल है। विकास खंड अंब की ग्राम पंचायत कटोहड़ कलां, कलरूही, हम्बोली, नेहरी नौरंगा, चौआर, भटेड़, दियाड़ा और बेहड़ जस्वां सम्मिलित है। विकास खंड बंगाणा के तहत ग्राम पंचायत धुंधला, मोमन्यार, थानाकलां, जोल, धनेत, रायपुर, टीहरा, डीहर, चौकीखास अज्ञैर मंदली शामिल है। विकासखंड गगरेट के तहत ग्राम पंचायत दियाली, अंबोटा और भंजाल लोअर तथा विकास खंड ऊना के तहत ग्राम पंचायत जनकौर, नंगल सलांगड़ी, चताड़ा, बसाल अप्पर, समूरकलां, बरनोह, टक्का, वनगढ़ तथा बहडाला शामिल है।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत पंडोगा के विभाजन, ग्राम पंचायत धुंधला व धतोल के पुनर्गठन तथा ग्राम पंचायत हटली केसरू के गांव रिटसतरूखा को नगर पंचायत बंगाणा में सम्मिलित किया गया है। इसलिए वर्तमान में ऊना जिला की कुल 41 ग्राम पंचायतों को छोड़कर शेष 190 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों की सत्यापित प्रतियां आम नागरिकों के अवलोकन हेतु संबंधित ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों, जिला परिषद ऊना के कार्यालय तथा जिला निर्वाचन कार्यालय ऊना में कार्यालय समय के दौरान निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी।
======================================
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थी 15 फरवरी तक अनिवार्य रूप से करवाएं ई-केवाईसी सत्यापन – आवास पंडित
ऊना, 4 फरवरी। प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को पेंशन राशि समय पर, पारदर्शी एवं सीधे उनके बैंक अथवा डाकघर खातों में उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा ऑनलाइन माध्यम से ई-केवाईसी सत्यापन की व्यवस्था लागू की गई है। इस प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए विभाग द्वारा एक मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है।
जिला कल्याण अधिकारी ऊना, आवास पंडित ने जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया है, उनकी पेंशन अस्थायी रूप से रोक दी गई है। उन्होंने ऐसे सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वे 15 फरवरी 2026 तक अपना ई-केवाईसी सत्यापन अवश्य करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि तक ई-केवाईसी सत्यापन न करवाने की स्थिति में संबंधित लाभार्थी को पेंशन के लिए अपात्र माना जा सकता है तथा पेंशन स्थायी रूप से बंद की जा सकती है। इसके अतिरिक्त, यदि किसी असहाय पेंशनभोगी का आधार कार्ड किसी कारणवश नहीं बना है अथवा उसमें संशोधन अथवा अद्यतन की आवश्यकता है, तो वह संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकता है।
जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि ई-केवाईसी सत्यापन से संबंधित जानकारी अथवा किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए लाभार्थी अपने नजदीकी जिला कल्याण अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, बाल विकास परियोजना पर्यवेक्षक अथवा संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं।