दूध उत्पादन की क्षमता के आधार पर करें त्वरित प्रबंध : गंधर्वा राठौड़
उपायुक्त ने की दुग्ध सहकारी सभाओं के गठन की प्रगति की समीक्षा

हमीरपुर 04 फरवरी। दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा दूध की खरीद एवं एकत्रीकरण के लिए एक सुनियोजित चेन विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार ने जिला हमीरपुर में भी हर पंचायत में कम से कम एक दुग्ध सहकारी सभा बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बुधवार को पशुपालन विभाग, सहकारिता विभाग, मिल्क फैडरेशन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके मिल्क सोसाइटियों के गठन की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि जिला में अभी तक 42 मिल्क सोसाइटियों का गठन कर लिया गया है और सहकारिता विभाग ने इनमें से अधिकांश सोसाइटियों का ऑनलाइन पंजीकरण भी कर लिया है। उपायुक्त ने पशुपालन विभाग और मिल्क फैडरेशन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सोसाइटियों के गठन के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रों में दूध के उत्पादन की क्षमता का भी आकलन करें और अधिक उत्पादन की संभावनाओं वाले क्षेत्रों में दूध के एकत्रीकरण एवं परिवहन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करें, ताकि इन सोसाइटियों को कार्यशील बनाया जा सके। पशुपालकों से एकत्रित दूध को जलाड़ी के चिलिंग प्लांट में या जिला कांगड़ा के ढगवार के प्लांट में भेजने के लिए अगर अतिरिक्त प्रबंधों की आवश्यकता है तो इनके बारे में भी तुरंत अवगत करवाएं। सोसाइटियों को टैस्टिंग किट्स प्रदान करने, चिलिंग प्लांट में अतिरिक्त मशीनरी और वाहनों इत्यादि की व्यवस्था के बारे में विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवाएं। इनके लिए स्थानीय स्तर पर भी संसाधन जुटाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से घोषित किए दूध के दाम और दूध के एकत्रीकरण की प्रक्रिया के बारे में पशुपालकों को जागरुक करना भी बहुत जरूरी है।

उपायुक्त ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों से कहा कि नई सोसाइटियों का गठन होते ही उनका तुरंत ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें।

बैठक में पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. सतीश कपूर ने दुग्ध सहकारी सभाओं के गठन की ताजा स्थिति की जानकारी दी।
-----
सड़कों पर भटक रहे बेसहारा पशुओं को गौसदनों तक पहुंचाएं
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने एक अन्य बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला में बेसहारा पशुओं की समस्या के बारे में विभागीय अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे पर भटक रहे बेसहारा पशुओं को तुरंत हटाने के लिए उच्चतम न्यायालय ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला हमीरपुर में भी इन दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए पशुपालन विभाग, लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे अथॉरिटी, परिवहन विभाग, शहरी निकाय और पंचायतीराज संस्थाएं अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक कदम उठाएं। अगर कहीं पर बेसहारा पशु मिलता है तो उसे तुरंत नजदीकी गौसदन या गौ सेंक्चुरी में भेजने की व्यवस्था करें।
उपायुक्त ने बताया कि इस समय जिला में कुल 28 गौसदन एवं गौ सेंक्चुरी संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें लगभग 2293 पशुओं को रखने की क्षमता है। अभी इनमें लगभग 2286 पशु हैं। इनमें और पशुओं को रखने के लिए अतिरिक्त प्रबंध किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बेसहारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए उपमंडल स्तर पर भी समितियों का गठन किया जाएगा।
बैठक में पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. सतीश कपूर ने बताया कि जिला में हाईवे पर बेसहारा पशुओं के संभावित स्थानों को चिह्नित किया गया है और इन स्थानों से पशुओं को हटाकर गौसदनों में पहुंचाया जा रहा है। इस अवसर पर नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखें।

===========================================

20 तक बंद रहेगी टौणी देवी-उहल सड़क
हमीरपुर 04 फरवरी। उपमंडल हमीरपुर के अंतर्गत टौणी देवी-उहल सड़क के मरम्मत कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात 20 फरवरी तक बंद किया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि टौणी देवी-उहल सड़क के मरम्मत कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 20 फरवरी तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक कसीरी महादेव-चौरी-उहल सड़क या कसीरी महादेव-पुंघ-छतरुड़ू सड़क या बराड़ा से पटनौण, बाकर खड्ड, परनाली, उहल सड़क को वैकल्पिक रूट के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।

===============================

15 फरवरी तक ई-केवाईसी नहीं करवाई तो बंद हो जाएगी पेंशन
हमीरपुर 04 फरवरी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन ले रहे लोगों को अपनी ई-केवाईसी करवाने के लिए एक और अवसर प्रदान किया गया है। विभाग ने अब ई-केवाईसी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 फरवरी कर दी है।
जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन (ई-केवाईसी) पिछले वर्ष जुलाई में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से आरंभ किया गया था और इसकी अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई थी। इस दौरान ई-केवाईसी न करवाने वाले लाभार्थियों की पेंशन पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी गई है और उन्हें ई-केवाईसी करवाने के लिए 15 फरवरी तक का समय दिया गया है।
जिला कल्याण अधिकारी ने ई-केवाईसी न करवाने वाले लाभार्थियों से 15 फरवरी तक नजदीकी आगंनवाड़ी केंद्र या संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय में सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित अपनी ई-केवाईसी करवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अगर 15 फरवरी तक भी कोई लाभार्थी अपनी ई-केवाईसी नहीं करवाता है तो उसे अपात्र माना जाएगा और उसकी पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। चमन लाल शर्मा ने बताया कि अगर किसी असहाय पेंशन भोगी का आधार कार्ड किन्हीं कारणों से नहीं बना है या उसे अपडेट करने की आवश्यकता है, तो वह इसे अपडेट करवाने के लिए संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकता है।

=================================

हमीरपुर के 4 नगर एवं शहरी निकायों की मतदाता सूचियां प्रकाशित

हमीरपुर 04 फरवरी। नगर निगम हमीरपुर के सभी 15 वार्डों, नगर परिषद सुजानपुर के सभी 9 वार्डों, नगर पंचायत भोटा और नगर पंचायत भोरंज के सभी 7-7 वार्डों की मतदाता सूचियां अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी गई हैं।
संबंधित एसडीएम एवं इन निकायों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन की सूचना फार्म-17 पर जारी कर दी है।

=====================================================
ऑटो एंड पॉवर कंपनी में 100 पदों के लिए साक्षात्कार 9 को

हमीरपुर 04 फरवरी। बद्दी की प्रसिद्ध कंपनी ईस्टमैन ऑटो एंड पॉवर लिमिटेड की प्रोडक्शन, मैंटेनेंस और क्वालिटी कंट्रोल विंग में ट्रेनी के 100 पदों को भरने के लिए 9 फरवरी को सुबह साढे दस बजे जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए दसवीं फेल, दसवीं पास, बारहवीं पास, स्नातक और इलेक्ट्रिशियन एवं फीटर ट्रेडों के आईटीआई डिप्लोमाधारक युवा पात्र होंगे। इनकी आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 या कंपनी के मोबाइल नंबर 88947-18867 पर संपर्क किया जा सकता है।