व्यवस्थाओं का जायजा लेने मंत्री राजेश धर्माणी निरंतर पंहुच रहे खेल मैदान, बच्चों से कर रहे है संवाद
घुमारवीं (बिलासपुर) 03 फरवरी: घुमारवीं स्थित पीएम श्री राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के परिसर में 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की अंडर-19 छात्रा हैंडबाॅल राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देश भर से विभिन्न राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों तथा शैक्षणिक संगठनों की 30 टीमें भाग ले रही हैं।
इस बीच विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए स्थानीय विधायक एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी समय-समय पर खेल मैदान पंहुच कर खिलाडियों से निरंतर संवाद स्थापित कर रहे हैं। इस दौरान जहां खिलाडियों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी हासिल कर रहे है तो वहीं मैस में पंहुचकर खिलाडियों के साथ बैठकर भोजन भी कर रहे है।
इस मौके पर बोलते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि बिलासपुर जिला के घुमारवीं में पहली बार किसी राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना महज एक शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने पर भी ध्यान केन्द्रित किया जाएगा। घुमारवीं में खेल अधोसंरचना को मज़बूती प्रदान करने के लिए कार्य किया जा रहा है तथा यहां जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर का हैंडबाॅल इंडोर स्टेडियम बनकर तैयार हो जाएगा।
राजेश धर्माणी ने कहा कि ऐसे आयोजनों के दौरान आवास की समस्या के सथाई समाधान के लिए औहर में 200 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन परिसर स्थापित किया जा रहा है जिसमें एक साथ 200 कमरों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस परिसर के विकसित हो जाने से बडे़ खेल आयोजनों एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए हमारी क्षमता में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र में ऐसे बडे़ खेल आयोजनों के भविष्य में बहुआयामी परिणाम देखने को मिलेंगे। इससे न केवल खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि खेल पर्यटन को भी बल मिलेगा। ऐसे बडे़ आयोजनों से बाहरी राज्यों से आने वाले लोग एवं खिलाडी प्रदेश की लोक कला एवं संस्कृति, वातावरण, स्थानीय व्यंजनों का आनन्द लेने के साथ-साथ लोगों से भी संवाद स्थापित करते है। साथ ही देश एक सूत्र में बंधता है, आपसी मेल-जोल को बढावा मिलने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना भी मज़बूत होती है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमारी पीढ़ी को सशक्त बनाने तथा उनका चंहुमुखी विकास सुनिश्चित बनाना जहां सरकार और समाज का दायित्व है तो वहीं बच्चे भी खेलों के प्रति रुचि दिखाते हुए स्वयं को नशे जैसी सामाजिक कुरितियों से दूर रखें। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से न केवल व्यक्ति का शारीरिक व मानसिक विकास होता है बल्कि जीवन में सकारात्मकता का भाव भी जागृत होता है।
=========================================
राष्ट्रीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले, प्री-क्वार्टर फाइनल में कई टीमों ने बनाई जगह
घुमारवीं (बिलासपुर), 3 फरवरी: 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, घुमारवीं के खेल मैदान में प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेले गए मुकाबले अत्यंत रोमांचक, प्रतिस्पर्धात्मक एवं दर्शकों से भरपूर रहे। खेल मैदान में खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों के उत्साह ने पूरे वातावरण को ऊर्जावान बना दिया।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने सभी टीमों के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को हिमाचली टोपी और हुडीज से सम्मानित किया। देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने “विविधता में एकता” का सुंदर संदेश देते हुए हिमाचली संगीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में दिल्ली ने केरल को 20-08 से हराकर प्रभावशाली शुरुआत की। गुजरात ने तेलंगाना को 23-04 से पराजित करते हुए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। साथ ही तमिलनाडु ने उत्तराखंड को 26-03 से शिकस्त दी, जबकि बिहार ने आंध्र प्रदेश को 14-04 से हराकर अगले दौर की ओर कदम बढ़ाया।
एक अन्य मुकाबले में सीबीएसई ने चंडीगढ़ को 17-08 से मात दी। असम ने झारखंड को 15-03 से हराया, जबकि सीआईएससीई ने डीएवी को 09-05 से पराजित किया। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जो अंततः अनिर्णित समाप्त हुआ।
इन सभी मैचों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तालमेल, तेज आक्रमण और मजबूत रक्षा पंक्ति का परिचय देते हुए उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन किया। दर्शकों को लगातार रोमांचक पल देखने को मिले, जिससे प्रतियोगिता का आकर्षण और बढ़ गया।
तीसरे दिन के मुकाबलों के बाद प्रतियोगिता प्री-क्वार्टर फाइनल चरण में प्रवेश कर गई है। इस दौर के एक रोमांचक मुकाबले में पंजाब ने उत्तर प्रदेश को 24-11 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं दिल्ली ने पश्चिम बंगाल को कड़े मुकाबले में 18-15 से पराजित कर अगले चरण में स्थान पक्का किया।
शाम को खेले गए अन्य प्री-क्वार्टर फाइनल मैचों में राजस्थान ने आईसीएसई को 26-00 से हराया, जबकि गुजरात ने नवोदय विद्यालय समिति को 29-11 से पराजित कर शानदार प्रदर्शन किया। अब अगले चरण में विभिन्न पूलों की शीर्ष टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।